मुंबई के प्रसिद्ध श्री सिद्धिविनायक गणपति मंदिर ट्रस्ट से जुड़े कथित दान घोटाले के आरोपों के बीच महाराष्ट्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मंदिर में पिछले पांच वर्षों के दौरान प्राप्त नकद दान, स्वर्ण आभूषणों, गहनों और अन्य मूल्यवान वस्तुओं के विशेष ऑडिट के आदेश दिए हैं. इस जांच की जिम्मेदारी राज्य के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी और अतिरिक्त मुख्य सचिव असीम गुप्ता को सौंपी गई है. विशेष ऑडिट के जरिए मंदिर के वित्तीय रिकॉर्ड, दान की प्रविष्टियों, आभूषणों के रखरखाव और संपत्ति प्रबंधन की विस्तृत जांच की जाएगी. इस कदम को मंदिर ट्रस्ट की वित्तीय पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
दान और गहनों के रिकॉर्ड की होगी जांच
सरकार के आदेश के अनुसार विशेष ऑडिट में पिछले पांच वर्षों के दौरान मंदिर को प्राप्त नकद दान, सोना-चांदी के आभूषण, बहुमूल्य वस्तुएं और अन्य चढ़ावे का पूरा लेखा-जोखा खंगाला जाएगा. जांच टीम यह भी देखेगी कि मंदिर में प्राप्त दान का रिकॉर्ड किस प्रकार रखा गया, उसका उपयोग कैसे किया गया और सभी वित्तीय प्रक्रियाएं नियमानुसार संचालित हुईं या नहीं.
असीम गुप्ता को सौंपी गई जिम्मेदारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त मुख्य सचिव असीम गुप्ता को जांच का जिम्मा सौंपा गया है. उन्हें पूरे प्रकरण की विस्तृत समीक्षा कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं. सूत्रों के अनुसार जांच के दौरान वित्तीय लेन-देन, गहनों के स्टॉक रजिस्टर, भंडारण व्यवस्था तथा लेखा प्रणाली की भी बारीकी से जांच की जाएगी.
रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
सरकारी सूत्रों का कहना है कि विशेष ऑडिट रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी. यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता, गड़बड़ी या वित्तीय धांधली सामने आती है तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा सकते हैं. सरकार का उद्देश्य पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर तथ्यों को सामने लाना बताया जा रहा है.
शिंदे से मिले थे ट्रस्ट अध्यक्ष
विशेष ऑडिट के आदेश ऐसे समय आए हैं जब हाल ही में सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष सदा सरवणकर ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मुलाकात कर इस मुद्दे पर चर्चा की थी. बताया जा रहा है कि बैठक में मंदिर प्रशासन, दान प्रबंधन और उठ रहे सवालों पर विस्तार से बातचीत हुई थी. इसके बाद सरकार ने विशेष ऑडिट का फैसला लिया.
देश के सबसे समृद्ध मंदिरों में शामिल है सिद्धिविनायक
मुंबई का सिद्धिविनायक मंदिर देश के सबसे प्रतिष्ठित और सर्वाधिक दान प्राप्त करने वाले मंदिरों में गिना जाता है. हर साल लाखों श्रद्धालु यहां दर्शन करने पहुंचते हैं और बड़ी मात्रा में नकद दान तथा कीमती चढ़ावे अर्पित करते हैं.
यह भी पढ़ें : मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर से हर साल 'चुराया' जाता है ₹18 करोड़ का दान; राज ठाकरे का दावा
यह भी पढ़ें : सिद्धिविनायक मंदिर दानपेटी चोरी मामले में कार्रवाई, 10 गिरफ्तार; ट्रस्ट अध्यक्ष बोले- बदनाम करने की साजिश
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं