नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायणम्' का ट्रेलर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी जबरदस्त चर्चा हो रही है. भव्य विजुअल्स, दमदार बैकग्राउंड स्कोर और स्टार-स्टडेड कास्ट ने दर्शकों की उत्सुकता कई गुना बढ़ा दी है. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में नजर आ रहे हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता का किरदार निभा रही हैं. वहीं केजीएफ स्टार यश रावण के रोल में दिखाई देंगे. ट्रेलर में कई अहम किरदारों की झलक भी देखने को मिली है, जिसके बाद फैंस यह जानने को उत्सुक हैं कि आखिर फिल्म में कौन-सा कलाकार किस भूमिका में नजर आएगा. आइए जानते हैं ‘रामायण' की पूरी स्टार कास्ट और उनके किरदारों के बारे में.
रणबीर कपूर से लेकर यश तक, किसे मिला कौन-सा किरदार?
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता बनी हैं. टीवी अभिनेता रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे. फिल्म के सबसे चर्चित किरदार रावण को साउथ सुपरस्टार यश निभा रहे हैं. इसके अलावा सनी देओल भगवान हनुमान के रोल में दिखाई देंगे. ट्रेलर में इन सभी किरदारों की झलक ने दर्शकों का उत्साह और बढ़ा दिया है.
ये कलाकार निभाएंगे अहम भूमिकाएं
‘रामायणम्' में अरुण गोविल महाराज दशरथ के किरदार में नजर आएंगे. लारा दत्ता कैकेयी की भूमिका निभा रही हैं, जबकि इंदिरा कृष्णन माता कौशल्या बनी हैं. शीबा चड्ढा मंथरा के किरदार में दिखाई देंगी. अदीनाथ कोठारे भरत का रोल निभा रहे हैं. इसके अलावा काजल अग्रवाल मंदोदरी के रूप में नजर आएंगी. रकुल प्रीत सिंह रावण की बहन शूर्पणखा का किरदार निभा रही हैं, जबकि विवेक ओबेरॉय शूर्पणखा के पति विद्युज्जिह्वा की भूमिका में दिखाई देंगे.
सीता की बहन उर्मिला का रोल कौन निभा रहा है?
सीता की बहन उर्मिला के किरदार में अभिनेत्री सुरभि दास नजर आएंगी. नितेश तिवारी की इस मेगा बजट फिल्म में पौराणिक कथा को आधुनिक तकनीक और शानदार वीएफएक्स के साथ बड़े पर्दे पर पेश किया जा रहा है. यही वजह है कि फिल्म की कास्टिंग से लेकर हर अपडेट पर दर्शकों की खास नजर बनी हुई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं