विज्ञापन

E20 विवाद के बीच ग्राहकों का भरोसा बरकरार, जुलाई में जमकर हुई कार-बाइक की बिक्री, टूटे कई रिकॉर्ड

भारतीय ऑटो सेक्टर ने जुलाई 2026 में रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की. पैसेंजर व्हीकल की बिक्री 34.3%, जबकि टू-व्हीलर और थ्री-व्हीलर बिक्री में भी बढ़ोतरी हुई.

E20 विवाद के बीच ग्राहकों का भरोसा बरकरार, जुलाई में जमकर हुई कार-बाइक की बिक्री, टूटे कई रिकॉर्ड

E20 विवाद के बीच ग्राहकों का भरोसा ऑटो-इंडस्ट्री पर बरकरार है. भारतीय ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री ने जुलाई 2026 में घरेलू बाजार में अब तक का सबसे बेहतर जुलाई प्रदर्शन दर्ज किया है. Society of Indian Automobile Manufacturers यानी SIAM के मुताबिक, पैसेंजर व्हीकल, टू-व्हीलर और थ्री-व्हीलर सेगमेंट में मजबूत बिक्री देखने को मिली. पैसेंजर व्हीकल और थ्री-व्हीलर की बिक्री में 30% से ज्यादा की सालाना बढ़ोतरी दर्ज हुई.

पैसेंजर व्हीकल की बिक्री 34.3% बढ़ी

जुलाई 2026 में पैसेंजर व्हीकल की घरेलू थोक बिक्री 4,57,810 यूनिट रही. पिछले साल जुलाई में यह आंकड़ा 3,40,772 यूनिट था. इस तरह पैसेंजर व्हीकल की बिक्री में सालाना आधार पर 34.3% की बढ़ोतरी हुई. ये आंकड़ा भारतीय कार बाजार के लिए खास है, क्योंकि एसयूवी और दूसरी गाड़ियों की मजबूत मांग के बीच पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट ने जुलाई में अब तक का अपना सबसे मजबूत प्रदर्शन दर्ज किया.

टू-व्हीलर बिक्री में भी बढ़ोतरी

जुलाई 2026 में घरेलू बाजार में कुल 19,23,483 टू-व्हीलर बिके. पिछले साल इसी महीने 15,69,120 यूनिट की बिक्री हुई थी. SIAM के आंकड़ों के मुताबिक टू-व्हीलर सेगमेंट में 22.6% की सालाना बढ़ोतरी दर्ज की गई. इस सेगमेंट में स्कूटर और मोटरसाइकिल दोनों की बिक्री बढ़ी. हालांकि, स्कूटर की बिक्री में मोटरसाइकिल के मुकाबले ज्यादा तेज बढ़ोतरी देखने को मिली.

स्कूटर की बिक्री 23.7% बढ़ी

जुलाई 2026 में घरेलू बाजार में 7,98,190 स्कूटर बिके. जुलाई 2025 में यह आंकड़ा 6,45,022 यूनिट था. इस तरह स्कूटर की बिक्री में 23.7% की सालाना बढ़ोतरी हुई. मोटरसाइकिल की बिक्री जुलाई 2026 में 10,74,796 यूनिट रही. पिछले साल जुलाई में 8,90,107 मोटरसाइकिल बिकी थीं. इससे मोटरसाइकिल की बिक्री में भी मजबूत सालाना बढ़ोतरी दर्ज हुई.

थ्री-व्हीलर की बिक्री 33.4% बढ़ी

थ्री-व्हीलर सेगमेंट ने भी जुलाई में शानदार प्रदर्शन किया. घरेलू बाजार में 92,560 थ्री-व्हीलर की बिक्री हुई. जुलाई 2025 में यह आंकड़ा 69,403 यूनिट था. यानी इस सेगमेंट में सालाना आधार पर 33.4% की बढ़ोतरी दर्ज की गई. ऑटो इंडस्ट्री को उम्मीद है कि आने वाले महीनों में भी बिक्री की यह रफ्तार बनी रह सकती है.


इसके पीछे कई वजहें बताई जा रही हैं. इनमें त्योहारी सीजन से बढ़ने वाली मांग, मानसून में सुधार, ग्राहकों की बढ़ती पूछताछ और आसान फाइनेंस ऑप्शन शामिल हैं. इसके अलावा पिछले साल घोषित GST दर में कटौती का असर भी ऑटो सेक्टर की मांग पर देखने को मिल सकता है. जुलाई 2026 के बिक्री आंकड़ों पर SIAM के Director General राजेश मेनन ने कहा कि भारतीय ऑटो इंडस्ट्री ने जुलाई में अब तक की सबसे मजबूत बिक्री दर्ज की है.

उन्होंने कहा कि पैसेंजर व्हीकल की बिक्री 34.3% बढ़कर 4.58 लाख यूनिट, थ्री-व्हीलर की बिक्री 33.4% बढ़कर 0.93 लाख यूनिट और टू-व्हीलर की बिक्री 22.6% बढ़कर 19.23 लाख यूनिट हो गई. 

ये भी पढ़ें- OLA, Uber और Rapido में सफर से पहले टिप का खेल खत्म! सरकार ने दिया आदेश, नहीं दिखेगा ये ऑप्शन

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Auto Sales, Auto Sale, Car, Bike, E20
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com