- भोपाल के बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने करौंद चौराहे पर मिसाइल गिराने का विवादित बयान दिया था.
- विधायक ने बाद में पाकिस्तान के इस्लामाबाद के काजी कैंप का जिक्र कर अपनी बात को स्पष्ट करने की कोशिश की.
- कांग्रेस ने विधायक की सफाई को खारिज करते हुए कहा कि इस्लामाबाद में काजी कैंप नाम की कोई जगह नहीं है.
भोपाल में बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा के एक विवादित बयान ने मध्य प्रदेश की राजनीति में आग लगा दी है. उनका कहना है कि 'करौंद चौराहे पर मिसाइल लगाओ और काजी कैंप पर गिरा दो'. इस भड़काऊ बोल के बाद सियासी बवाल मचना ही था, और वही हुआ. भले ही बाद में विधायक ने अपने शब्दों को संभालने की कोशिश की और सफाई दी, लेकिन कांग्रेस ने इस मुद्दे को हाथों-हाथ ले लिया है. अब उन पर भड़काऊ भाषण देने के आरोप में एफआईआर दर्ज करने और उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की जा रही है.
मंच से फिसली जुबान या सोची-समझी चाल?
दरअसल, भोपाल के करौंद चौराहे पर जन्माष्टमी का एक कार्यक्रम चल रहा था. इसी कार्यक्रम में बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा मंच से लोगों को संबोधित कर रहे थे. भाषण के बीच वो अचानक बोल पड़े, “जब लोग कहते थे कि हम सुई तक नहीं बना सकते, तब मोदी जी ने कहा कि हम मिसाइल बनाएंगे... करौंद चौराहे पर मिसाइल लगा दो और काजी कैंप पर गिरा दो.” इस बात पर जब वहां मौजूद भीड़ ने तालियां बजानी शुरू कीं, तो विधायक को शायद विवाद का अहसास हुआ. उन्होंने बात को पलटते हुए फौरन कहा कि वो भोपाल वाले काजी कैंप की नहीं, बल्कि पाकिस्तान के इस्लामाबाद वाले काजी कैंप की बात कर रहे थे.
'इस्लामाबाद में कोई काजी कैंप नहीं'- कांग्रेस
विधायक शर्मा की इस सफाई को कांग्रेस ने सिरे से खारिज कर दिया है. कांग्रेस का साफ कहना है कि पाकिस्तान के इस्लामाबाद में काजी कैंप नाम की कोई जगह है ही नहीं. कांग्रेस के मुताबिक, रामेश्वर शर्मा ने जानबूझकर भोपाल के काजी कैंप को ही अपना निशाना बनाया है और अब विवाद से बचने के लिए झूठी सफाई दे रहे हैं.
'देश को बांटने वाला और संविधान विरोधी बयान'
इस पूरे मामले पर कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव बरोलिया ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने रामेश्वर शर्मा के इस भाषण को पूरी तरह से भड़काऊ और देश को बांटने वाला बताया है. बरोलिया ने कहा कि एक खुले मंच से जनता के बीच इस तरह की बातें करना सिर्फ नफरत फैलाने का काम है. उन्होंने आरोप लगाया कि रामेश्वर शर्मा लगातार हिंदू-मुस्लिम के मुद्दे पर इस तरह की बयानबाजी करते रहते हैं, जो कि पूरी तरह गलत और संविधान के खिलाफ है.
संघ प्रमुख से सवाल और गिरफ्तारी की मांग
कांग्रेस ने अब इस मामले में पुलिस और प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है. अभिनव बरोलिया ने कहा कि पुलिस को तुरंत इस भड़काऊ भाषण का संज्ञान लेना चाहिए, विधायक पर एफआईआर दर्ज करनी चाहिए और उन्हें फौरन गिरफ्तार करना चाहिए. इसके अलावा उन्होंने आरएसएस (RSS) प्रमुख मोहन भागवत का भी जिक्र किया. बरोलिया ने कहा कि खुद मोहन भागवत ऐसी बयानबाजी से बचने की बात कहते हैं, तो अब उन्हें आगे आकर बताना चाहिए कि ऐसी नफरती और संविधान विरोधी सोच रखने वाले लोगों के साथ क्या सलूक होना चाहिए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं