मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के संवेदनशील माने जाने वाले इतवारा क्षेत्र में पुलिस ने देर रात एक बड़ी और सुनियोजित कार्रवाई को अंजाम दिया. करीब 200 पुलिसकर्मियों की टीम ने 40 से अधिक घरों पर एक साथ छापेमारी की. इस कार्रवाई के दौरान कई घरों में बने गुप्त तहखानों से गांजा, चरस और अन्य अवैध मादक पदार्थों का बड़ा जखीरा बरामद किया. पुलिस को तलाशी के दौरान हथियार और बारहसिंगा के सींग भी मिले हैं. एक दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप और सनसनी का माहौल है.
देर रात शुरू हुआ मेगा सर्च ऑपरेशन
पुलिस की यह कार्रवाई देर रात शुरू हुई, जब भारी संख्या में पुलिस बल अचानक इतवारा इलाके में पहुंचा. स्थानीय लोगों को कुछ समझ आता, इससे पहले ही पुलिस की टीमें अलग-अलग घरों में दाखिल हो गईं और तलाशी अभियान शुरू कर दिया. बताया जा रहा है कि कार्रवाई पूरी तरह गोपनीय रखी गई थी, ताकि किसी भी संदिग्ध को भागने का मौका न मिल सके.
घरों के अंदर बने मिले गुप्त तहखाने
तलाशी के दौरान पुलिस उस समय हैरान रह गई, जब कई मकानों के भीतर गुप्त तहखाने मिले. जांच में सामने आया कि इन तहखानों का इस्तेमाल मादक पदार्थ छिपाने के लिए किया जा रहा था. कई घरों में स्टोर रूम के नीचे तहखाने बनाए गए थे, जहां गांजा और अन्य नशीले पदार्थ छिपाकर रखे थे. कुछ जगहों पर कपड़ों के गट्ठों के नीचे भी अवैध सामान छिपाया था.
गांजा, चरस, हथियार और वन्यजीव अवशेष बरामद
पुलिस ने छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में गांजा और चरस जब्त की है. इसके अलावा कुछ घरों से हथियार भी मिले हैं. कार्रवाई के दौरान बारहसिंगा के सींग बरामद होने से मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है. पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि बरामद वन्यजीव अवशेषों का किसी अवैध गतिविधि से संबंध है या नहीं.
महिलाओं समेत कई लोग हिरासत में
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने महिलाओं और पुरुषों सहित एक दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है. सभी से पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नशे के इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसका संचालन कितने समय से किया जा रहा था.
लंबे समय से मिल रही थीं तस्करी की शिकायतें
पुलिस को लंबे समय से इतवारा इलाके से नशा तस्करी की शिकायतें मिल रही थीं. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यहां से अवैध मादक पदार्थों की सप्लाई सिर्फ भोपाल तक सीमित नहीं थी, बल्कि शहर के बाहर भी की जा रही थी. जांच में यह बात भी सामने आई है कि इस अवैध कारोबार में पुरुषों के साथ कुछ महिलाएं भी सक्रिय भूमिका निभा रही थीं.
पूछताछ जारी, आगे हो सकते हैं बड़े खुलासे
फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है. अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ और जब्त किए गए सामान की जांच के बाद नशा तस्करी से जुड़े बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है. पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं