विज्ञापन

विजय सरकार का क्या होगा अंजाम, DMK के हाथ में भी लगाम

तमिलनाडु में कुछ ऐसा हो रहा है जो देश में कभी नहीं हुआ, TVK का समर्थन कर रहीं दो पार्टियां विपक्ष के साथ भी, सत्ता पक्ष के साथ भी

विजय सरकार का क्या होगा अंजाम, DMK के हाथ में भी लगाम
  • तमिलगा वेत्री कझगम के सी. जोसेफ विजय अब तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं
  • विजय की सरकार को वीसीके और आईयूएमएल के समर्थन से 234 सदस्यीय विधानसभा में 120 विधायकों का समर्थन
  • वीसीके और आईयूएमएल ने विजय का समर्थन, लेकिन डीएमके से अपने संबंध पूरी तरह खत्म नहीं किए हैं
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

लंबे चुनावी अभियान, लगातार कड़ी राजनीतिक मशक्कत और गठबंधन की जटिल कसरत के बाद आखिरकार तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) प्रमुख सी. जोसेफ विजय तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं. हालांकि उनके सत्ता तक पहुंचने का यह रास्ता बिल्कुल भी आसान नहीं रहा, यह कई दौर की बातचीत, समर्थन जुटाने की रणनीति और पर्दे के पीछे चल रही राजनीति जोर आजमाइश का नतीजा है. थलापति विजय ने राज्यपाल के सामने अपनी संख्या पहले ही साबित कर दी है, लेकिन शपथ लेने के बाद उन्हें विधानसभा के पटल पर भी बहुमत भी साबित करना होगा.

VCK-IUML के समर्थन से विजय की सरकार

विजय की इस सरकार को निर्णायक बढ़त दिलाने में विदुथलाई चिरुथिगल काची (वीसीके) और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) की अहम भूमिका रही, जिनके पास 2-2 विधायक हैं. यहां दिलचस्प बात यह है कि ये दोनों ही दल विजय का समर्थन तो कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने डीएमके से अपने संबंध पूरी तरह तोड़े नहीं किए हैं, जो टीवीके की मुख्य विपक्षी पार्टी है. वीसीके ने खुलकर कहा है कि वह डीएमके गठबंधन के साथ है, लेकिन राज्य में संवैधानिक संकट और राष्ट्रपति शासन से बचने के लिए वह विजय का समर्थन कर रही है. वीसीके प्रमुख थोल थिरुमावलवन ने डीएमके नेता एमके स्टालिन से मुलाकात की और फिर कहा कि जब उन्होंने टीवीके को समर्थन देने के फैसले के बारे में बताया उन्हें स्टालिन ने नहीं रोका. आईयूएमएल ने भी कुछ इसी तरह का रुख अपनाते हुए डीएमके के साथ अपनी नजदीकी बनाए रखते हुए विजय को समर्थन दिया है.

ये भी पढ़ें : वोट, जीत और वायरल दिलचस्पी: Google Trends पर विजय और TVK का जलवा

तमिलनाडु की राजनीति में अनोखा समीकरण

भारतीय राजनीति में यह एक अनोखी स्थिति बन गई है कि दो छोटे दल टीवीके सरकार को समर्थन दे रहे हैं, लेकिन साथ ही वे मुख्य विपक्षी डीएमके से भी दूरी नहीं बना रहे हैं. इस स्थिति में विजय सरकार की संख्यात्मक तौर पर मजबूती इन्हीं दलों पर निर्भर है और पिछले 72 घंटों को ये घटनाक्रम जटिल राजनीतिक चालों की बानगी दिखा रहा है. सरकार गठन की प्रक्रिया में टीवीके को लोक भवन के कई चक्कर लगाने पड़े, समर्थन पत्रों का इंतजार करना पड़ा और राजनीतिक जमीनी हकीकत का सामना करना पड़ा. अब आंकड़ों की बात करें तो 234 सदस्यीय विधानसभा में टीवीके के पास कुल 120 विधायकों का समर्थन है, जिसमें टीवीके के 107, कांग्रेस के 5, वाम दलों के 4 और वीसीके व आईयूएमएल के 2-2 विधायक शामिल हैं, राज्य में बहुमत का आंकड़ा 118 है.

Latest and Breaking News on NDTV

साथी दलों की दोहरी स्थिति, आखिर क्या कशमकश

इसी के साथ लेफ्ट के दलों ने साफ किया कि वे डीएमके या एआईएडीएमके द्वारा टीवीके को रोकने के किसी भी प्रयास का हिस्सा हरगिज नहीं बनेंगे, हालांकि उन्होंने अपने फैसले का ऐलान करने से पहले डीएमके की बैठक का इंतजार किया. वहीं कांग्रेस ही इकलौती ऐसी पार्टी रही जिसने डीएमके से अपने रिश्ते पूरी तरह खत्म कर दिए, हालांकि उसके विधायक सालों से डीएमके से जुड़े रहे हैं. इस पूरे राजनीतिक गणित में सबसे बड़ी चुनौती यह है कि विजय सरकार ऐसे सहयोगियों के भरोसे रहेगी, जो अभी भी डीएमके के करीब हैं. ये बात किसी से छिपी नहीं कि डीएमके और टीवीके के बीच गहरी राजनीतिक टक्कर रही है और यह भी सामने आया कि डीएमके ने एआईएडीएमके के साथ मिलकर टीवीके को सत्ता से दूर रखने का प्रयास किया था, हालांकि पार्टी के भीतर विरोध के कारण यह प्रयास परवान नहीं चढ़ सका.

ये भी पढ़ें : एक घंटा इंतजार, हलवा-कॉफी से स्वागत, वीडियो कॉल... राज्यपाल से विजय की मुलाकात में क्या कुछ हुआ, Inside Story

DMK-AIADMK की रणनीति, क्या मोड लेगी तमिलनाडु की राजनीति

तमिलनाडु की राजनीति की यह तस्वीर भी साफ करती है कि 47 सीटों वाली एआईएडीएमके और 59 सीटों वाली डीएमके, दोनों को ही टीवीके को सत्ता से हटाने के लिए साथ आ सकती हैं. बावजूद इसके, इस समय जनता टीवीके के खेमे में है और किसी भी तरह का राजनीतिक प्रयोग विजय को रोकने की कोशिश करेगा तो उसका उल्टा असर पड़ सकता है. इसी वजह से फिलहाल कोई भी पार्टी विजय की सरकार रोकने की कोशिश नहीं कर रही है. बीजेपी भी कांग्रेस के साथ सरकार बनने से नाखुश रही है और टीवीके-एआईएडीएमके गठबंधन चाहती थी, लेकिन विजय ने अपना रास्ता खुद चुना और उसी पर मजबूती से डटे रहे.

Latest and Breaking News on NDTV

तमिलनाडु में सत्ता बनाम विचारधारा

इस पूरे घटनाक्रम ने यह भी दिखा दिया कि तमाम वैचारिक प्रतिबद्धताओं की बात करने वाली डीएमके और एआईएडीएमके भी सत्ता और अस्तित्व की राजनीति में साथ आ सकती हैं. अब जबकि विजय मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं, उसके बावजूद असल परीक्षा अभी भी होनी बाकी है. उन्हें विधानसभा में बहुमत साबित करना होगा, जहां डीएमके फिलहाल सरकार गिराने का जोखिम कतई नहीं उठाएगी, लेकिन इतना तो तय है कि सही मौके की तलाश में जरूर रहेगी. उसके पुराने सहयोगी अब सरकार के भीतर मौजूद हैं, जिससे विजय को चौकन्ना रहना होगा.

ये भी पढ़ें : VCK और IUML के समर्थन के बाद विजय के TVK के पास कैसे पूरा हुआ बहुमत का आंकड़ा, जान लीजिए

अंदर से चुनौती का खतरा, टीवीके सरकार की राह मुश्किल

टीवीके की रणनीति साफ नजर आती है, मौजूदा समर्थन के साथ स्थिर सरकार चलाना और फिर दोबारा जनता के पास जाकर निर्णायक जनादेश हासिल करना. अगर ऐसा होता है तो इससे पारंपरिक राजनीतिक ताकतों के लिए अस्तित्व का संकट पैदा हो सकता है. एआईएडीएमके के कुछ वर्ग भी भविष्य में टीवीके की ओर झुक सकते हैं, लेकिन यह इस बात पर निर्भर करेगा कि विजय उन्हें क्या भूमिका देते हैं. विजय के लिए यह भी जरूरी है कि वे सिर्फ एक लोकप्रिय स्टार न बने रहें, बल्कि ऐसे नेता बनें जो खुद जाकर समर्थन जुटाएं. पिछले दो दिनों की घटनाओं ने उन्हें सिखा दिया है कि सरकारें घर बैठकर नहीं बनतीं और सहयोगी सिर्फ स्टारडम से नहीं मिलते.

Latest and Breaking News on NDTV

अब विजय की पार्टी की असली परीक्षा बाकी

टीवीके के लिए यकीनन सरकार बनाना जितना मुश्किल था, अब उसे चलाना उससे भी ज्यादा चुनौतीपूर्ण होगा, वो भी तब जब यह गठबंधन सरकार हो और विरोधी ताकतें भीतर तक पहुंच रखती हों. अब नजर इस बात पर है कि विजय एक फिल्म स्टार से जननेता और सफल मुख्यमंत्री में कैसे तब्दील होते हैं. उनके हर फैसले और हर कदम पर नजर रहेगी. जनता का समर्थन उनके साथ है, लेकिन यह टिकाऊ तभी रहेगा जब वे उम्मीदों पर खरे उतरेंगे. फिल्मों में अपने डांस के लिए मशहूर विजय को अब राजनीति की इस मुश्किल डगर पर उसी संतुलन और समझदारी से चलना होगा
 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com