- सुप्रीम कोर्ट ने वकील प्रवीण सिंघल को आपराधिक अवमानना का नोटिस जारी किया है.
- प्रवीण सिंघल ने कोर्ट रूम में CJI के खिलाफ में अपमानजनक टिप्पणी की थी.
- SCBA की याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने 8 जनवरी तक जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है.
सुप्रीम कोर्ट ने CJI जस्टिस सूर्य कांत के खिलाफ कोर्ट रूम में अपमानजनक टिप्पणी करने वाले वकील प्रवीण सिंघल को आपराधिक अवमानना का नोटिस जारी किया है. SCBA यानी सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन की याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने 8 जनवरी तक जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है और अगली सुनवाई पर व्यक्तिगत रूप से पेश होने को कहा है. 18 नवंबर को जस्टिस दीपांकर दत्ता, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA) की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया. बेंच ने कहा कि वह प्रथम दृष्टया इस बात से संतुष्ट है कि संबंधित वकील के खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्यवाही आगे बढ़ाई जानी चाहिए.
'इंस्टाग्राम पर रील...'
सुनवाई के दौरान SCBA अध्यक्ष और सीनियर वकील प्रदीप राय ने कहा कि खुले कोर्ट में इस तरह की अपमानजनक टिप्पणी करना पूरी तरह अस्वीकार्य है. संबंधित वकील SCBA का सदस्य नहीं है. उन्होंने अदालत को बताया कि वकील ने CJI सूर्य कांत को निशाना बनाते हुए इंस्टाग्राम पर एक रील भी पोस्ट की है.
सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने भी SCBA की याचिका का समर्थन किया और कहा कि कोर्ट की गरिमा बनाए रखना जरूरी है
'बेहद निंदनीय और अक्षम्य आचरण...'
अटॉर्नी जनरल आर. वेंकटरमणी ने प्रवीण सिंघल के खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्यवाही शुरू करने के लिए सहमति दी थी. उन्होंने अपने पत्र में वकील के आचरण को बेहद निंदनीय और अक्षम्य बताते हुए कहा था कि यह Contempt of Courts Act की धारा 15(1)(b) के तहत कार्रवाई के लिए उपयुक्त मामला है.
क्या है पूरा मामला?
मामला 16 नवंबर का है. प्रवीण सिंघल CJI सूर्य कांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच के सामने तत्काल सुनवाई की मांग लेकर पहुंचे थे. उन्होंने कहा था कि 2 नवंबर को उन्होंने CJI के दफ्तर में एक मामला पेश किया था, लेकिन 15 दिन बीतने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला.
इस पर सीजेआई ने उन्हें इंतजार करने को कहा, लेकिन वकील ने कथित तौर पर नाराजगी जताते हुए कहा था कि CJI उस कुर्सी पर बैठने के योग्य नहीं हैं और उनमें ईमानदारी नहीं है.
वकील ने कहा था कि आप उस कुर्सी पर नहीं बैठ सकते, आप इसके योग्य नहीं हैं और आपमें ईमानदारी नहीं है. इसके बाद कोर्ट की कार्यवाही की ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग बंद कर दी गई और सुरक्षा कर्मियों ने वकील को कोर्ट रूम से बाहर कर दिया था.
यह भी पढ़ें | विवादों के समाधान के लिए मध्यस्थता को आगे बढ़ाने पर देश साथ आने को इच्छुक: CJI सूर्यकांत
यह भी पढ़ें | CJI सूर्यकांत के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने वाले वकील पर चलेगा अवमानना का मामला
यह भी पढ़ें | CJI के खिलाफ पोस्ट पर SC सख्त, KPCC पदाधिकारियों को नोटिस, 'खुद पर नियंत्रण रखते हैं, इसे कमजोरी न समझा जाए'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं