Dog Attack in Agar Malwa: मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में आवारा कुत्ते ने बच्चे पर खूनी हमला कर दिया. उसने मासूम के चेहरे को बुरी तरह नोच डाला, जिस वजह से उसका नाक और मुंह वाला हिस्सा अलग सा हो गया. कुत्ते के हमले में इतने गहरे जख्म आए कि उसे चेहरे पर 55 टांके आए हैं. बच्चे का इलाज करने वाले डॉक्टरों ने बताया कि चेहरे पर टांके लगाना बहुत चुनौती भरा रहा. बच्चा पूरी तरह से लहूलुहान हो गया था और खून भी नहीं रुक रहा था.
जानकारी के अनुसार, उज्जैन जिले के महिदपुर तहसील के देलवाडी गांव में बच्चा अपने घर के बाहर खेल रहा था. तभी कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया. कुत्ते ने बच्चे के चेहरे को इस तरह नोचा कि पूरा चेहरा लहूलुहान हो गया और बच्चे के चेहरे पर पचपन टांके लगाने पड़े.
तीन-तीन डॉक्टरों ने लगाए टांके
कुत्ते के हमले से इस कदर खून बह रहा था कि तीन-तीन डॉक्टरों ने मिल कर सर्जरी की और खून को रोका तब जाकर चेहरे पर टांके लगाए जा सके. इलाज के लिए नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. शशांक सक्सेना के साथ डॉ. जितेंद्र कैथवल और डॉ. अजहर मुल्तानी की मदद ली गई. बच्चे की हालत गंभीर होने के चलते उसे उपचार के लिए इंदौर रेफर किया गया है.
डॉक्टरों को टांके लगाना रहा चुनौती भरा
डॉक्टर अजहर मुल्तानी ने एनडीटीवी को बताया कि बच्चे के चेहरे पर इतने गंभीर घाव थे कि लगातार हो रहे रक्तस्राव को रोकना बड़ी चुनौती बन गया था. तीन चिकित्सकों की टीम ने मिलकर पहले खून बहना नियंत्रित किया और उसके बाद चेहरे पर कुल 55 टांके लगाए गए. घावों की स्थिति और बच्चे की कम उम्र को देखते हुए उपचार के दौरान अत्यधिक सावधानी बरतनी पड़ी.
आंखों के नजदीक चोटें, चेहरे पर गहरे जख्म
डॉक्टर जितेंद्र कैथवाल के अनुसार, चोटें आंखों के बेहद नजदीक थीं, जिससे स्थिति और भी संवेदनशील हो गई थी. चेहरे के कई हिस्सों में गहरे घाव थे और थोड़ी सी भी चूक गंभीर परिणाम दे सकती थी. जिला अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों और सुविधाओं के अनुसार सर्वोत्तम उपचार प्रदान किया गया, लेकिन बच्चे की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए इंदौर रेफर कर दिया गया.
फिलहाल बच्चे का उपचार इंदौर के अस्पताल में चल रहा है. चिकित्सकों की निगरानी में उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. परिवार और ग्रामीणों में घटना के बाद गहरा आक्रोश और चिंता का माहौल है.
ये भी पढ़ें- नसबंदी में घोटाला, ग्वालियर में 656 कुत्तों की बंध्याकरण का एफिडेविट निकला फर्जी, डॉक्टर पर FIR
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं