Madhya Pradesh-Chhattisgarh Monsoon 2026: प्री-मानसून के सक्रिय होने से पूरा मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ भीग रहा है. हालांकि मानसून इस बार दोनों राज्यों में लेट पहुंचेगा. पहले आईएमडी ने मानसून के छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh Monsoon 2026) में 12 जून तक पहुंचने का अनुमान लगाया था, लेकिन तय तारीख पर यह मानसून की दस्तक नहीं हुई. अब मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में दक्षिण बस्तर में मानसून के पहुंचने का अनुमान लगाया है. वहीं मध्य प्रदेश में 18 जून तक मानसून एंटर हो सकता है. यानी तीन दिन लेट यहां मानसून पहुंचेगा.
एमपी में मानसून 3-4 दिन लेट
बता दें कि मध्य प्रदेश में आमतौर पर मानसून की दस्तक 15 जून के आसपास हो जाती है. हालांकि पिछले साल प्रदेश में मानसून 1 दिन लेट यानी 16 जून को दस्तक दी थी. मानसून ने बड़वानी, खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर जिलों के रास्ते प्रदेश में एंट्री की थी. इस बार मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश में 18 जून तक मानूसन की एंट्री होने की संभावना जताई है.
हालांकि एमपी में प्री मानसून सक्रिय हो गया है. कहीं तेज आंधी चल रही है तो कहीं ओले-बारिश का दौर जारी है. शनिवार को भोपाल समेत कई जिलों में 70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चली. इस बीच मौसम केंद्र (IMD) भोपाल ने बताया कि मानसून के आने तक पूरे प्रदेश में प्री-मानसूनी एक्टिविटी जारी रहेगी.
इन जिलों में प्री मानसून बारिश
IMD ने रविवार, 14 जून को शिवपुरी और अशोकनगर में तेज आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना,नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, भिंड, श्योपुर, राजगढ़, विदिशा, सागर, बालाघाट, मंडला, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी,डिंडौरी, अनूपपुर, जबलपुर, कटनी, दमोह, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में बारिश होने की संभावना है.
छत्तीसगढ़ में कब होगी मानसून की दस्तक?
छत्तीसगढ़ की बात करें तो यहां आमतौर पर 13 जून के आसपास मानसून की एंट्री हो जाती है. पिछले साल प्रदेश में मानसून का दस्तक काफी पहले 28 मई को हुआ था. हालांकि एंट्री के बाद 5 दिनों तक मानसून सुकमा में ही अटका रहा और फिर आगे की ओर रुख किया था. इस बार मानसून 3 से 4 दिन लेट पहुंचेगा. अगले दो दिनों में दक्षिण बस्तर में मानसून के पहुंचने का अनुमान है.
हालांकि मानसून की दस्तक से पहले छत्तीसगढ़ में प्री मानसून की गतिविधियां तेज हो गई है. जिसके चलते प्रदेश के कई क्षेत्रों में मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश हो रही है. मौसम विभाग की माने तो अगले पांच दिनों तक मेघगर्जन और वज्रपात के साथ बारिश होने की संभावना है. साथ ही तेज रफ्तार में हवा चलेगी. बता दें कि प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के नीचे पहुंच गया है.
ये भी पढ़ें: एक के बाद एक 8 लोगों की रहस्यमयी मौत! जांच के लिए कब्र से निकाला शव, ग्रामीण परेशान
ये भी पढ़ें: IAS प्रतिभा पाल का एक्शन: गेहूं की 600 बोरियों से निकली मिट्टी तो नपे ये 2 अधिकारी
ये भी पढ़ें: ग्वालियर: तिघरा डैम में मेडिकल कॉलेज के दो छात्र डूबे, पुलिस ने शुरू किया सर्चिंग ऑपरेशन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं