वाराणसी में दो बड़े कॉरिडोर के निर्माण के लिए NHAI को इंफ्रा कपनियों से अच्छा रेस्पॉन्स मिला है. NHAI ने बताया कि गंगा और वरुणा नदी के किनारे दो एलिवेटेड कॉरिडोर के लिए चार पैकेजों में कुल 32 कंपनियों ने बोलियां लगाई हैं. शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या कम करने और शहर की कनेक्टिवटी को बेहतर बनाने के लिए गंगा और वरुणा नदी के किनारे ये दोनों एलिवेटेड कॉरिडोर बनाए जाने हैं. इन दोनों परियोजनाओं की कुल लंबाई करीब 89.2 किलोमीटर होगी.
इसी साल जुलाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट ने मंजूरी दी थी. केंद्रीय मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति (CCEA) के मुताबिक, दोनों कॉरिडोर का निर्माण दो-दो पैकेज में किया जाएगा.
वरुणा एलिवेटेड कॉरिडोर: 43.2 किलोमीटर लंबा होगा
वरुणा नदी के किनारे बनने वाला एलिवेटेड कॉरिडोर 43.2 किलोमीटर लंबा होगा. यह नेशनल हाईवे-31 (NH-31) को वाराणसी रिंग रोड से जोड़ेगा. इस परियोजना पर करीब 10,998.32 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.
इस कॉरिडोर के बनने से काशी रेलवे स्टेशन, वाराणसी एयरपोर्ट, वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशन, वाराणसी जंक्शन और पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन तक पहुंचना आसान होगा. इसके अलावा रामनगर पोर्ट, संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी के घाटों और चंदौली क्षेत्र को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी.
इस सड़क पर वाहनों की अधिकतम परिचालन गति 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा होगी.
ट्रैफिक लोड कम होगा, काफी समय बचेगा
अभी NH-31 से काशी रेलवे स्टेशन पहुंचने में करीब 40 मिनट लगते हैं. कॉरिडोर बनने के बाद यह दूरी करीब 20 मिनट में पूरी हो सकेगी. इससे यात्रा के समय में लगभग 50 फीसदी की कमी आएगी. इससे शहर की सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा. साथ ही मालवाहक वाहनों और यात्रियों को भी आने-जाने में आसानी होगी.

गंगा कॉरिडोर: 46 किमी लंबाई, 6 लेन की सड़क
गंगा नदी के किनारे बनने वाला एलिवेटेड कॉरिडोर 46 किलोमीटर लंबा और छह लेन का होगा. यह नेशनल हाईवे-19 (NH-19) को वाराणसी रिंग रोड से जोड़ेगा. इस परियोजना पर करीब 14,447.64 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.
इस परियोजना में छह लेन की एलिवेटेड सड़क के अलावा 910 मीटर लंबा केबल स्टे ब्रिज और 1.32 किलोमीटर लंबा एक्स्ट्राडोज्ड फुट ओवरब्रिज-कम-मेजर ब्रिज भी बनाया जाएगा. इसके अलावा लूप, रैंप, सर्विस रोड और लिंक रोड का निर्माण होगा.
इस कॉरिडोर से NH-19, वाराणसी रिंग रोड, रामनगर और BHU के बीच बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी.
60 मिनट की दूरी 20 मिनट में होगी पूरी
अभी इस मार्ग पर औसतन 60 मिनट का समय लगता है. कॉरिडोर बनने के बाद यह सफर करीब 20 मिनट में पूरा हो सकेगा.यानी यात्रा के समय में करीब 67 फीसदी की कमी आएगी. इसके अलावा NH-19 से काशी रेलवे स्टेशन पहुंचने में अभी करीब 50 मिनट लगते हैं. नया कॉरिडोर बनने के बाद यह सफर करीब 25 मिनट में पूरा हो सकेगा.

धार्मिक और टूरिस्ट स्पॉट्स तक पहुंचना होगा आसान
गंगा एलिवेटेड कॉरिडोर बनने से विश्वनाथ मंदिर, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU), नमो घाट, रामनगर किला और वाराणसी के प्रमुख घाट पहुंचना आसान होगा.इसके अलावा लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशनों और रामनगर स्थित IWAI पोर्ट तक भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी.
दोनों परियोजनाओं से शहरवासियों को फायदा
इन दोनों एलिवेटेड कॉरिडोर का मुख्य उद्देश्य वाराणसी और आसपास के इलाकों में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करना है. इन परियोजनाओं से शहर के अंदर ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी. नेशनल हाईवे और रिंग रोड के बीच बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी. स्थानीय लोगों और बाहर से आने वाले यात्रियों को सुविधा होगी. धार्मिक स्थलों और घाटों तक पहुंचना आसान होगा. मालवाहक वाहनों की आवाजाही तेज होगी और परिवहन लागत कम करने में मदद मिलेगी.
इन परियोजनाओं को पीएम गति शक्ति नेशनल मास्टर प्लान के तहत क्षेत्रीय और मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी बेहतर करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है. कहा जा रहा है कि इनसे पर्यटन और धार्मिक यात्राओं को बढ़ावा मिलेगा. वाराणसी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के आसपास के क्षेत्रों में व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी.
PM मोदी ने क्या कहा था?
जुलाई में इन प्रोजेक्ट्स को कैबिनेट की मंजूरी के बाद PM मोदी ने कहा था कि गंगा और वरुणा कॉरिडोर से शहर के प्रमुख धार्मिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक स्थलों तक पहुंच और बेहतर होगी. साथ ही सड़क पर ट्रैफिक का लोड भी कम होगा.
काशी में वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। इसी कड़ी में आज हमने गंगा के किनारे 6-लेन के अत्याधुनिक कॉरिडोर के निर्माण को मंजूरी दी है। इससे शहर के प्रमुख धार्मिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक स्थलों तक पहुंच और बेहतर होगी। इसके साथ ही रोड नेटवर्क पर यातायात का दबाव कम होने से आवागमन ज्यादा सुगम होगा। यह प्रोजेक्ट पूर्वांचल के आर्थिक विकास में और तेजी लाने वाला है। https://t.co/ss0yTrea0U
— Narendra Modi (@narendramodi) July 15, 2026
प्रधानमंत्री ने कहा था कि ये दोनों प्रोजेक्ट्स पूर्वांचल के आर्थिक विकास में और तेजी लाने वाले साबित होंगे. अब उम्मीद जताई जा रही है कि कंपनियों के चयन के बाद दोनों कॉरिडोर का काम तेजी से आगे बढ़ेगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं