विज्ञापन

पाकिस्तान ने इमरान खान के बाद उनकी 3 बहनों को जेल में डाला, सरकार बोली- इस्लामाबाद आए तो लौटोगे नहीं

इमरान की रिहाई और पाकिस्तान में संविधान को लागू करने की मांग को लेकर 27 सितंबर को PTI इस्लामाबाद तक एक 'लॉन्ग मार्च' निकालने की तैयारी में है. ऐसे में शहबाज सरकार प्रदर्शनकारियों को पहले ही धमकी देने लगी है.

इमरान खान के परिवार के पीछे पड़ी पाकिस्तान की हुकूमत (फोटो- एएफपी)
  • पाकिस्तान की सेना और सरकार पूर्व PM इमरान खान के परिवार के सदस्यों को दबाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है
  • इमरान खान की तीन बहनों नूरीन नियाजी, उजमा खान और अलीमा खान को जेल के अंदर डाल दिया गया है
  • इमरान की पार्टी 27 सितंबर को इस्लामाबाद तक पूर्व PM की रिहाई और संविधान लागू करने के लिए मार्च निकालने वाली है

पाकिस्तान की सेना और सरकार जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के सपोर्ट में उठ रही हर आवाज को दबा रही है. ऐसा मालूम पड़ रहा है कि पाकिस्तानी हुकूमत इमरान खान के खानदान को ही दबाने के पीछे पड़ चुकी है. पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के संस्थापक इमरान खान की दो और बहनों, नूरीन नियाजी और उजमा खान को 30 दिनों के लिए जेल में डाल दिया गया है. दोनों को लॉ-एंड-आर्डर मेंटेन करने के नाम पर हिरासत में लिया गया. इससे एक दिन पहले ही इमरान खान की एक और बहन अलीमा खान को हिरासत में लेकर कोट लखपत जेल भेजा गया था.

इस बीच पाकिस्तान सरकार की तरफ से गृह राज्य मंत्री तलाल चौधरी ने चेतावनी दी कि इस्लामाबाद में होने जा रहे PTI के विरोध प्रदर्शन के दौरान जो लोग 'आतंकवाद' का सहारा लेंगे, उन्हें वापस नहीं जाने दिया जाएगा. इमरान खान के सपोर्ट में PTI 27 सितंबर को इस्लामाबाद तक मार्च करने वाली है.

इमरान खान की तीन बहनें जेल के अंदर

जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार नूरीन नियाजी और उजमा खान को 30 दिनों के लिए हिरासत में लिया गया है. हिरासत में लिए जाने के बाद दोनों को कोट लखपत जेल भेज दिया गया, जहां उनकी एक और बहन अलीमा खान को भी हिरासत में लिए जाने के बाद भेजा गया था. ये गिरफ्तारियां PTI के देशव्यापी विरोध-प्रदर्शन से पहले हुई हैं. इमरान की रिहाई और पाकिस्तान में संविधान को लागू करने की मांग को लेकर 27 सितंबर को इस्लामाबाद तक एक 'लॉन्ग मार्च' निकालने की तैयारी है.
 

पाकिस्तान के जियो न्यूज ने सूत्रों के हवाले से पहले बताया था कि अलीमा के दो बेटों, शहरज खान और शेर शाह, को भी लाहौर में हिरासत में लिया गया था. बाद में वकील राणा मुदस्सिर ने पुष्टि की कि अलीमा के बेटों को कुछ समय तक हिरासत में रखने के बाद रिहा कर दिया गया.

"इस्लामाबाद आए तो लौटोगे नहीं"

PTI के इस्लामाबाद मार्च से पहले पाकिस्तान सरकार हिंसा की धमकी दे रही है. पाकिस्तान के गृह राज्य मंत्री तलाल चौधरी ने साफ चेतावनी दी कि इस्लामाबाद में विरोध प्रदर्शन के दौरान जो लोग कथित तौर पर आतंकवाद का सहारा लेंगे, उन्हें वापस नहीं जाने दिया जाएगा. वहीं, PTI खैबर पख्तूनख्वा के अध्यक्ष जुनैद अकबर ने कहा कि पार्टी कई रास्तों से देश की राजधानी पहुंचेगी.

गृह राज्य मंत्री चौधरी ने कहा कि अगर आप शांतिप्रिय नागरिक हैं, तो किसी भी रास्ते से इस्लामाबाद आएं, भले ही 100 बार आएं. लेकिन साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि जो लोग आतंकवादियों के तौर पर आएंगे, उन्हें वापस नहीं जाने दिया जाएगा.

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान सरकार को हर दिन 120 अरब रुपये स्वाहा होने का डर, जमात से बात तो इमरान खान की बहन हिरासत में

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pakistan, Imran Khan, Pakistan Protest News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com