पश्चिम बंगाल में TMC विधायकों के हस्ताक्षर में धोखाधड़ी से जुड़े मामले में CID ने अब कमारहाटी के विधायक मदन मित्रा को नोटिस जारी किया है. CID के अधिकारी शुक्रवार (12 जून) को नोटिस देने के लिए कमारहाटी में उनके घर पहुंचे थे. इससे पहले ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी के खिलाफ सीआईडी पहले से पूछताछ कर रही है. बीते गुरुवार को अभिषेक बनर्जी से राजधानी कोलकाता में सीआईडी ने करीब 6 घंटे पूछताछ की है. बता दें अभिषेक बनर्जी से पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के चयन को लेकर कथित तौर पर दस्तावेज पर फर्जी हस्ताक्षर के मामले में पूछताछ की गई. अब इसी मामले में विधायक मदन मित्रा से भी पूछताछ हो सकती है.
अभिषेक बनर्जी से हुई थी 6 घंटे पूछताछ
फर्जी हस्ताक्षर मामले में अब ममता बनर्जी गुट की परेशानियां बढ़ती जा रही है. भतीजे अभिषेक से शाम करीब 6 बजे से लेकर रात करीब 11 बजे तक पूछताछ की है. अब फिर रविवार (14 जून) को भी अभिषेक बनर्जी से CID पूछताछ करेगी. बता दें कि सांसद अभिषेक बनर्जी को फर्जी हस्ताक्षर मामले में हाईकोर्ट से किसी भी दंडात्मक कार्रवाई से अंतरिम राहत मिली है.
टीएमसी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने पिछले तीन समन को नजरअंदाज कर दिया था. जिसके बाद कोर्ट ने आदेश जारी किया और गुरुवार को पूछताछ के लिए वह CID हेडक्वार्टर पहुंचे थे. बताया जा रहा है कि CID की 6 घंटे तक हुई पूछताछ के जांच एजेंसी ने इस दौरान उनसे मुख्य रूप से चार सवालों के जवाब मांगे.
क्या थे CID के चार सवाल
- क्या आपके पास वह ओरिजिनल प्रस्ताव है, जिसकी एक कॉपी विधानसभा अध्यक्ष को भेजी गई थी?
- विपक्ष के नेता को चुनने के लिए 6 मई और 19 मई को हुई दो बैठकों में पार्टी के कौन-कौन से लोग मौजूद थे?
- क्या आपको पता है कि कुछ विधायकों ने कहा है कि प्रस्ताव पर उनके हस्ताक्षर नहीं हैं?
- कुछ विधायकों ने ब्लॉक लेटर्स में और दूसरों ने सामान्य लिखावट में हस्ताक्षर क्यों किए?
बंगाल में फर्जी हस्ताक्षर मामला क्या है
बंगाल चुनाव में हार के बाद टीएमसी सुप्रीमों ममता बनर्जी के आवास पर एक बैठक बुलाई गई थी. जिसमें विधानसभा नेता प्रतिपक्ष के चयन को लेकर चर्चा हुई थी. हालांकि इस बैठक में काफी कम विधायक पहुंचे थे. अब आरोप है कि इस मामले में तैयार किए गए दस्तावेजों पर कई विधायकों की गैरमौजूदगी के बावजूद उनके हस्ताक्षर कर दिए गए. इन आरोपों के आने के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया है.
यह भी पढ़ेंः अभिषेक बनर्जी की बढ़ी मुश्किलें, CID ने अब हेट स्पीच मामले में पूछताछ के लिए बुलाया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं