विज्ञापन

बॉयफ्रेंड से वीडियो कॉल पर बात करते हुए युवती ने लगा ली फांसी; शादी का झांसा और ब्लैकमेलिंग का आरोप, केस दर्ज

नागपुर में एक युवती ने वीडियो कॉल के दौरान आत्महत्या कर ली. परिवार ने बॉयफ्रेंड पर शादी का झांसा देकर संबंध बनाने, विवाह से इनकार करने और निजी तस्वीरें वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

बॉयफ्रेंड से वीडियो कॉल पर बात करते हुए युवती ने लगा ली फांसी; शादी का झांसा और ब्लैकमेलिंग का आरोप, केस दर्ज
वीडियो कॉल पर युवती ने की आत्महत्या, बॉयफ्रेंड पर शादी का झांसा और ब्लैकमेलिंग का आरोप
NDTV
  • वीडियो कॉल पर बात करते-करते युवती ने लगाई फांसी, 23 मिनट तक चालू रहा कॉल
  • शादी से मुकरा बॉयफ्रेंड, युवती ने उठाया खौफनाक कदम
  • निजी तस्वीरें वायरल करने की धमकी का आरोप, मामला दर्ज
नागपुर:

महाराष्ट्र के नागपुर से एक बहुत ही संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने कथित तौर पर अपने बॉयफ्रेंड से वीडियो कॉल पर बात करते हुए आत्महत्या कर ली. परिजनों का आरोप है कि युवती लंबे समय से मानसिक तनाव में थी, क्योंकि उसका साथी शादी का वादा करने के बाद पीछे हट गया था. परिवार का यह भी दावा है कि आरोपी युवती को उसकी निजी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देता था. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

कई वर्षों से रिलेशनशिप में थे दोनों

पुलिस के अनुसार, मृतका नागपुर की एक निजी कंपनी में कार्यरत थी और धंतोली क्षेत्र में अपनी एक सहेली के साथ रहती थी. 34 वर्षीय आरोपी मूल रूप से अमरावती का रहने वाला है और वर्तमान में पुणे में रहकर पीएचडी की पढ़ाई कर रहा है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच कई वर्षों से संबंध थे और दोनों एक-दूसरे को लंबे समय से जानते थे.

शादी का झांसा देकर संबंध बनाने का आरोप

मृतका की मां ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि आरोपी ने शादी का भरोसा देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए. शिकायत के मुताबिक, कुछ महीने पहले आरोपी अपने एक मित्र के साथ युवती की मां से मिलने भी गया था और विवाह की इच्छा जताई थी. परिवार ने भी इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया था. हालांकि बाद में जब आरोपी ने अपने घर पर शादी की बात की तो उसके परिजनों ने इस रिश्ते का विरोध किया.

शादी की बात टालता रहा आरोपी

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर अपने परिवार की असहमति की जानकारी युवती से छिपाए रखी और उससे मिलता-जुलता रहा. जब भी युवती शादी को लेकर बातचीत करती थी, आरोपी कथित रूप से बात टाल देता था. शिकायत में कहा गया है कि बाद में उसने साफ तौर पर शादी से इनकार कर दिया.

तस्वीरें वायरल करने की धमकी का आरोप

परिवार ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने युवती को चेतावनी दी थी कि यदि वह शादी के लिए ज्यादा दबाव बनाएगी तो उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा. मृतका की मां का कहना है कि इन धमकियों और शादी से इनकार के कारण युवती गहरे मानसिक तनाव में रहने लगी थी.

वीडियो कॉल के दौरान उठाया कदम

शिकायत के अनुसार, 19 सितंबर की रात युवती ने अपने कमरे में दुपट्टे का फंदा बनाकर फांसी लगा ली. बताया गया है कि उस समय वह आरोपी के साथ वीडियो कॉल पर थी. परिवार का आरोप है कि कॉल के दौरान युवती ने उसे बताया था कि वह अपनी जान देने जा रही है. शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने उसे रोकने या किसी प्रकार की मदद पहुंचाने का प्रयास नहीं किया.

मौत के बाद भी चलता रहा वीडियो कॉल

मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह बताया जा रहा है कि आत्महत्या के बाद भी वीडियो कॉल करीब 23 मिनट तक चालू रही. परिजनों ने इसे जांच का महत्वपूर्ण पहलू बताया है. पुलिस अब कॉल रिकॉर्ड, डिजिटल साक्ष्यों और अन्य तकनीकी जानकारियों की जांच कर रही है.

पुलिस ने दर्ज किया मामला

धंतोली पुलिस ने मृतका की मां की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है.

यह भी पढ़ें : हैदराबाद: दोस्त से वीडियो कॉल पर बात करते हुए महिला ने दी जान, दो दिन से होटल में रुकी थी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nagpur Suicide Case, Video Call Suicide, Marriage Promise, Boyfriend Arrested, Nagpur Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com