विज्ञापन

पति-पत्नी को साथ में क्यों नहीं सोना चाह‍िए, बायोहैकर मिलियनेयर ने बताई वजह, रिसर्च भी करती है सपोर्ट

Sleep Divorce ट्रेंड चर्चा में है. क्या पति-पत्नी का अलग सोना बेहतर नींद और सेहत के लिए फायदेमंद है? जानिए Bryan Johnson और रिसर्च क्या कहते हैं.

पति-पत्नी को साथ में क्यों नहीं सोना चाह‍िए, बायोहैकर मिलियनेयर ने बताई वजह, रिसर्च भी करती है सपोर्ट
Sleep Divorce Benefits: क्या पति-पत्नी का अलग सोना बेहतर नींद के लिए सही है?
NDTV

Sleep Divorce : एक ही बेड पर सोना कपल्स के लिए आम बात है, लेकिन हर किसी के लिए यह अच्छी नींद की गारंटी नहीं है. अगर पार्टनर के खर्राटों, बार-बार करवट बदलने या रात में उठने की आदत से आपकी नींद लगातार टूट रही है, तो कुछ लोग अलग कमरे या अलग बेड में सोने का विकल्प चुनते हैं. इसे इन दिनों ‘स्लीप डिवोर्स' कहा जा रहा है.

हालांकि, इसका मतलब रिश्ते में दूरी या तलाक नहीं है. इसका मकसद सिर्फ इतना है कि दोनों को रात में पर्याप्त और बिना रुकावट वाली नींद मिल सके. लेकिन क्या पार्टनर से अलग सोना वाकई नींद और सेहत के लिए बेहतर है? इसका जवाब हर कपल के लिए एक जैसा नहीं है.

क्या एक ही बेड पर सोना आपकी नींद खराब कर रहा है? दुनिया के मशहूर बायोहैकर Bryan Johnson का मानना है कि अलग सोने से नींद बेहतर हो सकती है. लेकिन रिसर्च इस बारे में क्या कहती है?

क्या होता है ‘स्लीप डिवोर्स'?

‘स्लीप डिवोर्स' में कपल रिश्ते में रहते हुए अलग बेड या अलग कमरे में सोते हैं. इसकी जरूरत तब पड़ सकती है, जब एक पार्टनर की नींद दूसरे की वजह से लगातार खराब हो रही हो. खर्राटे, नींद में ज्यादा हलचल, अलग-अलग सोने का समय या कमरे के तापमान को लेकर अलग पसंद इसकी वजह हो सकती है.

कपल्स अलग सोने का फैसला क्यों लेते हैं?

अमेरिकन एकेडमी ऑफ स्लीप मेडिसिन के 2023 के सर्वे में 20% लोगों ने बताया था कि वे कभी-कभी पार्टनर को ध्यान में रखते हुए दूसरे कमरे में सोते हैं, जबकि 15% लोग लगातार अलग कमरे में सोते हैं.

Also Read: कब्ज, गैस और तनाव से परेशान हैं? 10 मिनट का यह प्राणायाम दिला सकता है राहत

Bryan Johnson अलग सोने को क्यों देते हैं प्राथमिकता?

लॉन्गेविटी और बायोहैकिंग को लेकर चर्चा में रहने वाले टेक उद्यमी ब्रायन जॉनसन का नाम भी इसी वजह से सामने आया है. वह अपनी नींद को लेकर काफी सख्त रूटीन फॉलो करते हैं और अपनी पार्टनर केट टोले के साथ अलग सोने की व्यवस्था को प्राथमिकता देते रहे हैं. उनका तर्क है कि इससे नींद की क्वालिटी बेहतर होती है. हालांकि, ब्रायन का तरीका उनकी निजी हेल्थ रूटीन का हिस्सा है. इसे हर व्यक्ति के लिए सही या जरूरी नहीं माना जा सकता.

पार्टनर के खर्राटे नींद पर कैसे असर डालते हैं?

2020 में Journal of Affective Disorders में प्रकाशित की एक स्टडी में पाया गया कि पार्टनर की नींद और जागने का असर दूसरे पार्टनर की नींद पर भी पड़ सकता है. खासकर इंसोमनिया वाले कपल्स में एक पार्टनर के जागने के बाद दूसरे के भी जागने की संभावना देखी गई. 

Also Read: अमेरिका में क्यों बदला जा रहा है बच्चों का Vaccine Schedule? Trump के नए आदेश पर छिड़ी बहस

रिसर्च में Sleep Divorce को लेकर क्या सामने आया?

एक स्टडी में ऐसे कपल्स को देखा गया, जिनमें पुरुष को खर्राटे लेने की समस्या थी. रिसर्चर्स ने देखा कि जब दोनों साथ सोते हैं और जब महिला पार्टनर अकेले सोती है, तो उसकी नींद में क्या फर्क पड़ता है. दोनों स्थितियों में नींद के ज्यादातर आंकड़ों में कोई बड़ा फर्क नहीं मिला.

यानी सिर्फ साथ सोने की वजह से उसकी नींद बहुत ज्यादा खराब हो गई हो, ऐसा साफ तौर पर नहीं दिखा. हालांकि, अगर पार्टनर के खर्राटे इतने तेज हैं कि आपकी नींद बार-बार टूटती है, तो अलग सोना एक विकल्प हो सकता है.

यहां तस्वीर का दूसरा पहलू भी है. कई कपल्स अपने पार्टनर के साथ सोने के बाद अपनी नींद को बेहतर महसूस करते हैं, भले ही नींद के कुछ ऑब्जेक्टिव मापदंड उतने बेहतर न हों. यानी साथ सोने के भावनात्मक फायदे और नींद में होने वाली परेशानी, दोनों एक साथ मौजूद हो सकते हैं.

Also Read: Expert Ki Rai: मानसून में पेट को हेल्दी रखने के लिए क्या खाएं और क्या नहीं, डॉक्टर से जानें

क्या अलग सोना हर कपल के लिए सही है?

अगर पार्टनर के साथ सोने पर आपकी नींद लगातार खराब हो रही है, तो अलग सोना एक व्यावहारिक विकल्प हो सकता है. लेकिन इसे नींद के लिए आदर्श व्यवस्था नहीं कहा जा सकता और न ही हर कपल को इसकी जरूरत है. अगर खर्राटे बहुत तेज हैं, सांस रुकने जैसी समस्या होती है या दिन में बहुत ज्यादा नींद आती है, तो सिर्फ अलग कमरे में सोने के बजाय डॉक्टर से इसकी वजह की जांच कराना ज्यादा जरूरी है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sleep Divorce, Partner Snoring
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com