विज्ञापन

रायपुर से 6 घंटे में विशाखापत्तनम, 594KM लंबे एक्सप्रेसवे का 96% काम पूरा, छत्तीसगढ़-ओडिशा से आंध्र प्रदेश तक हाईस्पीड कनेक्टिविटी

Raipur Visakhapatnam Expressway: रायपुर-विशाखापत्तनम एक्सप्रेसवे का 96 प्रतिशत काम पूरा हो गया है. NHAI के ताजा अपडेट के मुताबिक ओडिशा के सेक्शन पर भी काम पूरा हो गया है.

रायपुर से 6 घंटे में विशाखापत्तनम, 594KM लंबे एक्सप्रेसवे का 96% काम पूरा, छत्तीसगढ़-ओडिशा से आंध्र प्रदेश तक हाईस्पीड कनेक्टिविटी
Raipur-Visakhapatnam Expressway: रायपुर से 6 घंटे में विशाखापत्तनम (फोटो:NDTV ग्राफिक्स)
  • रायपुर-विशाखापत्तनम आर्थिक कॉरिडोर का 96 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और इसे 2027 में शुरू करने का लक्ष्य है.
  • ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की कुल लंबाई 465 किलोमीटर है जिससे दूरी 132 KM तक कम होकर छह घंटे में यात्रा संभव होगी.
  • ओडिशा में अंतिम चरण के काम चल रहे हैं, जिसमें कालियागुरा-बौंसागुरा ताला सेक्शन पर कनेक्टिविटी बढ़ रही है.

Raipur Visakhapatnam Economic Corridor: छत्तीसगढ़, ओडिशा और आंध्र प्रदेश को आपस में जोड़ने वाले रायपुर-विशाखापत्तनम एक्सप्रेसवे पर तेजी से काम चल रहा है. इस मेगा  कॉरिडोर का 96 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है. NHAI के मुताबिक ओडिशा के सेक्शन में भी काम पूरा होने वाला है. इस हाईवे के बनते ही रायपुर से विशाखापत्तनम की दूरी 6 घंटे में पूरी की जा सकेगी. क्योंकि यह पूरा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे है, जिसमें गाड़ियां बिना रुके 100 से 120 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चल सकेगी. 2027 में इस मेगा कॉरिडोर को शुरू करने की तैयारी है. जिससे तीन राज्यों के साथ-साथ महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश से आने वाली गाड़ियों को भी फायदा होगा. मध्य भारत को दक्षिण भारत से जोड़ने में रायपुर-विशाखापत्तनम एक्सप्रेसवे बड़ी भूमिका निभाएगा, इसलिए केंद्र सरकार इस परियोजना पर तेजी से काम कर रही है. 

132 किमी कम होगी रायपुर से विशाखापत्तनम की दूरी

इस नए इकोनॉमिक कॉरिडोर की कुल लंबाई 465 किलोमीटर है. जिससे रायपुर और विशाखापत्तनम की कुल दूरी में 132 किलोमीटर तक की दूरी आने वाली है. क्योंकि अभी रायपुर से विशाखापत्तनम जाने के लिए यात्रियों को मौजूदा राष्ट्रीय राजमार्गों से लगभग 597 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता है, जिसमें शहरों के बीच से होकर गुजरने में ट्रैफिक, कस्बों से होकर गुजरने वाले रास्तों और पहाड़ी इलाकों के कारण करीब 12 से 14 घंटे का समय लग जाता है. लेकिन नए रास्ते के बाद दोनों शहरों के बीच कुल 465 किलोमीटर का सफर रह जाएगा. जिससे सफर का समय भी घटकर लगभग 5 से 6 घंटे रहने का अनुमान है. समय इसलिए भी कम लगेगा क्योंकि ट्रैफिक नहीं मिलेगा और अगर गाड़ियां बीच में रुकना नहीं चाहेगी तो उन्हें सीधा सफर मिलेगा. 

ओडिशा में आखिरी चरण में काम

ओडिशा में इस हाईवे के आखिरी सेक्शन में काम किया जा रहा है. ओडिशा में कालियागुरा-बौंसागुरा ताला सेक्शन पर काम पूरा होने वाला है. यह सेक्शन NH-326 पर रायगडा और कोरापुट की सड़कों से जुड़ने वाले रणनीतिक इंटरचेंज के साथ पूरे इलाके की कनेक्टिविटी को बदलने वाला है. यानी कोरापुट, जयपुर, रायगडा और नबरंगपुर के लोगों को अब विशाखापत्तनम पोर्ट या रायपुर जाने के लिए घुमावदार और खराब रास्तों से नहीं जाना पड़ेगा. ओडिशा में कुल 240 किमी लंबे कॉरिडोर को 8 पैकेज में बांटा गया है. इनमें से OD-1, OD-4, OD-7 और OD-8 का काम पूरा हो चुका है. OD-2, OD-3 और OD-6 के 31 अक्टूबर 2026 तक पूरा होने की उम्मीद है, जबकि OD-5 का काम 30 जनवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. 

ओडिशा की पहली 6-लेन ट्विन-ट्यूब टनल

इस कॉरिडोर की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग उपलब्धि ओडिशा की पहली 6-लेन ट्विन-सेल हाईवे टनल है. यह 3.42 किमी लंबी सुरंग OD-07 पैकेज के तहत पूर्वी घाट की पहाड़ियों के नीचे से गुजरती है. इसमें जेट फैन, एडवांस्ड फायर फाइटिंग सिस्टम और दोनों छोर पर कंट्रोल सेंटर लगाए गए हैं, ताकि ट्रैफिक सुरक्षित और बिना रुके चल सके. इसके अलावा OD-08 पैकेज में 2.93 किमी की दूसरी टनल और कांडिली से तुम्बीगुरा तक 22.5 किमी का घाट सेक्शन भी है, जो घने जंगलों और ऊबड़-खाबड़ पहाड़ियों से होकर गुजरता है.

तीन राज्यों की कनेक्टिविटी

  • छत्तीसगढ़: रायपुर में अभनपुर के पास से शुरू होकर कुरुद, धमतरी, कांकेर, कोंडागांव और केशकाल तक जाएगा.
  • ओडिशा: नबरंगपुर, उमरकोट, पापड़ाहांडी, बोरिगुम्मा, कोरापुट, सुनाबेड़ा, पोट्टंगी. 
  • आंध्र प्रदेश: सालुर, विजयनगरम, सब्बावरम, विशाखापत्तनम पोर्ट

2027 में पूरा होने का लक्ष्य

केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने 13 नवंबर 2026 को विशाखापत्तनम में बताया कि 460 किमी लंबे रायपुर-विशाखापत्तनम कॉरिडोर का 96 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और इसे 2027 में पूरा करने का लक्ष्य है. NHAI के अधिकारियों के मुताबिक, ओडिशा का पूरा कॉरिडोर जून 2026 तक पूरा करने का पहले लक्ष्य था, लेकिन कुछ पैकेज में देरी के कारण अब इसे चरणबद्ध तरीके से खोला जाएगा. छत्तीसगढ़ में करीब 90 प्रतिशत काम पूरा है. कुल मिलाकर मार्च 2027 तक पूरे कॉरिडोर को चालू करने की तैयारी है. इसके चालू होते ही तीनों राज्यों के बीच सुपरफास्ट कनेक्टिविटी हो जाएगी. 

ये भी पढे़ंः एमपी-राजस्थान के 5 जिलों को जोड़ेगी 276 KM की रेल लाइन, अप्रैल 2027 तक शुरू होने का लक्ष्य

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Raipur Expressway News, Chhattisgarh Expressway Project, Chhattisgarh Expressway News, Highway Project, Expressway Projects
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com