- तमिलनाडु में TVK प्रमुख विजय ने CM पद की शपथ ली, साथ ही 9 अन्य विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ग्रहण की.
- मंत्रिमंडल में युवा और अनुभवी नेताओं का मिश्रण है, जिसमें पूर्व IRS अधिकारी, युवा विधायक भी शामिल हैं.
- 29 वर्षीया एस कीर्तना तमिलनाडु की सबसे युवा मंत्री हैं और वे हिंदी भाषा में भी पारंगत हैं.
Tamil Nadu Vijay Cabinet List: तमिलनाडु में रविवार को एक नए राजनीतिक युग की शुरुआत तब हुई जब TVK प्रमुख विजय ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. विजय के साथ 9 और विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली है. इनमें एन आनंद, आधव अर्जुन, डॉ. केजी अरुणराज, केए सेंगोट्टैयन, पी वेंकटरमणन, आर निर्मलकुमार, राजमोहन, डॉ. टीके प्रभु, सेल्वी एस कीर्तना का नाम शामिल है. विजय के मंत्रिमंडल में युवा और अनुभवी नेताओं का मिश्रण देखने को मिला.
विजय के साथ मंत्री पद की शपथ लेने वालों में बीजेपी आईटी सेल के पूर्व प्रमुख, पूर्व आईआरएस अधिकारी, डॉक्टर के साथ-साथ 29 साल की सबसे कम की विधायक कीर्तना भी शामिल हैं. आइए जानते हैं तमिलनाडु की विजय कैबिनेट में शामिल इन नेताओं के बारे में.

2019-23 तक बीजेपी आईटी सेल के चीफ थे आर. निर्मल कुमार
आर. निर्मल कुमार ने भी मंत्री पद की शपथ ली. वो तमिलनाडु में बीजेपी सोशल मीडिया के चीफ रह चुके हैं. वो कभी AIADMK का भी हिस्सा रहे. निर्मल कुमार ने 2019 से 2023 तक तमिलनाडु में भाजपा के IT और सोशल मीडिया विंग के राज्य अध्यक्ष के रूप में कार्य किया. उन्होंने 5 मार्च 2023 को भाजपा से इस्तीफा दे दिया था.
इसके बाद वो 5 मार्च 2023 को निर्मल कुमार ने एआईएडीएमके के अंतरिम महासचिव एडप्पाडी के. पलानीस्वामी की उपस्थिति में एआईएडीएमके में शामिल हुए. 2025 तक एआईएडीएमके के आईटी और सोशल मीडिया विंग के संयुक्त सचिव के रूप में कार्य किया. बाद में वो AIADMK को छोड़कर टीवीके में शामिल हुए, विधानसभा चुनाव और अब मंत्री बने.
29 साल की एस कीर्तना सबसे युवा मंत्री
शिवकाशी विधायक एस कीर्तना का नाम कीर्तन संपत है. वह कई भाषाओं की जानकार हैं. खास कर वह हिंदी बहुत अच्छे तरीके से बोलती है. चुनाव प्रचार के दौरान कीर्तन के कई इंटरव्यू सामने आए, जो हिंदी में थे. तमिलनाडु जहां हिंदी का विरोध होता है, वहां हिंदी में सार्वजनिक रूप से एक नेता का फर्राटेदार बोलना बड़ी बात होती है.

त्यागराज विधायक और विजय के करीबी एन. आनंद भी बने मंत्री
त्यागराज सीट से विधायक थिरू एन. आनंद ने मंत्री पद की शपथ ली. वो टीवीके के महासचिव और प्रवक्ता भी हैं. उनकी गिनती विजय के करीबी नेताओं में की जाती है. टीवी कार्यक्रमों में एन. आनंद टीवीके के विचारों की पैरोकारी करते नजर आए है.
खेल जगत से जुड़े आधव अर्जुन भी बने मंत्री
टीवीके नेता और प्रमुख रणनीतिकार आधव अर्जुन ने भी मंत्री पद की शपथ ली. वो विल्लिवक्कम सीट से विधायक है और वीसीके के जनरल सेक्रेटरी रह चुके हैं. खेल जगत से जुड़े आधव अर्जुन ऑल बास्केटबॉल फेडरेशन के अध्यक्ष हैं. उन्होंने DMK के नेता को हराकर राजनीति में बड़ी जीत हासिल की.
पूर्व IRS केजी अरुण राज भी बने मंत्री
टीवीके के महासचिव केजी अरुण राज ने भी मंत्री पद की शपथ ली. तिरुतेंगोडे सीट से नव निर्वाचित विधायक अरुण पूर्व IRS अधिकारी हैं. पूर्व IRS अधिकारी और डॉक्टर अरुण राज प्रशासनिक अनुभव के साथ पार्टी के मजबूत रणनीतिकार हैं. वे 2025 में TVK से जुड़े और जीत हासिल की. करूर में पिछले साल विजय की रैली में मची भगदड़ के बाद पीड़ितों से मिलकर उन्होंने विजय के संदेश पहुंचाया था.

केए. सेंगोट्टैयनः जयललिता और EPS की सरकार में भी थे मंत्री
केए. सेंगोट्टैयन ने भी मंत्री पद का शपथ ग्रहण किया. नवीं बार के विधायक सेंगोट्टैयन टीवीके से पहले लंबे समय तक AIADMK से जुड़े रहे है. AIADMK के वरिष्ठ नेता सेंगोट्टैयन ने TVK में शामिल होकर जीत हासिल की. वे पहले जयललिता और EPS सरकार में मंत्री रह चुके हैं.
विजय के मैनेजर रह चुके वेंकेटरामनन भी बने मंत्री
मायलापुर से नव निर्वाचित विधायक पी. वेंकेटरामनन ने भी मंत्री पद की शपथ ली. वो विजय के मैनेजर भी रह चुके हैं. ऑडिटर वेंकटरमण” वित्तीय रणनीति और चुनावी प्रबंधन के विशेषज्ञ हैं और उन्होंने कई बड़े नेताओं को हराकर जीत दर्ज की.
युवा चेहरा राज मोहन भी बने मंत्री
युवा चेहरा राज मोहन “Put Chutney” यूट्यूब चैनल से जुड़े रहे हैं और डिजिटल राजनीति में उनका बड़ा प्रभाव है. विजय कैबिनेट में तमिल एक्टर और डायरेक्टर राजमोहन ने भी मंत्री पद का शपथ ग्रहण किया. वो टीवीके के प्रचार सचिव हैं.
डॉक्टर टीके प्रभु भी मंत्रिमंडल में शामिल
डॉ.टीके प्रभु भी टीवीके सरकार में मंत्री बने हैं. कराईकुडी सीट ने वो विधायक बने हैं. प्रभु पेशे से डेंटिस्ट हैं. कारैकुडी से विजयी टीके प्रभु डॉक्टर हैं और उन्होंने चुनाव में NTK प्रमुख सीमान को हराकर बड़ा उलटफेर किया. उनकी सरल छवि और मजबूत पकड़ उन्हें लोकप्रिय बनाती है.
यह भी पढे़ं - CM बनते एक्शन में विजय, 200 यूनिट फ्री की बिजली, महिला सुरक्षा और ड्रग्स के खिलाफ स्पेशल फोर्स का ऐलान
यह भी पढ़ें - CM बनते ही थलापति का ऐलान- अब तमिलनाडु में सिर्फ एक पावर सेंटर है और वो हूं मैं... पढ़िए विजय का फिल्मी भाषण
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं