पश्चिम बंगाल के हुगली से एक बड़ी खबर आई है जहां आरामबाग नगरपालिका के बहुचर्चित ग्रीन सिटी भ्रष्टाचार मामले में तृणमूल कांग्रेस के पूर्व राज्य सचिव और ममता बनर्जी के बेहद करीबी माने जाने वाले स्वपन कुमार नंदी को पुलिस ने केरल से गिरफ्तार कर लिया है. ग्रीन सिटी घोटाले के अलावा स्वपन नंदी के खिलाफ भ्रष्टाचार के कई अन्य गंभीर आरोप भी हैं, जिन्हें लेकर पुलिस लंबे समय से उनकी तलाश कर रही थी, गिरफ्तारी के बाद जब आरोपी को हुगली लाया गया, तो आरामबाग की सड़कों पर लोगों ने उनपर काले अंडे फेंके.
TMC नेता पर फेंके गए काले अंडे
केरल से गिरफ्तार कर आरामबाग लाए गए पूर्व चेयरमैन स्वपन नंदी को स्थानीय लोगों के तीखे विरोध और भारी आक्रोश का सामना करना पड़ा. रविवार को हुगली ग्रामीण पुलिस की एक स्पेशल टीम रविवार को उन्हें सुरक्षा के बीच आरामबाग लेकर पहुंची. जब शाम के वक्त पुलिस नंदी को गौराहटी क्रॉसिंग से पैदल आरामबाग थाने ले जा रही थी, तभी बड़ी संख्या में जमा भीड़ ने पुलिस घेरे को चुनौती देते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया.
जैसे ही पुलिस स्वपन नंदी को गाड़ी से उतारकर थाने के भीतर ले जाने लगी, प्रदर्शनकारियों ने उन पर काले पेंट से भरे अंडों की बौछार कर दी और 'चोर-चोर' के नारे लगाने लगे.वही हालात तनावपूर्ण होता देख पुलिस ने तुरंत फुर्ती दिखाई और आरोपी को दौड़ाकर थाने के अंदर सुरक्षित पहुंचाया तथा मुख्य गेट बंद कर दिया. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है.
क्या है ग्रीन सिटी भ्रष्टाचार मामला
ग्रीन सिटी भ्रष्टाचार मामला मुख्य रूप से पश्चिम बंगाल की आरामबाग नगरपालिका से जुड़ा वित्तीय गबन और सरकारी धन के दुरुपयोग का घोटाला है जिसमें टीएमसी के पूर्व सदस्य स्वपनंदी पर लगभग 7.24 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप है, दरअसल, आरामबाग नगरपालिका में 2017 में ग्रीन सिटी प्रोजेक्ट के तहत 44 स्कूलों में सोलर सिस्टम लगाने की योजना थी, जिसमें आरोप है स्कूलों में सिर्फ 44 लाख रुपए का ही काम कराया बाकी राशि भ्रष्टाचार के भेंट चढ़ गई, फर्जी बिल बनाकर सरकारी पैसे का गबन किया गया.
Reporter -Tuhin Patra
यह भी पढ़ें: 'हमारे पास नंबर है और अब हम मॉनसून सत्र में बैठने के लिए अलग जगह चाहते हैं', NDTV से बोलीं TMC MP शताब्दी रॉय
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं