Weightlifter Lovepreet Singh Win Silver in CWG 2026: वेटलिफ्टर लवप्रीत सिंह ने गुरुवार देर रात भारत को कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का सिल्वर मेडल दिलाया. लवप्रीत ने यह मेडल पुरुषों की 110+ किलोग्राम भार वर्ग प्रतियोगिता में जीता. लवप्रीत ने कुल 388 किग्रा वजन उठाया, जो न्यूजीलैंड के डेविड लिटी से सिर्फ 1 किग्रा कम था; लिटी ने 389 किग्रा के साथ गोल्ड मेडल जीता. इंग्लैंड के एंड्रयू ग्रिफिथ्स ने कुल 356 किग्रा (165 + 191) के साथ तीसरा स्थान हासिल किया.
लवप्रीत सिंह 'स्नैच' में सबसे ज्यादा भार उठाने वाले वेटलिफ्टर रहे, जिन्होंने अपने पहले प्रयास में 168 किग्रा वजन उठाया. इसके बाद 173 किग्रा वजन भी सफलतापूर्वक उठाया. अपने अंतिम प्रयास में लवप्रीत सिंह ने 176 किग्रा वजन उठाकर दूसरे स्थान पर चल रहे न्यूजीलैंड के डेविड एंड्रयू लिटी के खिलाफ 10 किग्रा वजन की बढ़त हासिल कर ली थी.
इसके बाद 'क्लीन एंड जर्क' में, उन्होंने 205 किग्रा और 212 किग्रा वजन उठाया और फिर अपनी आखिरी लिफ्ट में 217 किग्रा उठाने की हिम्मत दिखाई, लेकिन आखिरी कोशिश सफल नहीं रही.
स्नैच में 166 किग्रा वजन उठाने वाले डेविड लिटी ने क्लीन एंड जर्क में 223 किग्रा का निर्णायक वजन उठाकर लवप्रीत से बहुत कम अंतर से बढ़त बनाते हुए खिताब अपने नाम किया.
6 सितंबर 1997 को पंजाब के सीमावर्ती ज़िले अमृतसर के बाल सिकंदर गांव के रहने वाले लवप्रीत एक साधारण परिवार से आते हैं. उनके पिता दर्ज़ी हैं, जबकि उनके दादा सब्ज़ियां बेचकर गुज़ारा करते थे. परिवार के कहने पर उन्होंने पुश्तैनी काम के बजाय खेल को चुना और 13 साल की उम्र में DAV ग्राउंड में वेटलिफ़्टिंग शुरू की. तब से वे भारत के बेहतरीन हेवीवेट लिफ़्टर्स में से एक बनकर उभरे हैं.
समोआ के मज़बूत दावेदार सानेले माओ के जल्दी बाहर हो जाने से लवप्रीत की स्थिति और मज़बूत हो गई. माओ स्नैच में 175kg उठाने के तीनों प्रयासों में नाकाम रहे, जिससे लवप्रीत गोल्ड मेडल के सबसे बड़े दावेदार बन गए, लेकिन लिटी ने क्लीन एंड जर्क में ज़बरदस्त वापसी की.
न्यूज़ीलैंड के लिटी ने 207kg से शुरुआत करके अंतर कम किया, जबकि लवप्रीत ने अपने दूसरे प्रयास में 212kg का अपना पर्सनल बेस्ट रिकॉर्ड बराबर किया.
"कम ऑन जट्टा" और "कम ऑन सिंह" के नारों के बीच, लवप्रीत ने अपने आखिरी प्रयास में 217kg का साहसी फ़ैसला लिया. यह ऐसा लिफ़्ट था जिससे गेम्स रिकॉर्ड टूट सकता था और गोल्ड मेडल पक्का हो सकता था.
वो वजन को 'क्लीन' तो कर पाए, लेकिन उसे सिर के ऊपर 'जर्क' करने के लिए ज़रूरी ताक़त नहीं जुटा पाए. इससे लिटी के लिए मौका बन गया. उन्होंने क्लीन एंड जर्क में 223kg का ज़बरदस्त वज़न उठाकर नया गेम्स रिकॉर्ड बनाया और बहुत कम अंतर से गोल्ड मेडल जीत लिया.
लवप्रीत सिंह ने स्थानीय वेटलिफ्टर्स से प्रेरित होकर, साल 2010 में 13 साल की उम्र में स्थानीय कोचों की देखरेख में वेटलिफ्टिंग शुरू की. आर्थिक तंगी के बावजूद, उनके दृढ़ संकल्प और अनुशासित ट्रेनिंग ने उन्हें जूनियर और सीनियर स्तर पर लगातार आगे बढ़ने में मदद की. साल 2017 में पटियाला स्थित स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) के नेशनल कैंप में शामिल होने से पहले, लवप्रीत ने नेशनल लेवल की प्रतियोगिताओं में पंजाब का प्रतिनिधित्व किया था. शुरुआत में उन्होंने 105 किलोग्राम कैटेगरी में हिस्सा लिया और जूनियर कॉमनवेल्थ और एशियन जूनियर चैंपियनशिप में मेडल जीते.
इंटरनेशनल वेटलिफ्टिंग फेडरेशन (आईडब्ल्यूएफ) की नई वेट कैटेगरी लागू होने के बाद लवप्रीत 109 किलोग्राम कैटेगरी में चले गए, जहां उन्होंने 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल और 2022 कॉमनवेल्थ वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं