- विनीत जोशी शिक्षा विभाग से हटाए जाने के बाद नरेश कुमार गंगवार को नया उच्च शिक्षा सचिव बनाया गया है.
- पेपर लीक विवाद के बीच शिक्षा विभाग में सचिव पद से विनीत जोशी को हटाया गया है.
- विनित जोशी पहले NTA डायरेक्टर, सीबीएसई के अध्यक्ष और मणिपुर सरकार के मुख्य सचिव भी रह चुके हैं.
IAS Vineet Joshi: NEET पेपर लीक पर मचे बवाल के बीच बीती रात केंद्र सरकार ने शिक्षा सचिव पद से IAS विनीत जोशी को हटा दिया. विनीत जोशी 30 जून को संजय कुमार के रिटायर होने के बाद स्कूली शिक्षा सचिव का पद भी संभाल रहे थे. वह विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के कार्यवाहक अध्यक्ष भी थे. विनीत जोशी का शिक्षा मंत्रालय से तबादला कर पंचायती राज मंत्रालय में सचिव के पद पर तैनात किया गया है. विनीत जोशी को शिक्षा सचिव पद से हटाए जाने, पेपर लीक पर फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन और अगले सप्ताह तक कड़े कानून बनाने के लिखित आश्वासन मिलने के बाद बीती रात सोनम वांगचुक ने अपना अनशन समाप्त किया.
नरेश कुमार गंगवार बनाए गए नए शिक्षा सचिव
विनीत जोशी शिक्षा विभाग से हटाए जाने के बाद नरेश कुमार गंगवार को नया उच्च शिक्षा सचिव बनाया गया है जबकि स्कूली शिक्षा सचिव की जिम्मेदारी टी.के. अनिल कुमार को दी गई है. गंगवार इससे पहले पशुपालन मंत्रालय में सचिव के पद पर तैनात थे, जबकि टीके अनिल कुमार ग्रामीण विकास मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव थे.
नीट पेपर लीक के आरोपों और CBSE की 12वीं कक्षा की परीक्षाओं में मूल्यांकन में गड़बड़ियों की वजह से गत दो महीने से शिक्षा मंत्रालय विवादों के केंद्र में रहा है. विनीत जोशी पहले राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) के डायरेक्टर और CBSE के अध्यक्ष भी रह चुके हैं. मणिपुर में 2023 में जातीय हिंसा शुरू होने से बिगड़ने के बाद उन्हें वहां का मुख्य सचिव नियुक्त किया गया था.
कानपुर IIT से विनित जोशी ने किया है बीटेक
विनीत जोशी 1992 बैच के आईएएस (IAS) अधिकारी हैं. विनीत जोशी का जन्म 2 नवंबर, 1968 को उत्तर प्रदेश में हुआ था. विनीत ने IIT कानपुर से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया है. इसके अलावा उन्होंने इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेन ट्रेड (IIFT) नई दिल्ली से इंटरनेशनल बिजनेस में MBA किया है. यहां वो गोल्ड मेडलिस्ट भी रहे. बाद में उन्होंने IIFT से क्वालिटी मैनेजमेंट में PhD भी की.
सीबीएसई में CCE प्रणाली की शुरुआत
सीबीएसई में विनीत जोशी के कार्यकाल में कई नए प्रयोग किए गए. फरवरी 2010 से नवंबर 2014 तक उनके लीडरशिप में सीबीएसई में सतत और व्यापक मूल्यांकन (CCE) प्रणाली की शुरुआत की गई थी. NTA के पहले महानिदेशक के रूप में उन्होंने NEET, JEE Main और CUET जैसी बड़ी परीक्षाओं को लागू करने में अहम भूमिका निभाई.
2023 में मणिपुर में भड़की हिंसा के समय विनीत जोशी को मणिपुर भेजा गया था. वहां उन्होंने मणिपुर सरकार में चीफ सेक्रेटरी की जिम्मेदारी संभाली थी. हालांकि बाद में उन्हें केंद्र में बुला लिया गया था.
यह भी पढ़ें - NEET विवाद के बीच शिक्षा सचिव विनीत जोशी को हटाया, नरेश पाल गंगवार को मिली जिम्मेदारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं