देश में बंगाल से लेकर महाराष्ट्र तक सियासत गरमाई हुई है. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में भाजपा की बंपर जीत और ममता बनर्जी की पार्टी (TMC) में टूट के बाद, अब महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना (UBT) सुर्खियों में है. क्या ठाकरे की शिवसेना में फिर से फूट पड़ेगी? क्या यहां भी सांसदों में पार्टी बदलने के लिए भगदड़ मचेगी? इन सवालों का जवाब तो आने वाले वक्त में मिलेगा, लेकिन इस वक्त उद्धव ठाकरे की शिवसेना एकजुटता दिखाने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है. इसकी एक बानगी 'मातोश्री' में बुलाई गई अहम बैठक में देखने को मिली है.
शिवसेना (यूबीटी) सांसदों की बैठक में कौन-कौन आया?
शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने आज 'मातोश्री' पर सभी लोकसभा सांसदों की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई थी. इस बैठक में सांसद अरविंद सावंत, अनिल देसाई, संजय दीना पाटिल और राजाभाऊ वाजे प्रत्यक्ष रूप से मौजूद थे. इसके अलावा ओमराजे निंबालकर, भाऊसाहेब वाघेचौरे, नागेश अष्टिकर और संजय देशमुख वर्चुअल (ऑनलाइन) माध्यम से शामिल हुए. वहीं, उद्धव ठाकरे ने परभणी के सांसद संजय बंधु जाधव से फोन पर बात की.
UBT सांसदों की बैठक की मुख्य बातें
- सांसदों से कहा गया कि वे किसानों के कर्ज माफी का मुद्दा उठाएं और किसानों को कर्ज से राहत देने की सरकारी नीति पर सवाल करें.
- ठाकरे ने सांसदों को महंगाई, किसानों की परेशानी और जनता से जुड़े अन्य मुद्दों को जोर-शोर से उठाने का निर्देश दिया.
- यह स्पष्ट किया गया कि सभी शिवसेना (UBT) सांसद एकजुट हैं और पार्टी के साथ बने हुए हैं; पार्टी छोड़ने की अटकलों को खारिज किया गया.
- सांसदों से कहा गया कि वे पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच नेताओं के विरोधी दलों के संपर्क में होने की खबरों को लेकर किसी भी तरह की गलतफहमी को दूर करें.
- सांसदों की बैठक की तरह ही रविवार को जिला प्रमुखों की भी एक ज़ूम बैठक तय की गई है.
- जिला प्रमुखों के साथ बातचीत के दौरान, ठाकरे जिलेवार मुद्दों और स्थानीय चुनौतियों की समीक्षा करेंगे.
- जिला नेताओं से उनके संबंधित क्षेत्रों में समस्याओं और राजनीतिक घटनाक्रमों पर फीडबैक मांगा गया.
शिवसेना पक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे यांनी आज 'मातोश्री'वर लोकसभेतील सर्व खासदारांची महत्त्वाची बैठक बोलावली
— Sanjay Raut (@rautsanjay61) June 14, 2026
बैठकीत
अरविंद सावंत
अनिल देसाई
संजय दिना पाटील
राजाभाऊ वाझे
हे उपस्थित होते.शिवाय
ओमराजे निंबाळकर
भाऊसाहेब वाघचौरे
नागेश आष्टीकर
संजय देशमुख हे खासदार व्हर्चुअली…
महाराष्ट्र में 'ऑपरेशन टाइगर'
बता दें कि मातोश्री में सांसदों की यह बैठक उस समय आयोजित हुई है, जब टीएमसी के घटनाक्रम के बाद हर किसी की नजरें शिवसेना यूबीटी पर टिकी हैं. राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि टीएमसी के कई विधायकों और सांसदों द्वारा ममता बनर्जी का साथ छोड़ने के पीछे भाजपा का हाथ है. इसी वजह से महाराष्ट्र की सियासत में 'ऑपरेशन टाइगर' की चर्चा तेज हो गई है. इसके तहत दावा किया जा रहा है कि महाराष्ट्र के मौजूदा मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना, उद्धव ठाकरे (शिवसेना-UBT) के सांसदों को अपने पाले में ला सकती है. यही वजह है कि उद्धव ठाकरे पूरी तरह सतर्क हो गए हैं.
ये भी पढ़ें- उद्धव ठाकरे को फिर से पार्टी में टूट का डर, कितने सांसद देंगे साथ? मातोश्री में आज बुलाई निर्णायक बैठक
शिवसेना ठाकरे गुट के कितने सांसद?
उल्लेखनीय है कि लोकसभा में शिवसेना ठाकरे गुट के 9 सांसद हैं, जबकि राज्यसभा में पार्टी का प्रतिनिधित्व खुद संजय राउत कर रहे हैं. हालांकि, मातोश्री की इस बैठक में शिवसेना यूबीटी के सभी नौ सांसद प्रत्यक्ष रूप से एक साथ नजर नहीं आए. दूसरी तरफ, शिंदे गुट के एक वरिष्ठ नेता ने कथित तौर पर भविष्यवाणी की है कि अगले चार-पांच दिनों में ठाकरे गुट के छह से सात सांसद पाला बदल लेंगे. इसी दावे के बाद से महाराष्ट्र की राजनीति में 'ऑपरेशन टाइगर' को लेकर कयासों का बाजार गर्म है.
ये भी पढ़ें- TMC में टूट से महाराष्ट्र में सियासी बेचैनी! मजबूती दिखा रहे NCP के दोनों धड़े
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं