विज्ञापन

नागौद राजघराना विवाद: बाबा राजा ने NDTV को बताई गोलीकांड में योगिता सिंह vs सुनीता सिंह की इनसाइड स्टोरी

सतना के नागौद राजघराने की परसमनिया गढ़ी में हुए गोलीकांड पर रूपेंद्र सिंह 'बाबा राजा' ने एनडीटीवी से बातचीत में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. उन्होंने साले पर मर्डर की नीयत से हमला करने और पत्नी से तलाक लेने की बात कही है. पढ़ें पूरा इंटरव्‍यू.

परसमनिया गढ़ी में क्यों चलीं गोलियां? विधायक नागेंद्र सिंह के भतीजे बाबा राजा ने बताई पूरी इनसाइड स्टोरी
NDTV
  • MP के सतना जिले के नागौद राजघराने की परसमनिया गढ़ी में परिवारिक विवाद के दौरान गोलीकांड हुआ था
  • रूपेंद्र सिंह उर्फ बाबा राजा ने बताया कि उनकी पत्नी योगिता सिंह के साथ पेट्रोल पंप संचालन को लेकर विवाद था
  • बाबा राजा ने कहा कि गोलीकांड में सुनीता सिंह ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसका असर योगिता सिंह पर पड़ा था

Rupendra Singh Baba Raja Interview: मध्य प्रदेश के सतना जिले में नागौद राजघराने की परसमनिया गढ़ी में हुआ हाईप्रोफाइल गोलीकांड इन दिनों देश भर में चर्चा का विषय बना हुआ है. नागौद विधायक नागेंद्र सिंह के भतीजे रूपेंद्र सिंह उर्फ 'बाबा राजा' ने एनडीटीवी से खास बातचीत में पूरे मामले में बेबाकी से अपनी बात रखी. साथ ही न केवल कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं बल्कि गोलीकांड में योगिता सिंह vs सुनीता सिंह की इनसाइड स्टोरी भी बताई है. 

'पीछे के रास्ते से आईं पत्नी, फिर मुझ पर हुआ जानलेवा हमला'

इंटरव्‍यू में बाबा राजा ने बताया कि उनकी पत्नी योगिता सिंह के साथ कुछ व्यक्तिगत विवाद थे, जिन्हें वह सार्वजनिक नहीं करना चाहते. घटना वाले दिन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा क‍ि दोपहर में करीब साढ़े तीन बजे पीछे वाले रास्ते से मेरी पत्नी योगिता सिंह आईं. मैंने सिर्फ इतना कहा कि आप यहां कैसे आईं, बैठिए. इसी बीच पीछे से मुझ पर अचानक हमला कर दिया गया. हमले के कारण मेरा सिर पत्थर की टेबल से टकरा गया और मेरा चश्मा भी टूट गया. 

Rupendra Singh Baba Raja Interview

rupendra singh baba raja Interview wife yogita-singh satna nagaod royal family                                          Photo Credit: NDTV

NDTV से बातचीत में बाबा राजा ने आगे आरोप लगाया, "हमले के बाद आरोपी मुझे बेरहमी से मारते हुए अंदर ले आए. इस हमले में मेरा साला नागेंद्र सिंह राठौर और उसके गुर्गे शामिल थे, जिन्हें मैं पहचानता नहीं हूं. जिस तरह से उन्होंने मुझ पर वार किया, उससे साफ है कि वे मेरा मर्डर करने के इरादे से ही आए थे."

बिजनेस पार्टनर सुनीता ने जान बचाने के लिए की थी फायरिंग

बिजनेस पार्टनर सुनीता सिंह द्वारा पत्नी योगिता सिंह को गोली मारे जाने के सवाल पर बाबा राजा ने सुनीता का बचाव किया. उन्होंने कहा कि सुनीता ने किसी की जान लेने के इरादे से गोली नहीं चलाई थी. वे बोले, "सुनीता ने मेरी और खुद की जान बचाने के लिए आत्मरक्षा में फायरिंग की थी. गोली वहां से रिफ्लेक्ट (टकराकर) होकर योगिता के पेट में लग गई. इसके बाद सभी लोग वहां से निकल गए, अन्यथा वे लोग मुझे जान से मार डालते."

संपत्ति का विवाद नहीं, अब पत्नी से लूंगा तलाक

पारिवारिक कलह पर बात करते हुए बाबा राजा ने कहा कि पेट्रोल पंप के संचालन को लेकर पत्नी योगिता सिंह से उनकी अनबन हुई थी, जिसके बाद वह अपने मायके (पीहर) चली गईं. वह न तो उन्हें समय देती थीं और न ही अपने बेटे को. उनका ज्यादातर समय मायके में ही बीतता था.

बाबा राजा ने साफ किया कि यहां संपत्ति का कोई विवाद नहीं था. उन्होंने कहा, "चूंकि वह मेरी पत्नी हैं और हमारा एक बेटा है, तो मेरी संपत्ति तो उन्हीं की होती. लेकिन इस भयानक घटना के बाद अब मुझे कड़ा निर्णय लेना पड़ेगा. परिस्थितियां अब ऐसी बन चुकी हैं कि मैं उनसे तलाक लूंगा."
rupendra singh baba raja

rupendra singh baba raja Interview on wife yogita-singh satna nagaod royal family                                     Photo Credit: NDTV

कोर्ट में पहले से चल रहा है केस

रूपेंद्र सिंह बाबा राजा ने खुलासा किया कि पत्नी योगिता सिंह के साथ संबंधों में आई कड़वाहट और दूरी को खत्म करने के लिए उन्होंने साल 2024 में सतना न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था. उन्होंने हिंदू विवाह अधिनियम की धारा-9 के तहत वैवाहिक अधिकारों की पुनर्स्थापना के लिए याचिका दायर की थी. हालांकि, योगिता सिंह की ओर से इस याचिका पर अब तक कोई जवाब पेश नहीं किया गया और न ही उन्होंने कोर्ट के नोटिस रिसीव किए, जिससे स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ.

पेट्रोल पंप में तोड़फोड़ और 8 लाख की लूट का आरोप

बाबा राजा ने इस विवाद के पीछे एक और बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि आरोपियों ने सबसे पहले उनके पेट्रोल पंप के अंदर जमकर तोड़फोड़ की. आरोपी वहां कैश काउंटर में रखे आठ लाख रुपये नकद लूट ले गए और सबूत मिटाने के लिए सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर (DVR) भी उखाड़कर अपने साथ ले गए. उन्होंने बताया कि चूंकि पेट्रोल पंप अभी भी कागजों में योगिता के नाम पर है, इसलिए फिलहाल सुनीता सिंह वहां मैनेजर के तौर पर काम देख रही थीं.

क्या है पूरा नागौद राजघराना मामला?

एमपी सतना जिले के नागौद राजघराने की परसमनिया गढ़ी में रूपेंद्र कुमार उर्फ बाबा राजा और उनकी पत्नी योगिता सिंह के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है. इसी पारिवारिक विवाद के निपटारे के लिए 11 जून 2026 को योगिता सिंह अपने भाइयों और कुछ परिजनों के साथ परसमनिया गढ़ी पहुंची थीं.

बातचीत के दौरान वहां विवाद अचानक बेहद बढ़ गया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई. इसी दौरान बाबा राजा की बिजनेस पार्टनर सुनीता सिंह ने अपनी 22 बोर की लाइसेंसी बंदूक से कई राउंड फायर कर दिए. गोली लगने से योगिता सिंह गंभीर रूप से घायल हो गईं. उन्हें सतना के अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद रीवा के विंध्या मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सुनीता सिंह को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें : नागौद राजघराना गोलीकांड: परसमनिया गढ़ी से 48 घंटे बाद सामने आए मारपीट के वीडियो, बाबा राजा दिखे लहूलुहान


यह भी पढ़ें : सतना: नागौद राजघराने में विवाद ने लिया हिंसक रूप; परसमनिया गढ़ी में चली गोली, राजपरिवार की बहू गंभीर

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Satna, Madhya Pradesh, MP News, Interview
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com