भिंड: जिले के मेहगांव थाना क्षेत्र में 3 जून को मिले अज्ञात महिला के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा एक फटे हुए ट्रेन टिकट के टुकड़े से हुआ, जिसने पुलिस को सीधे हत्यारों तक पहुंचा दिया. पुलिस ने महिला के प्रेमी, उसकी दूसरी प्रेमिका और एक सहयोगी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
जानकारी के अनुसार, 3 जून को पिपरौली गांव के खेत के पास बंबा किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी. महिला का चेहरा बुरी तरह कुचला गया था, जिससे उसकी पहचान नहीं हो पा रही थी. घटनास्थल से खून से सना फावड़ा भी बरामद हुआ था . सूचना मिलते ही पुलिस, साइबर सेल, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंची और बारीकी से जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस को साक्ष्यों के आधार पर मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ निवासी इंद्रवती वर्मा के रूप में हुई . पुलिस ने अज्ञात आरोपियों पर हत्या का मामला दर्ज किया. गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था.
ट्रेन के टिकट से पुलिस को मिला बड़ा सुराग
पुलिस को घटनास्थल से ट्रेन टिकट का एक फटा हुआ टुकड़ा मिला . पुलिस ने उस टुकड़े को जोड़कर देखा तो पता चला कि टिकट मथुरा और ग्वालियर तक की यात्रा का था. यही सुराग इस ब्लाइंड मर्डर केस की सबसे बड़ी कड़ी साबित हुआ. पुलिस ने मथुरा और ग्वालियर रेलवे स्टेशन के 500 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जहां मृतका एक युवक के साथ दिखाई दी . जांच आगे बढ़ी तो पुलिस ने मेहगांव क्षेत्र के अजनौर गांव से कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया . पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि मृतका की हत्या उसके प्रेमी नारायण बघेल ने अपनी दूसरी प्रेमिका संगीता बघेल और दोस्त कुंदन बाथम के साथ मिलकर की थी.
लखनऊ प्रॉपर्टी डीलर मर्डर केस: संदीप सिंह हत्याकांड में 1 लाख इनामी गंगाराम यादव अरेस्ट
गुजरात में टिक्की बेचने का काम करता था मुख्य आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि नारायण बघेल गुजरात के सूरत में टिक्की बेचने का काम करता था. करीब तीन वर्ष पहले उसकी मुलाकात इंद्रवती वर्मा से हुई थी और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए थे. इंद्रवती और नारायण ने एक मंदिर में शादी की. लेकिन, इसके बाद नारायण उससे पीछा छुड़ाकर अपनी दस साल पुरानी प्रेमिका संगीता बघेल से विवाह करना चाहता था . संगीता भी लगातार नारायण पर दबाव बना रही थी . इसी वजह से संगीता बघेल ने प्रेमी के साथ हत्या की साजिश रची.
प्लान के तहत पिपरौली गांव में की हत्या
योजना के तहत संगीता ने प्रेमी नारायण के दोस्त कुंदन बाथम को इटावा से मेहगांव बुलाया और हत्या के लिए नया फावड़ा भी खरीदा. इसके बाद नारायण इंद्रवती को मथुरा से ग्वालियर लेकर आया. वहां से भिंड के लिए निकले, रास्ते में मेहगांव के सोनी स्टेशन पर पहुंचे, जहां उनकी मुलाकात संगीता और कुंदन से हुई. चारों लोग पैदल अजनौर गांव की ओर निकले. रात होने पर पिपरौली गांव के खेत के पास सुनसान स्थान पर प्रेमी नारायण ने उसका गला दबाया, फिर कुंदन ने इंद्रवती पर फावड़े से हमला कर उसकी निर्मम हत्या कर दी. हत्या के बाद आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए उसके चेहरे को भी फावड़े से बुरी तरह कुचल दिया गया.
आरोपियों को जेल भेजा
एसडीओपी संजय कोच्छा ने बताया कि खुलासे के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपियों ने हत्या करना कबूल की. पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं