- अहमदाबाद प्लेन हादसे की अंतिम रिपोर्ट कब आएगी इसको लेकर केंद्रीय मंत्री ने बताया
- मंत्री राम मोहन नायडू ने बताया कि सरकार हादसे की जांच अच्छे से करना चाहती है
- उन्होंने कहा कि जांच की प्रक्रिया का पूरी तरह पालन हो ताकि भविष्य में कभी ऐसी दुर्घटना न हो
अहमदाबाद एयर इंडिया AI171 प्लेन हादसे को हुए अब एक साल से अधिक का वक्त गुजर चुका है. लेकिन अभी तक अंतिम जांच रिपोर्ट सामने नहीं आई है. रिपोर्ट्स के अनुसार, अभी जांच पूरी नहीं हुई है, जिस वजह से अंतिम रिपोर्ट जारी नहीं का सकी है. इस बीच एनडीटीवी को दिए इंटरव्यू में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू ने एएआईबी रिपोर्ट में देरी को लेकर स्थिति साफ की है. उन्होंने बताया कि आखिर जांच रिपोर्ट आने में इतनी देरी क्यों हो रही है और फाइनल रिपोर्ट कब तक सामने आएगी.
हादसे के वजहों का सच सामने आना जरूरी
राम मोहन नायडू ने कहा कि कुछ महीने में जांच पूरी हो सकती है, जिसके बाद रिपोर्ट सामने आएगी. उन्होंने कहा, "हमें स्पीड से ज्यादा सच्चाई पर ध्यान देना चाहिए ताकि यह पता चल सके कि आखिर यह हादसा क्यों हुआ और किस वजह से हुआ. हम चाहते हैं कि जांच की प्रक्रिया को पूरी तरीके से पालन किया जाए ताकि भविष्य में कभी ऐसी घटना दोबारा ना हो सके. यही वजह है कि हम चाहते हैं कि एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) को पूरा समय दिया जाए."
जांच पूरी होने के बाद करेंगे कार्रवाई
इससे पहले विमान हादसे की पहली बरसी पर मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए राम मोहन नायडू में सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा था कि विमान हादसे की जांच अभी भी जारी है. राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय नियमों के तहत जांच पूरी गंभीरता और पेशेवर तरीके से की जा रही है. हम भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने और विमान्न सुरक्षा को और मजबूत बनाने पर जोर दे रहें हैं. जांच पूरी होने के बाद उसके निष्कर्ष के आधार पर आवश्यक कदम उठाएंगे.
पिछले साल जुलाई में आई थी प्रारंभिक जांच रिपोर्ट
12 जून को एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो ने बयान जारी कहा कि एयर इंडिया विमान हादसे की जांच अभी जारी है और इसमें लगातार प्रगति हो रही है. इस जांच को भारत के विमान दुर्घटना जांच नियमों और अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन (ICAO) के तय मानकों के अनुसार किया जा रहा है. इस हादसे से जुड़ी शुरुआती तथ्यात्मक रिपोर्ट 12 जुलाई 2025 को जारी की गई थी.
दुर्घटना के हर पहलू की जांच
ब्यूरो के अनुसार, पिछले एक वर्ष के दौरान जांच टीम ने हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की है. इसमें विमान की तकनीकी स्थिति, संचालन प्रक्रिया, संगठनात्मक व्यवस्था, मानव त्रुटि की संभावना, विमान के सिस्टम, फ्लाइट रिकॉर्डर के डेटा, इंजन के पुर्जों, रखरखाव रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण सबूतों का विस्तार से अध्ययन किया गया है. इस काम में विभिन्न विशेषज्ञों और संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधियों का भी सहयोग लिया गया है. AAIB ने बताया कि अब तक जुटाए गए सबूतों और विभिन्न परीक्षणों के परिणामों का डिटेल विश्लेषण किया जा रहा है, जहां जरूरत होगी, वहां अतिरिक्त तकनीकी जांच और विशेषज्ञ परीक्षण भी कराए जाएंगे ताकि हर निष्कर्ष पुख्ता सबूतों और वैज्ञानिक तथ्यों पर आधारित हो. ब्यूरो ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी विमान दुर्घटना की जांच का उद्देश्य किसी व्यक्ति या संस्था को दोषी ठहराना नहीं होता. इसका मुख्य मकसद दुर्घटना से सबक लेकर भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा संबंधी सुझाव देना होता है.
260 लोगों की गई थी जान
दरअसल एक साल पूर्व 12 जून 2025 को अहमदाबाद में एयर इंडिया का AI171 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. इस हादसे में कुल 260 लोगों ने अपनी जान गंवाई थी. घटना के 1 साल बाद भी लोगों को अंतिम रिपोर्ट का इंतजार है जो अब तक सामने नहीं आई हैं.
पढ़िए, अहमदाबाद प्लेन क्रैश में नया मोड़, FIP ने AAIB से दोबारा जांच की मांग, क्या खुलेगा बड़ा राज
यह भी पढ़ें, पूरी मदद नहीं मिली, हादसे की वजह तक नहीं पता... अहमदाबाद प्लेन क्रैश के पीड़ित परिवारों ने NDTV को सुनाई दास्तां
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं