- सीनियर ब्यूरोक्रेट दीप्ति गौड़ मुखर्जी को नया उच्च शिक्षा सचिव नियुक्त किया गया है
- विनीत जोशी को हटाकर नरेश गंगवार को यह जिम्मेदारी दी गई थी. अब दीप्ति सचिव का पद संभालेंगी
- दीप्ति गौड़ मुखर्जी मध्य प्रदेश कैडर की 1993 बैच की आईएएस अधिकारी हैं
नीट पेपर लीक विवाद के बाद नई उच्च शिक्षा सचिव की नियुक्ति की गई है. केंद्र सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए सीनियर ब्यूरोक्रेट दीप्ति गौड़ मुखर्जी को नया उच्च शिक्षा सचिव नियुक्त किया है. वह विनीत जोशी की जगह नई उच्च शिक्षा सचिव नियुक्त की गई हैं. विनीत जोशी को पिछले महीने पंचायती राज मंत्रालय में सचिव नियुक्त किया गया था. उनकी जगह नरेश पाल गंगवार ने ली थी. लेकिन अब यह जिम्मेदारी दीप्ति को सौंपी गई है.
दीप्ति गौड़ मुखर्जी होंगी नई उच्च शिक्षा सचिव
सरकार ने हायर एजुकेशन डिपार्टमेंट के सचिव विनीत जोशी का तबादला कर उनकी जगह नरेश पाल गंगवार को नया सचिव बनाया था. अब उनको भी इस पद से हटा दिया गया है. उनकी जगह अब दीप्ति लेंगी. सोमवार देर रात कार्मिक मंत्रालय ने घोषणा की कि मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने अपने 23 जुलाई के आदेश में आंशिक संशोधन करते हुए दीप्ति मुखर्जी को नया उच्च शिक्षा सचिव नियुक्त करने की मंजूरी दे दी है.
सीनियर IAS अधिकारी हैं दीप्ति गौड़ मुखर्जी
दीप्ति गौड़ मुखर्जी मध्य प्रदेश कैडर की 1993 बैच की आईएएस अधिकारी हैं. वह वर्तमान में कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय में सचिव के पद पर कार्यरत हैं. अब वह उच्च शिक्षा सचिव की जिम्मेदारी संभालेंगी. कार्मिक मंत्रालय के आदेश के मुताबिक, मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने उच्च शिक्षा विभाग की सचिव के रूप में मुखर्जी की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है.नीट पेपर लीक विवाद के बीच दीप्ति को नया उच्च शिक्षा सचिव बनाया जाना काफी अहम माना जा रहा है.
इन अधिकारियों को भी मिली बड़ी जिम्मेदारी
वहीं युवा मामलों के विभाग की सचिव पल्लवी जैन गोविल कॉर्पोरेट मामलों की नई सचिव होंगी. इसके अलावा, मंत्रिमंडल सचिवालय में विशेष कार्य अधिकारी (OSD) सुशील कुमार लोहानी को आईडब्ल्यूएआई अध्यक्ष नियुक्त किया गया है.
वहीं जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण विभाग के सचिव वी एल कांता राव को गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग में विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) नियुक्त किया गया है. वह अगले महीने के अंत में वर्तमान सचिव अंशुली आर्य की सेवानिवृत्ति के बाद राजभाषा विभाग के सचिव का पदभार संभालेंगे. उनकी जगह पर सीनियर अधिकारी अर्चना वर्मा जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण विभाग की नई सचिव होंगी.
इनपुट- भाषा के साथ
ये भी पढ़ें-IAS अस्मिता लाल: बागपत DM ने कांवड़ यात्रा पर बरसाए फूल, मरणोपरांत आंखें दान कर पेश की मिसाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं