- डॉ. पवन कुमार की शादी पड़ोसी गांव चांदपुर में हुई थी और वे पटना में पदस्थापित थे
- रिसेप्शन पार्टी में फोटोशूट के दौरान डॉ. पवन स्टेज पर गिर पड़े और उनकी हालत तेजी से बिगड़ गई
- प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर करते समय रास्ते में उनकी मृत्यु हो गई
बिहार के कटिहार जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां शादी के बाद आयोजित की गई रिसेप्शन पार्टी के दौरान दूल्हे की अचानक मौत हो गई. जिस घर में नई बहू के स्वागत और जश्न का माहौल था, वहां कुछ ही मिनटों में चीख-पुकार मच गई. शादी के महज 24 घंटे बाद हुई इस घटना से परिवार ही नहीं बल्कि पूरा गांव गहरे सदमे में है.
फोटोशूट पूरा होते ही स्टेज पर गिर पड़े डॉक्टर पवन
जानकारी के अनुसार पोठिया थाना क्षेत्र के पोठिया बाजार वार्ड नंबर 13 निवासी डॉ. पवन कुमार की शादी 25 नवंबर को पड़ोसी गांव चांदपुर में हुई थी. डॉ. पवन पटना में पदस्थापित बताए जाते हैं. शादी के अगले दिन 26 नवंबर को उनके घर पर दूल्हा-दुल्हन के स्वागत के लिए भव्य रिसेप्शन पार्टी का आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में रिश्तेदार, दोस्त और ग्रामीण पहुंचे थे.
रिसेप्शन के दौरान दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर मेहमानों के साथ तस्वीरें खिंचवा रहे थे. बताया जा रहा है कि फोटोशूट खत्म होने के तुरंत बाद डॉ. पवन अचानक स्टेज पर ही गिर पड़े. पहले तो लोगों को लगा कि उन्हें चक्कर आया है, लेकिन उनकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी.
अस्पताल ले जाते समय हुई मौत
घटना के बाद परिजन और मौजूद लोग उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. वहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया. हालांकि पूर्णिया ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.
कार्डियक अटैक की आशंका, गांव में शोक
प्रारंभिक तौर पर गंभीर कार्डियक अटैक की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक मेडिकल पुष्टि नहीं हुई है. इस दुखद घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. नई-नई शादी के बाद दूल्हे की मौत से दुल्हन भी गहरे सदमे में है. पूरे गांव में मातम का माहौल है.
यह भी पढ़ें | अनंत सिंह का बंगला कैसे खाली करवाएगी सरकार? समयसीमा खत्म, बेटी की शाही शादी के बाद चर्चा तेज
यह भी पढ़ें | 'ए गुंजन...', जब RJD सांसद मीसा भारती ने की अनंत सिंह की मिमिक्री, बोलीं- वो पहले JDU में थे अब पता नहीं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं