विज्ञापन

खेत में गड़ा मिला 1.5 करोड़ का सोना ! सिंधिया की शपथ के महीने भर बाद ही पारदी गिरोह का बड़ा कांड

गुना के चक चुरेला में हुई 1.5 करोड़ रुपये के सोने की सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने 6 दिन में खुलासा कर दिया है. पारदी गिरोह के बदमाशों ने चोरी का सोना खेत में बिजली के खंभे के नीचे गाड़कर छिपा रखा था जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया. दिलचस्प बात यह है कि सिंधिया द्वारा दिलाई गई शपथ के ठीक एक महीने बाद ही गिरोह ने इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया.

खेत में गड़ा मिला 1.5 करोड़ का सोना ! सिंधिया की शपथ के महीने भर बाद ही पारदी गिरोह का बड़ा कांड

मध्य प्रदेश के गुना जिले में पुलिस ने करीब डेढ़ करोड़ रुपये की सनसनीखेज चोरी का महज 6 दिनों के भीतर पर्दाफाश हो गया है. फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम चक चुरेला में पंचायत सचिव पवन मीना (बाबूलाल मीना) के घर से पूरी तिजोरी उखाड़ कर ले जाने वाले शातिर पारदी गिरोह के दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. बदमाशों ने चोरी किए गए माल को छिपाने के लिए अनोखा तरीका अपनाया था और लगभग 985.150 ग्राम सोना खेत में बिजली के खंभे के ठीक नीचे जमीन में गाड़ दिया था. पुलिस ने 15 जिलों में लगातार दबिश देकर और बुलडोजर कार्रवाई का दबाव बनाकर न सिर्फ इस डेढ़ करोड़ रुपये कीमत के सोने को बरामद किया, बल्कि 18 से 20 बदमाशों के गिरोह का पर्दाफाश भी कर दिया. दिलचस्प बात यह है कि जिस गांव से जुड़े बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया, वहां ठीक एक महीने पहले केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्रामीणों को चोरी-डकैती न करने की शपथ दिलाई थी.

पंचायत सचिव पवन मीना  उर्फ बाबूलाल मीना के घर हुई बड़ी चोरी की वारदात में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. आरोपियों की निशानदेही पर खेत में बिजली के खंभे के नीचे से करोड़ों के सोने की बरामदगी हुई है.

पंचायत सचिव पवन मीना उर्फ बाबूलाल मीना के घर हुई बड़ी चोरी की वारदात में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. आरोपियों की निशानदेही पर खेत में बिजली के खंभे के नीचे से करोड़ों के सोने की बरामदगी हुई है. Photo Credit: विनोद कुशवाहा

तिजोरी समेत उड़ाई थी बाइक, कैश और 2.5 किलो सोना

वारदात 2 और 3 जुलाई 2026 की मध्यरात्रि की है, जब 18 से 20 बदमाशों के गिरोह ने चक चुरेला गांव में धावा बोला. बदमाश घर में रखी पूरी तिजोरी ही उठाकर ले गए, जिसमें करीब 2 किलोग्राम सोने के जेवरात, 3 किलोग्राम चांदी, 11.50 लाख रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल रखी हुई थी. ग्रामीण इलाका होने और आसपास सीसीटीवी कैमरे न होने के कारण पुलिस के लिए इस बड़ी वारदात का सुराग खोजना एक मुश्किल चुनौती बन गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने खुद घटनास्थल का मुआयना किया और आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष रणनीति बनाई.

15 जिलों में पुलिस की रेड और बुलडोजर का खौफ

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन और एसडीओपी विवेक अष्ठाना के मार्गदर्शन में फतेहगढ़, कैंट, राघौगढ़, बमोरी, साइबर सेल और पुलिस लाइन समेत सात थानों के करीब 72 पुलिसकर्मियों की संयुक्त टीमें गठित की गईं. फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड की मदद से मिले सुरागों का विश्लेषण करने पर शक की सुई धरनावदा थाना क्षेत्र के कनेरा गांव से जुड़े पारदी गिरोह पर जाकर टिकी.

आरोपियों की तलाश में पुलिस ने मध्य प्रदेश के गुना, शिवपुरी, विदिशा, उज्जैन, रतलाम, इंदौर, भोपाल समेत 15 जिलों और राजस्थान के कोटा, झालावाड़, बारां व छाबड़ा में लगातार छापेमारी की. इतना ही नहीं, पुलिस ने कनेरा गांव में आरोपियों के मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई भी की, जिससे बदमाशों पर चौतरफा दबाव बन गया.

जमीन खोदते ही चमक उठा करोड़ों का सोना

कड़े पुलिस दबाव और सटीक मुखबिर तंत्र के बल पर पुलिस ने 8 अगस्त 2026 को घेराबंदी करके दो मुख्य आरोपियों राजू पारदी (35 वर्ष) और गजानंद पारदी (48 वर्ष) को धर दबोचा. पुलिस पूछताछ में आरोपियों की निशानदेही पर जब खेत में लगे एक बिजली के खंभे के नीचे जमीन खोदी गई, तो पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए. जमीन में गड्ढा खोदकर छिपाया गया 985.150 ग्राम सोना बरामद कर लिया गया, जिसकी वर्तमान बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 47 लाख 77 हजार 250 रुपये है.
ये भी पढ़ें: रीवा रियासत के अजब-गजब नियम: जब 4 घोड़ों की बग्घी पर बिफरे राजा, अकबर को दी पनाह और हिंदी को बनाया राजभाषा

सिंधिया ने दिलाई थी शपथ, महीने भर बाद ही कर दी करोड़ों की चोरी

इस पूरी वारदात से जुड़ा एक बेहद दिलचस्प और चर्चा का विषय बना संयोग भी सामने आया है. चोरी की इस घटना से ठीक एक महीने पहले केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया कनेरा गांव पहुंचे थे. वहां एक सब-स्टेशन के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों को अपराध न करने और चोरी-डकैती से दूर रहने की शपथ दिलाई थी. हालांकि, इस शपथ के ठीक एक महीने बाद ही इसी गांव से ताल्लुक रखने वाले बदमाशों ने इस बड़ी चोरी को अंजाम देकर पुलिस प्रशासन और कानून व्यवस्था को खुली चुनौती दे डाली.

फरार साथियों और बाकी सामान की तलाश जारी

मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने बताया कि चोरी गए माल में से 985 ग्राम से अधिक सोना बरामद किया जा चुका है और यह मामला पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती था, जिसे कड़ी मेहनत से हल किया गया है. पुलिस ने मामले में शामिल अन्य सभी फरार आरोपियों की पहचान कर ली है और बाकी बचे सोने-चांदी के जेवरात व नकदी की बरामदगी के लिए विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं.
ये भी पढ़ें: मंत्री विश्वास सारंग के पैरों में गिरी घायल महिलाएं, कलेक्टर-SP को तुरंत सख्त एक्शन के मिले निर्देश

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Guna Crime News, Madhya Paradeh News, Jyotiraditya Scindia, Madhaya Pradesh Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com