- अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ समझौते का किया ऐलान
- ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth पर लिखा कि अब स्ट्रेट ऑफ होर्मुज भी खुलेगा
- पिछले 107 दिनों से ईरान और अमेरिका के बीच जंग चल रही थी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जंग समाप्ति का ऐलान करते हुए लिखा कि ईरान के साथ समझौता पूरी तरह हो गया है. सभी को बधाई हो. उन्होंने आगे लिखा है कि अब स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खुलेगा. उन्होंने कहा कि इसके अलावा वहां अमेरिकी नौसेना की घेरेबंदी भी खत्म होगी. इस डील पर शुक्रवार को स्विट्जरलैंड में मुहर लगेगी और ईरान की तरफ से भी इसका ऐलान कर दिया गया है. इस समझौते पर मुहर लगने के बाद दोनों देशों के बीच 60 दिनों का युद्धविराम (सीजफायर) शुरू हो जाएगा और दोनों में न्यूक्लियर समझौते के लिए बातचीत होगी.
ट्रंप ने Truth पर डील का किया ऐलान
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth पर ट्रंप ने कहा कि मैं इस समझौते में शामिल सभी पक्षों को धन्यवाद कहता हूं. हालांकि, अभी इस डील को लेकर ईरान की तरफ से कुछ नहीं कहा गया है. ट्रंप के ऐलान के कुछ देर बाद ही दोनों देशों की बीच मध्यस्थता कर रहे पाकिस्तान ने भी समझौते के कंप्लीट होने की बात कही है.
ट्रंप ने कहा कि मैं स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के टोल फ्री ओपनिंग का ऐलान करता हूं. इसी के साथ मैं अमेरिकी नौसेना को होर्मुज से हटा रहा हूं. दुनिया के जहाज अब अपना इंजन स्टार्ट कर लें. अब तेल के कारोबार को होने दो. ट्रंप ने एक दूसरे पोस्ट में बताया है कि होर्मुज शुक्रवार से खुलेगा जब इस समझौते पर औपचारिक रूप से मुहर लग जाएगी.
ईरान ने क्या कहा?
ईरान के उप-विदेश मंत्री ने कहा कि शुक्रवार को होने जा रहे समझौते (मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग) के बाद तेहरान और वॉशिंगटन के बीच होने वाली 60 दिन की बातचीत इस बात पर निर्भर करेगी कि अमेरिका तीन वादे पूरे करे, खासकर ईरान के फ्रीज (जब्त) किए गए अरबों डॉलर के फंड को जारी करना. ईरानी सरकारी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, काजेम गरीबाबादी ने कहा कि इन वादों में नौसैनिक नाकेबंदी हटाना और खत्म करना, युद्ध और सैन्य अभियानों की स्थिति खत्म करना और ईरान के फ्रीज किए गए फंड को जारी करना शामिल हैं.
गरीबाबादी ने कहा, "60 दिन की बातचीत शुरू होना इस बात पर निर्भर करता है कि अमेरिका अपने वादों को पूरा करे." उन्होंने आगे कहा कि जब ईरान इन कदमों, खासकर वित्तीय वादों के पूरे होने की पुष्टि कर लेगा, तो तुरंत तकनीकी वर्किंग-ग्रुप की बातचीत शुरू हो जाएगी.
पाकिस्तान के पीएम शरीफ बोले- दोनों पक्ष तत्काल युद्ध रोकने पर सहमत
पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ ने इस डील के होने के बाद एक्स पर लिखा कि काफी लंबी बातचीत के हमें इस बात की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौता हो गया है. दोनों पक्ष लेबनान सहित सभी मोर्चों पर तत्काल और स्थायी तौर पर युद्ध रोकने पर सहमत हो गए हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं