विज्ञापन

मोदी सरकार को एक झटके में 22 सांसदों का साथ, DMK ने किया परिसीमन बिल पर समर्थन का ऐलान

स्टालिन ने कहा कि तमिलनाडु के हित सर्वोपरि रहेंगे. उन्होंने मांग की कि लोकसभा में तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 प्रतिशत हिस्सेदारी को सुरक्षित रखा जाए और राज्यों के बीच सीटों का बंटवारा 1971 की जनगणना के आधार पर ही अगले 25 सालों तक यथावत रखा जाए.

लोकसभा में केंद्र के बिल का समर्थन कर सकती है डीएमके
AI Image
  • डीएमके ने परिसीमन और महिला आरक्षण बिल के समर्थन का ऐलान किया है, जिससे पार्टी की दो मुख्य मांगें जुड़ी हैं
  • प्रस्तावित फॉर्मूले के अनुसार लोकसभा की सीटें 50 प्रतिशत बढ़ेंगी, लेकिन तमिलनाडु की हिस्सेदारी सुरक्षित रहेगी
  • डीएमके चाहता है कि तमिलनाडु का प्रतिनिधित्व 1971 की जनगणना के आधार पर अगले 25 सालों तक फ्रीज रहे
चेन्नई:

डीएमके ने परिसीमन और महिला आरक्षण बिल के समर्थन का ऐलान किया है. पार्टी नेता दयानिधि मारन ने इसकी घोषणा की. इससे पहले वरिष्ठ सूत्रों ने NDTV को बताया था कि पार्टी केंद्र के उस फॉर्मूले को स्वीकार कर सकती है, जिसमें लोकसभा की सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाने का प्रस्ताव है. हालांकि, इसके लिए एक संवैधानिक संशोधन जरूरी होगा, जो संसद में तमिलनाडु की मौजूदा हिस्सेदारी (प्रतिनिधित्व) की गारंटी दे. माना जा रहा है कि यह प्रस्तावित फॉर्मूला DMK की दो मुख्य मांगों के अनुरूप है- पहली, लोकसभा सीटों में तमिलनाडु की मौजूदा 7.2 प्रतिशत हिस्सेदारी सुरक्षित रहे और दूसरी, 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों को आवंटित सीटों का अनुपात अगले 25 सालों तक फ्रीज रहे.

हालांकि, DMK की मुख्य शर्त यह है कि इन सुरक्षा उपायों को संविधान में एक संशोधन के जरिए शामिल किया जाना चाहिए. पार्टी ये सुनिश्चित करना चाहती है कि इस प्रस्तावित व्यवस्था को बाद में बदला न जा सके, और 2027 की जनगणना के आधार पर जनसंख्या के हिसाब से होने वाला परिसीमन (डिलिमिटेशन) अपने आप लागू न हो जाए. पार्टी अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन की अध्यक्षता में हुई लोकसभा सांसदों की बैठक में, DMK ने अपना रुख स्पष्ट किया.

इस फॉर्मूले का मतलब यह होगा कि तमिलनाडु की लोकसभा सीटों की संख्या 39 से बढ़कर 59 हो सकती है, जबकि संसद में राज्य की हिस्सेदारी (प्रतिनिधित्व) मोटे तौर पर पहले जैसी ही बनी रहेगी. केंद्र के प्रस्ताव में सभी राज्यों की सीटों में एक समान 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने की बात कही गई है, जिसमें राज्यों के बीच सीटों का अनुपात 2051 तक सुरक्षित रहेगा.
Latest and Breaking News on NDTV

DMK सूत्रों ने बताया कि पार्टी को संसद की कुल संख्या बढ़ने से कोई दिक्कत नहीं है, बल्कि उसकी चिंता ये सुनिश्चित करने की है कि इस प्रक्रिया में तमिलनाडु का राजनीतिक प्रतिनिधित्व कम न हो जाए. पार्टी के एक वरिष्ठ सूत्र ने NDTV से कहा, "हम संसद का आकार बड़ा नहीं करना चाहते, लेकिन अगर वे इसे बढ़ाने पर अड़े ही हैं, तो कम से कम हमारा अनुपात तो सुरक्षित रहना चाहिए."

जब यह पूछा गया कि क्या प्रस्तावित व्यवस्था से उन उत्तरी राज्यों को फायदा होगा जिन्होंने दक्षिणी राज्यों की तुलना में जनसंख्या वृद्धि को उतनी सफलतापूर्वक नियंत्रित नहीं किया है - जिससे केंद्र सरकार के गठन और निर्णय लेने की प्रक्रिया में दक्षिणी राज्यों का राजनीतिक प्रभाव कम हो सकता है - तो सूत्र ने कहा कि तमिलनाडु के हिस्से की रक्षा करना ही उनकी तत्काल प्राथमिकता है.

DMK के पूर्व सहयोगी, कांग्रेस ने चिंता जताई थी कि BJP परिसीमन प्रक्रिया में निर्वाचन क्षेत्रों का इस तरह बंटवारा कर सकती है जिससे सत्ताधारी पार्टी को फायदा हो. इस पर DMK के सूत्रों का कहना है कि प्रस्तावित फॉर्मूले के तहत दक्षिणी राज्यों में उन्हें ऐसा कोई मुद्दा नजर नहीं आता.

Latest and Breaking News on NDTV

हालांकि, एक अहम राजनीतिक सवाल का अभी भी जवाब नहीं मिल पाया है कि अगर BJP के नेतृत्व वाली सरकार इस कानून को पेश करती है, तो क्या DMK खुलकर इसके पक्ष में वोट करेगी? या फिर सदन से बाहर जाकर या वोटिंग से दूर रहकर अप्रत्यक्ष रूप से समर्थन देगी, जिससे केंद्र सरकार को इसे पारित कराने के लिए जरूरी संख्या जुटाने में मदद मिल सके?
DMK के पास 22 लोकसभा सांसद हैं. संविधान के अनुसार जरूरी दो-तिहाई बहुमत हासिल करने की सरकार की कोशिशों में इनकी भूमिका काफी महत्वपूर्ण हो सकती है.

इस कानून के लिए DMK का संभावित समर्थन ऐसे समय में सामने आ रहा है, जब कांग्रेस के साथ उसके राजनीतिक संबंध खराब हो गए हैं. 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के बाद, कांग्रेस ने DMK के साथ अपना पुराना गठबंधन खत्म कर दिया और TVK को समर्थन दे दिया, जिससे जोसेफ विजय के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया. तब से DMK ने 'INDIA' गठबंधन की गतिविधियों से दूरी बना ली है.

सत्ताधारी TVK ने पहले ही यह अनुमान जताया है कि DMK और BJP के बीच गठबंधन को लेकर कोई समझौता हो सकता है, हालांकि DMK ने इन आरोपों को खारिज कर दिया था.

Latest and Breaking News on NDTV

शुक्रवार को स्टालिन ने परिसीमन पर DMK का रुख दोहराया. उन्होंने याद दिलाया कि कैसे उन्होंने जनसंख्या आधारित परिसीमन के खतरों को उठाने में पहल की थी और चेन्नई में एक सम्मेलन के जरिए अन्य प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और प्रतिनिधियों को एकजुट करके एक साझा मोर्चा बनाया था.

उन्होंने जोर देकर कहा कि तमिलनाडु के हित सर्वोपरि रहेंगे. उन्होंने मांग की कि लोकसभा में तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 प्रतिशत हिस्सेदारी को सुरक्षित रखा जाए और राज्यों के बीच सीटों का बंटवारा 1971 की जनगणना के आधार पर ही अगले 25 सालों तक यथावत रखा जाए. स्टालिन ने 'X' पर एक पोस्ट में कहा, "हमारे रुख में कोई बदलाव नहीं आया है, और किसी भी तरह के समझौते का तो सवाल ही नहीं उठता."

अगर DMK इस कानून का समर्थन करती है, तो इससे BJP के साथ उसके रिश्तों में नरमी आने की अटकलें भी लग सकती हैं. खासकर तब, जब DMK कांग्रेस और 'INDIA' गठबंधन से राजनीतिक रूप से अलग हो चुकी है.

इसलिए, आज स्टालिन की अध्यक्षता में होने वाली DMK सांसदों की बैठक पर सबकी नज़रें टिकी होंगी. उम्मीद है कि इस बैठक में पार्टी यह तय करेगी कि उसकी शर्तें पूरी हुई हैं या नहीं, और सबसे अहम बात यह कि जब यह कानून संसद में पेश किया जाएगा, तो पार्टी इस पर क्या रुख अपनाएगी, यानी कैसे वोट करेगी.

इसे भी पढ़ें: Explainer: परिसीमन क्या है और कौन तय करता है लोकसभा सीटों की संख्या? आसान भाषा में समझें

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Womens Reservation Bill, Womens Reservation Bill Latest, Womens Reservation Bill News, Lok Sabha Delimitation Bill, DMK Support
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com