विज्ञापन

UAE में कर्नाटक के युवक की हत्या, कार से 9 टुकड़ों में मिला शव; पत्नी और बेटा भी लापता!

कर्नाटक के उडुपी निवासी एल्विन प्रकाश कुंदर का शव शारजाह में दो महीने बाद एक कार से 9 टुकड़ों में बरामद हुआ. परिवार ने हत्या की आशंका जताई है. इस मामले में उनकी पत्नी और बेटे के बारे में भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है.

UAE में कर्नाटक के युवक की हत्या, कार से 9 टुकड़ों में मिला शव; पत्नी और बेटा भी लापता!
कर्नाटक के एल्विन प्रकाश कुंदर की शारजाह में हत्या
NDTV
  • शारजाह में भारतीय युवक की हत्या, 9 टुकड़ों में मिला शव
  • 2 महीने तक लापता रहा कर्नाटक का युवक, पत्नी और बेटे का भी सुराग नहीं
  • भाई को आया संदिग्ध मैसेज, बाद में खुला हत्या का मामला
बेंगलुरु:

कर्नाटक के उडुपी जिले के कुंदापुर निवासी एल्विन प्रकाश कुंदर की जुलाई महीने में शारजाह में कथित तौर पर हत्या कर दी गई. इस सनसनीखेज मामले का खुलासा तब हुआ, जब उनका शव नौ टुकड़ों में कटा हुआ बरामद किया गया. यह जानकारी मंगलवार को उनके भाई ने दी. अब तक इस मामले में कोई आधिकारिक सूचना जारी नहीं हुई है. वहीं कुछ रिपोर्टों के अनुसार हत्या के बाद से उनकी पत्नी और बेटा भी लापता बताए जा रहे हैं, हालांकि इसे लेकर अभी स्पष्ट स्थिति सामने नहीं आई है.

14 साल से शारजाह में कर रहे थे नौकरी

एल्विन प्रकाश कुंदर पिछले 14 वर्षों से शारजाह एयरपोर्ट पर कार्यरत थे. वह पिछले वर्ष दिसंबर में अपने होमटाउन (गृह नगर) आए थे और बाद में वापस शारजाह लौट गए थे. एल्विन की पत्नी टीना कुंदर मूलत: उडुपी के उदयवारा की रहने वाली हैं, वह शारजाह में एक स्कूल में शिक्षिका हैं. उनका बेटा वहीं कक्षा 10 में पढ़ाई कर रहा है. एल्विन के भाई अनिल प्रशांत कुंदर ने सोमवार को उडुपी के पुलिस अधीक्षक (SP) से मुलाकात कर मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए एक ज्ञापन सौंपा. फिलहाल स्थानीय पुलिस शारजाह से आधिकारिक जानकारी मिलने का इंतजार कर रही है.

रहस्यमय मैसेज से बढ़ा शक

अनिल ने बताया कि उन्होंने 20 जुलाई को अपने भाई एल्विन को फोन किया था, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की. इसके बजाय एक मैसेज मिला, जिसमें लिखा था कि वह ठीक हैं. अनिल के मुताबिक, उनके भाई कभी इस तरह मैसेज भेजकर बात नहीं करते थे, इसलिए उन्हें संदेह हुआ. एक सप्ताह बाद दोबारा फोन करने पर भी कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद अनिल ने शारजाह में रहने वाले एल्विन के दोस्त मनोहर से संपर्क किया और उनसे एल्विन की जानकारी लेने को कहा.

फ्लैट पर पहुंचे दोस्त को मिला अलग जवाब

मनोहर कंपनी द्वारा उपलब्ध कराए गए फ्लैट पर पहुंचे तो वहां के चौकीदार ने बताया कि एल्विन भारत चले गए हैं. इसके बाद परिवार ने कंपनी के एचआर विभाग से संपर्क किया. वहां से भी शुरुआत में यही बताया गया कि एल्विन भारत लौट चुके हैं.

पासपोर्ट रिकॉर्ड से खुला राज

अनिल ने अगले दिन फिर कंपनी से संपर्क किया और स्पष्ट किया कि उनके भाई भारत नहीं पहुंचे हैं. इसके बाद कंपनी ने उनके पासपोर्ट रिकॉर्ड की जांच की, जिसमें पता चला कि एल्विन अब भी शारजाह में ही मौजूद थे. इसके बाद उनकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई और जांच शुरू हुई.

कार में मिला शव

अनिल के अनुसार, जांच के दौरान एल्विन का शव ओमान जाने वाले मार्ग पर खड़ी एक कार के अंदर बरामद किया गया. उन्होंने बताया कि शव को कथित तौर पर नौ टुकड़ों में काटकर दो बैगों में भर दिया गया था. परिवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट सोमवार को प्राप्त हुई, जिसके बाद उन्होंने उडुपी पुलिस से संपर्क किया.

हत्या के पीछे की वजह अब भी रहस्य

फिलहाल हत्या की परिस्थितियां और इसके पीछे का मकसद स्पष्ट नहीं हो पाया है. माना जा रहा है कि शारजाह की जांच एजेंसियां आगे की जांच में घटनाक्रम का खुलासा करेंगी और जिम्मेदार लोगों की पहचान करेंगी.

पत्नी और बेटे को लेकर भी सवाल

अनिल ने कहा कि किसी व्यक्ति के सीने में चाकू घोंपकर उसके शव के नौ टुकड़े करना सामान्य अपराध नहीं है और इसमें अनुभवी अपराधियों की भूमिका हो सकती है. उन्होंने दावा किया कि उन्होंने एक सीसीटीवी फुटेज देखी है, जिसमें दो पुरुष और एक महिला इमारत से बाहर जाते दिखाई दे रहे हैं.

अनिल ने कहा, 'अगर उनकी पत्नी भारत आई हैं तो उन्हें अपने पति के साथ क्या हुआ, इसकी जानकारी हो सकती है. बेटे को भी कुछ पता हो सकता है.'

हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अभी तक इस बात का कोई प्रत्यक्ष प्रमाण नहीं है कि उनकी पत्नी भारत पहुंची हैं. उन्होंने कहा कि यहां आधिकारिक एफआईआर के बिना पासपोर्ट संबंधी जानकारी भी हासिल नहीं की जा सकती.

यह भी पढ़ें : घर के बाहर सो रहा था युवक, सुबह मिली सिर कटी लाश; इलाके में मचा कोहराम

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sharjah, Indians In UAE, Murder, Karnataka Man Killed, Udupi News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com