शिवपुरी जिले के पिछोर में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला. आमतौर पर जनसभाओं में लोग सड़क, पानी, बिजली या बैंक जैसी सुविधाओं की मांग करते हैं और नेताओं से आश्वासन मिलता है, लेकिन इस बार एक मांग के जवाब में सिंधिया ने ऐसी शर्त रख दी कि पूरा पंडाल तालियों से गूंज उठा. दरअसल, जब एक युवक ने अपने क्षेत्र में राष्ट्रीयकृत बैंक की शाखा खोलने की मांग की, तो सिंधिया ने मुस्कुराते हुए कहा कि पहले तंबाकू छोड़ने की कसम खाओ, बैंक दिलाने की जिम्मेदारी मेरी. इसके बाद उन्होंने युवक को मंच से ही नशा मुक्ति की शपथ दिलवा दी.
तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे थे सिंधिया
केंद्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने संसदीय क्षेत्र के तीन दिवसीय प्रवास पर शिवपुरी जिले के पिछोर पहुंचे. यहां विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किए. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग मौजूद थे, जिन्होंने अपनी समस्याएं और मांगें मंत्री के सामने रखीं.
युवक ने रखी बैंक शाखा खोलने की मांग
कार्यक्रम के दौरान एक युवक ने मंच के सामने आकर सिंधिया से कहा कि उनके इलाके में कोई राष्ट्रीयकृत बैंक की शाखा नहीं है. बैंकिंग सुविधा नहीं होने के कारण ग्रामीणों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है. युवक ने आग्रह किया कि यदि प्रयास किए जाएं तो क्षेत्र में जल्द बैंक खोला जा सकता है.
सिंधिया ने रख दी अनोखी शर्त
युवक की बात सुनने के बाद सिंधिया ने तुरंत जवाब दिया, लेकिन उनका अंदाज कुछ अलग था. उन्होंने मुस्कुराते हुए युवक से कहा, "बैंक तो मिल जाएगा, लेकिन पहले सबके सामने कसम खाओ कि आज के बाद कभी तंबाकू नहीं खाओगे." सिंधिया की यह बात सुनते ही कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोग उत्साहित हो गए और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा पंडाल गूंज उठा.
मंच से दिलवाई नशा मुक्ति की शपथ
इसके बाद सिंधिया ने युवक को सार्वजनिक रूप से तंबाकू छोड़ने की शपथ दिलवाई. उन्होंने लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश भी दिया. विकास की मांग को स्वास्थ्य जागरूकता से जोड़ने का उनका यह तरीका वहां मौजूद लोगों को काफी पसंद आया.
नशा मुक्ति की शपथ दिलवाने के बाद सिंधिया ने युवक और क्षेत्र के लोगों को आश्वस्त किया कि बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे. उन्होंने संकेत दिए कि क्षेत्र की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इस दिशा में उचित कदम उठाए जाएंगे.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
सभा का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. लोग सिंधिया के इस सहज और चुटीले अंदाज की चर्चा कर रहे हैं. कई लोग इसे नशा मुक्ति के संदेश से जोड़कर सराह रहे हैं, वहीं कुछ लोग इसे जनप्रतिनिधि और जनता के बीच सीधे संवाद का अच्छा उदाहरण बता रहे हैं. इस कारण यह वाकया पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं