Mumbai Local Train: मुंबई की हार्बर लाइन सेवा सुबह लगभग साढ़े 9 बजे से बाधित है, क्योंकि ओवरहेड इलेक्ट्रिक वायर (OHE) ढीले होकर गिर गए. इस वजह से हार्बर लाइन पर अप और डाउन दोनों दिशाओं की लोकल ट्रेनें सुबह 9:16 बजे से रोक दी गई. पीक आवर्स में आई खराबी की वजह से काम करने निकले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
मध्य रेलवे कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार, चेंबूर रेलवे स्टेशन के पास सुबह करीब 9:10 बजे ओएचई तारों पर बाहरी तार गिरने की घटना सामने आई, जिसके बाद सुरक्षा कारणों से अप हार्बर लाइन पर रेल परिचालन निलंबित कर दिया गया. घटना की सूचना सुबह 9:45 बजे दर्ज की गई. रेलवे अधिकारियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और बहाली का कार्य शुरू कर दिया है.

रेलवे प्रशासन के अनुसार, तकनीकी टीम प्रभावित क्षेत्र में ओएचई लाइन से गिरे हुए तार को हटाने और विद्युत आपूर्ति बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रही है. इस घटना के कारण हार्बर लाइन पर यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है. रेलवे ने यात्रियों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और रेलवे द्वारा जारी अपडेट पर नजर रखने की अपील की है. फिलहाल बहाली का कार्य जारी है और रेलवे अधिकारियों की ओर से विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है.
ये भी पढ़ें- 2.2 लाख की कमाई के बाद भी क्यों नहीं बच रहे पैसे? मुंबई के कपल का बजट देखकर लोग रह गए हैरान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं