- नागपुर में एक पिता ने अपने 16 साल के बेटे को 2 सालों से घर में कैद करके रखा था.
- नागपुर पुलिस ने बच्चे का रेस्क्यू किया है, जहां उसकी मानसिक हालत खराब थी.
- 2 साल तक घर में कैद रहने की वजह से उसकी 10वीं की परीक्षा भी छूट गई.
नागपुर समाज और पारिवारिक रिश्तों की एक दर्दनाक खबर सामने आई है. यहां एक पिता ने अपने 16 साल के बेटे को 2 सालों से घर में बंद करके रखा था. उसकी जिंदगी दो सालों से घर की चार दिवारी में फंसी हुई थी. बाहर की दुनिया से वह पूरी तरह कटा हुआ था. जिससे उसकी मानसिक हालत भी बिगड़ गई है. जिला बाल विकास विभाग की टीम ने इस लड़के का रेस्क्यू किया है. बताया जा रहा है कि पारिवारिक झगड़ों और आर्थिक तंगी के कारण लड़के के पिता ने उसे घर में ही बंद कर दिया था. ऐसे में अब यह मामला पुलिस तक पहुंचा है, जहां पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
नागपुर के बेलतरोड़ी का इलाका
मामला नागपुर के बेलतरोड़ी पुलिस स्टेशन का बताया जा रहा है. बेलतरोड़ी पुलिस ने जिला बाल विकास अधिकारियों की मदद से एक 16 साल के लड़के का रेस्क्यू किया था, जो अपने ही घर में 2 साल से कैद था. लेकिन पूछताछ में जो कहानी सामने आई है. वह हैरान करने वाली थी. क्योंकि लड़के को किसी और ने नहीं बल्कि उसके ही पिता ने घर में अंदर बंद करके रखा था. पुलिस ने बताया कि पारिवारिक समस्याओं, अचानक आई आर्थिक तंगी और पत्नी की मौत के बाद पिता की मानसिक हालत बिगड़ गई थी. ऐसे में उसने अपने ही बेटे को घर में बंद कर दिया.
नागपुर पुलिस ने बच्चे को बाहर निकाला
पुलिस ने बताया कि लड़के की बुआ ने पुलिस को उसकी हालत के बारे में जानकारी दी थी. जिसके बाद बेल्तारोडी पुलिस ने दखल दिया और बच्चे को बचाया. पुलिस ने बच्चे को देखभाल केंद्र में भेज दिया है. जबकि पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में लड़के के पिता के खिलाफ मामला दर्ज किया है. 2 साल तक घर में ही कैद रहने से बच्चे की मानसिक स्थिति पर भी असर पड़ा है.
ये वीडियो भी देखिए
10वीं की परीक्षा नहीं दे पाया
बताया जा रहा है कि बच्चे का पिता अपनी पत्नी की मौत के बाद से डिप्रेशन में था. उसका अपने ही बेटे के प्रति बर्ताव मानसिक रूप से काफी अजीब और हिंसक होने लगा था. बाद में उसने अपने बेटे के घर से बाहर निकलने पर रोक लगा दी. बच्चा 10वीं क्लास में था. लेकिन पिता की पाबंदी की वजह से वह परीक्षा भी नहीं दे पाया. पुलिस ने बताया कि फिलहाल बच्चे की काउंसलिंग भी कराई जा रही है. ताकि वह अपनी जिंदगी में वापस लौट सके.
ये भी पढ़ेंः रायबरेली के इस कपल ने बंदर के नाम क्यों कर दी करोड़ों की जायदाद? रुला देगी ये कहानी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं