राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की वर्ष 2021 की पटवारी भर्ती परीक्षा में डमी अभ्यर्थी बैठाकर सरकारी नौकरी हासिल करने के मामले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक चयनित पटवारी को गिरफ्तार किया है. आरोपी ने खुद परीक्षा देने के बजाय दूसरे युवक से परीक्षा दिलवाई, और इसके लिए कथित तौर पर 5 लाख रुपये की डील की थी.
डमी अभ्यर्थी को परीक्षा में बैठाया
एसओजी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी दिनेश कुमार विश्नोई 23 अक्टूबर 2021 को उदयपुर स्थित परीक्षा केंद्र पर अपने स्थान पर डमी अभ्यर्थी को परीक्षा में बैठाया. आरोप है कि प्रवेश पत्र पर डमी अभ्यर्थी का फोटो लगाकर और फर्जी हस्ताक्षर कर परीक्षा दिलाई गई. परीक्षा में सफल होने के बाद उसकी नियुक्ति सिरोही जिले के रेवदर क्षेत्र के मगरीवाड़ा पटवार हल्के में पटवारी के पद पर हो गई. निदेश जालौर जिले के संचौर के भादरूणा का रहने वाला है.
शिकायत के बाद खुला राज
एसओजी को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर वर्ष 2024 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई. जांच में दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की भूमिका सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. परीक्षा के करीब 5 वर्ष बाद यह कार्रवाई हुई है.
5 लाख की डील हुई थी
जांच में सामने आया कि आरोपी ने बिचौलिए चौथाराम विश्नोई के माध्यम से करड़ा के मीरपुरा निवासी विक्रम विश्नोई से संपर्क किया था. कथित तौर पर 5 लाख रुपये में डमी अभ्यर्थी से परीक्षा दिलाने का सौदा तय हुआ था.
पहले ही हो चुका था निलंबित
मामले में नाम सामने आने के बाद करीब 9 महीने पहले दिनेश विश्नोई को निलंबित कर दिया गया था. उस समय उसका मुख्यालय पिंडवाड़ा एसडीएम कार्यालय निर्धारित किया गया था. अब एसओजी ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है.
जांच से जुड़े तथ्यों के अनुसार, इस प्रकरण का कथित बिचौलिया चौथाराम विश्नोई की एक साल पहले ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई.
भर्ती घोटालों पर SOG की सख्ती
राजस्थान में भर्ती परीक्षाओं में डमी अभ्यर्थी, पेपर लीक और नकल गिरोहों के खिलाफ SOG लगातार कार्रवाई कर रही है. इस गिरफ्तारी को भी भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है. मामले में यह भी जांच की जा रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल थे.
यह भी पढ़ें: टोल टैक्स महंगा, जयपुर-दिल्ली हाईवे और रिंग रोड पर 5 से 30 रुपये तक बढ़े दाम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं