विज्ञापन

एमपी में बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी का बेटा फरार घोषित, कोर्ट का आदेश- फाइल पर लाल स्याही से लिखें नोट

एमपी के शिवपुरी से बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी के बेटे दिनेश लोधी को ग्वालियर की विशेष अदालत ने फरार घोषित कर दिया है. कोर्ट ने आरोपी के खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी करते हुए केस फाइल पर लाल स्याही से नोट लगाने के सख्त निर्देश दिए हैं, जानिए क्या है पूरा मामला.

एमपी में बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी का बेटा फरार घोषित, कोर्ट का आदेश- फाइल पर लाल स्याही से लिखें नोट

अपने विवादित भाषणों और बयानों के कारण हमेशा चर्चा में रहने वाले भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी की मुश्किलें बढ़ गई हैं. शिवपुरी जिले की पिछोर सीट से भाजपा विधायक लोधी के बेटे दिनेश लोधी को लेकर अब अदालत ने सख्त रुख अपनाया है. ग्वालियर की विशेष अदालत (एट्रोसिटीज) ने विधायक के बेटे दिनेश लोधी को आधिकारिक तौर पर फरार घोषित कर दिया है. विशेष न्यायाधीश नवीन कुमार शर्मा की कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अभियुक्त के खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी करने के आदेश दिए हैं. इसके साथ ही कोर्ट ने संबंघित रिकॉर्ड को लाल स्याही में लिखी टिप्पणी के साथ सुरक्षित रखने के निर्देश भी जारी किए गए हैं. अब केस रिकॉर्ड के पहले पन्ने पर लाल स्याही से लिखा होगा-  प्रकरण में अभी अभियुक्त फरार है. 

पुरानी छावनी थाने में दर्ज है मामला

बता दें कि ये पूरा मामला ग्वालियर के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है. इसी थाने में जलालपुर गांव के रहने वाले 40 वर्षीय दिनेश लोधी के खिलाफ पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट के तहत प्रकरण क्रमांक 106/2023 दर्ज किया था. कोर्ट के आधिकारिक रिकॉर्ड के मुताबिक, इस मामले में कानूनी कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए दिनेश लोधी के खिलाफ 28 दिसंबर 2023 को पहली बार अदालत द्वारा गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था. हालांकि, इस शुरुआती वारंट के जारी होने के बाद से ही आरोपी कानूनी प्रक्रिया से बचता नजर आया. वह लगातार कोर्ट की तारीखों और पेशी से नदारद चल रहा है. पिछले लंबे समय से अदालत में उपस्थित न होने और पुलिस की गिरफ्त से दूर रहने के कारण ही अब न्यायालय को इस मामले में बेहद सख्त रुख अख्तियार करना पड़ा है.
ये भी पढ़ें: अब MP में 'बीएड कॉलेजों' का खेल: खेत में कैंपस, कागजों में छात्र और हलफनामे पर 125 कॉलेजों को हरी झंडी

कोर्ट ने रिकॉर्ड पर लाल स्याही से नोट लगाने के दिए निर्देश

गुरुवार को मामले की सुनवाई के दौरान पुरानी छावनी थाने के प्रधान आरक्षक संजय द्विवेदी ने कोर्ट में हाजिर होकर अभियुक्त का 'अदम तामील' वारंट और तस्दीक पंचनामा पेश किया. प्रधान आरक्षक के बयानों और पेश किए गए साक्ष्यों का बारीकी से अवलोकन करने के बाद कोर्ट ने दिनेश लोधी को फरार घोषित कर दिया. अदालत ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया है और सख्त निर्देश दिए हैं कि केस की फाइल के मुख्य पृष्ठ पर लाल स्याही से यह नोट लगाया जाए कि "प्रकरण में अभी अभियुक्त फरार है", ताकि भविष्य के लिए रिकॉर्ड पूरी तरह संरक्षित रह सके.

थार कार चढ़ाने के वीडियो से भी चर्चा में आया था दिनेश

अपने पिता प्रीतम सिंह लोधी की तरह दिनेश लोधी भी अक्सर विवादों और चर्चाओं में बना रहता है. कुछ समय पहले शिवपुरी जिले के पिछोर से दिनेश लोधी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था. इस वीडियो में वह एक थार कार को किसी व्यक्ति के ऊपर चढ़ाने का प्रयास करता हुआ नजर आया था, जिसने काफी तूल पकड़ा था. अब कोर्ट द्वारा स्थायी वारंट जारी होने के बाद पुलिस पर आरोपी विधायक पुत्र की गिरफ्तारी का दबाव बढ़ गया है.
ये भी पढ़ें: 'तुमसे सीखकर ही सिया ने केतन को मार डाला'— सोनम पर फूटा राजा रघुवंशी की मां का गुस्सा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Madhay Pardesh Police, Pritam Singh Lodhi, Gwalior Court News, MP News In Hindi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com