विज्ञापन

इमरजेंसी ड्यूटी लिखी कार से डॉक्टर ने राहगीरों को मारी टक्कर; नासिक में लोगों का फूटा गुस्सा, कर दी पिटाई

महाराष्ट्र के नासिक में जिला अस्पताल के एक सर्जन पर तेज रफ्तार कार से राहगीरों को टक्कर मारने का आरोप लगा है. हादसे में तीन लोग घायल हुए. घटना के बाद लोगों ने डॉक्टर की पिटाई कर दी और कार में तोड़फोड़ की.

इमरजेंसी ड्यूटी लिखी कार से डॉक्टर ने राहगीरों को मारी टक्कर; नासिक में लोगों का फूटा गुस्सा, कर दी पिटाई
इमरजेंसी ड्यूटी कार से राहगीरों को कुचला, गुस्साई भीड़ ने डॉक्टर को पीटा
NDTV
नासिक:

महाराष्ट्र के नासिक शहर में गुरुवार दोपहर एक सरकारी डॉक्टर की कथित लापरवाही से बड़ा हादसा होते-होते टल गया. जिला अस्पताल में सर्जन के पद पर कार्यरत डॉक्टर दिनेश सीताराम पवार पर आरोप है कि उन्होंने सीबीएस-मेहर सिग्नल मार्ग पर तेज रफ्तार कार चलाते हुए कई लोगों को टक्कर मार दी. हादसे में तीन राहगीर घायल हुए, जबकि एक बुजुर्ग महिला को गंभीर चोटें आई हैं. घटना के बाद मौके पर भारी हंगामा हो गया और गुस्साए नागरिकों ने डॉक्टर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.

कलेक्टर कार्यालय के सामने हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे नासिक के सीबीएस-मेहर सिग्नल मार्ग पर यह घटना हुई. यह शहर का एक प्रमुख और व्यस्त स्मार्ट रोड माना जाता है. आरोप है कि जिला अस्पताल के सर्जन डॉ. दिनेश सीताराम पवार अपनी कार (MH-15-JM-4525) तेज रफ्तार और लापरवाही से चला रहे थे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कलेक्टर कार्यालय के सामने स्थित सिटी लिंक बस स्टॉप के पास कार पर से उनका नियंत्रण हट गया. इसके बाद कार ने पहले एक दोपहिया वाहन और फिर एक ऑटो रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी. इसी दौरान तीन पैदल चल रहे लोग भी वाहन की चपेट में आ गए.

इसी कार से मारी थी टक्कर

इसी कार से मारी थी टक्कर

बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल

पुलिस के अनुसार हादसे में एक बुजुर्ग महिला को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि दो अन्य लोगों को मामूली चोट लगी है. घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि वाहन की रफ्तार और अधिक होती तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था.

लोगों ने डॉक्टर को पकड़कर पीटा

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में भारी नाराजगी फैल गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ युवकों ने डॉक्टर को कार से नीचे उतारा. लोगों का आरोप है कि डॉक्टर ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे, जिसके बाद नागरिकों का गुस्सा और बढ़ गया. गुस्साई भीड़ ने डॉक्टर की पिटाई कर दी और कार में भी तोड़फोड़ की. पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने तक लोगों ने उन्हें पकड़कर रखा.

लोगों डॉक्टर की कर दी पिटाई

लोगों डॉक्टर की कर दी पिटाई

कार पर लगी थी 'इमरजेंसी ड्यूटी' की तख्ती

घटना के बाद लोगों की नजर कार के डैशबोर्ड पर लगी एक तख्ती पर गई, जिस पर अंग्रेजी में "Emergency Duty, Civil Hospital, Surgeon" लिखा हुआ था. मौके पर मौजूद लोगों ने डॉक्टर का पहचान पत्र देखकर उनकी पहचान की. बाद में अस्पताल प्रशासन ने भी पुष्टि की कि डॉ. पवार जिला अस्पताल के शल्य चिकित्सा विभाग में सर्जन के रूप में कार्यरत हैं.

नशे में होने का आरोप

स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया है कि डॉक्टर नशे की हालत में वाहन चला रहे थे. हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि मेडिकल जांच और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी.
 

पुलिस जांच जारी

पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. साथ ही हादसे के कारणों और डॉक्टर की स्थिति की जांच की जा रही है

इनपुट : प्रांजल कुलकर्णी

यह भी पढ़ें : Nasik News: ​नासिक के गंगापुर बांध में डूबने से 4 मासूम बच्चों की मौत, अचानक जलस्तर बढ़ने से हुआ हादसा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nashik Accident, Doctor Accident, Nashik Road Accident, Maharashtra News, Drunken Driving
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com