भिंड: मध्य प्रदेश के भिंड जिले में ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर न्यायिक मजिस्ट्रेट की जबरदस्त सख्ती देखने को मिली. मेहगांव क्षेत्र में भिंड-ग्वालियर नेशनल हाईवे-719 पर लगाए गए मोबाइल कोर्ट के दौरान गोहद तहसीलदार राकेश श्रीवास्तव की सरकारी गाड़ी पर अवैध रूप से हूटर लगा पाए जाने पर 10 हजार रुपये का चालान काटा गया. इतना ही नहीं, न्यायिक मजिस्ट्रेट ने मौके पर ही खड़े होकर गाड़ी से अवैध हूटर उतरवाया और कार्रवाई को अंजाम दिया.

judicial magistrate swati baghel fines gohad tehsildar for illegal hooter bhind news.
तहसीलदार का 10 हजार का चालान
जानकारी के अनुसार, गोहद में पदस्थ तहसीलदार राकेश श्रीवास्तव भिंड से गोहद अपनी ड्यूटी पर जा रहे थे. इस दौरान न्यायिक मजिस्ट्रेट स्वाति बघेल के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष वाहन जांच अभियान के तहत उनकी गाड़ी को रोककर जांच की गई. जांच में वाहन पर नियमों के विरुद्ध हूटर लगा मिला, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये का चालान काटा गया और मौके पर ही हूटर हटवा दिया गया.
वाहनों की सख्त जांच की गई
इस विशेष अभियान में न्यायिक मजिस्ट्रेट स्वाति बघेल, न्यायालय का स्टाफ और मेहगांव थाना प्रभारी रविन्द्र शर्मा की संयुक्त टीम मौजूद रही. भिंड-ग्वालियर NH-719 पर लगाए गए मोबाइल कोर्ट के जरिए ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की सघन चेकिंग की गई. अभियान के दौरान गाड़ियों पर लगी ब्लैक फिल्म (काले शीशे) भी उतरवाई गईं. स्वयं न्यायिक मजिस्ट्रेट ने मौके पर मौजूद रहकर पूरी कार्रवाई की निगरानी की.
70 हजार 200 रुपये का जुर्माना वसूला
इस पूरे चेकिंग अभियान के दौरान कुल 38 वाहनों के चालान काटे गए, जिनसे कुल 70 हजार 200 रुपये का जुर्माना वसूला गया. वहीं, नियमों का गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर 4 चारपहिया वाहन और 2 मोटरसाइकिलों को जब्त कर न्यायालयीन कार्रवाई के लिए भेजा गया. इन वाहनों को अब अदालत के आदेश के बाद ही छोड़ा जाएगा.
MP के घूसखोर: रिटायरमेंट से कुछ घंटे पहले अधिकारी ने ली रिश्वत, पटवारी और बाबू भी घूस लेते धराए
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं