CJI सूर्यकांत के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने वाले वकील पर आपराधिक अवमानना की कार्रवाई की मांग की गई है. सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन ने CJI के सामने मामला उठाया है. सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA) की सचिव प्रज्ञा बघेल और संयुक्त सचिव मीनेश दुबे ने आज CJI सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच के सामने कल एक वकील द्वारा CJI के खिलाफ की गई अपमानजनक टिप्पणियों का मामला उठाया गया. दोनों पदाधिकारियों ने बेंच को बताया कि संबंधित वकील के खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्यवाही शुरू करने के लिए उन्होंने अटॉर्नी जनरल से सहमति प्राप्त कर ली है. उन्होंने आग्रह किया कि इस मामले को आज सूचीबद्ध निखिल वागले और संजय राउत से जुड़े मामले के साथ टैग किया जाए. इस पर CJI सूर्यकांत ने आश्वासन दिया कि नई याचिका बुधवार को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध की जाएगी. SCBA पदाधिकारियों ने यह भी बताया कि उनके पास संबंधित वकील के ऐसे अन्य वीडियो भी मौजूद हैं, जिनमें उन्होंने CJI सूर्यकांत के खिलाफ इसी तरह की टिप्पणियां की हैं.
बता दें कि सोमवार को सुप्रीम कोर्ट के प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत के खिलाफ बेबुनियाद और अशिष्ट टिप्पणी करने को लेकर एक वकील को सुरक्षाकर्मियों ने कोर्ट रूम से बाहर निकाल दिया था. दोपहर को जैसे ही सीजेआई और न्यूायमूर्ति जॉयमाल्या बागली और न्यायमूर्ति वी मोहना की पीठ कार्यवाही के लिए बैठी वकील ने न्यायपालिका में कथित भ्रष्टाचार से जुड़े मामले में तत्काल सुनवाई का अनुरोध किया. वकील ने आरोप भी लगाया कि 2 नवंबर को इसी मुद्दे पर सीजेआई को ऑफिस को भेजे गए उनके खत का कोई जवाब उन्हें नहीं मिला. वकील ने इस पर तुरंत सुनवाई का आग्रह किया.
इसके बाद न्यायमूर्ति मोहना ने कहा कि आप इस तरह कोई उल्लेखन नहीं कर सकते. वकील जब अपनी बात पर अड़े रहे तो सीजेआई ने कहा कि हम इसे देखेंगे, आप इंतजार करिए. इसके बाद वकील ने सीजेआई के खिलाफ आपत्तिजनकर टिप्पणी करना कथित तौर पर जारी रखा. वकील ने कहा कि नहीं मैं इंतजार नहीं करूंगा. आप उस कुर्सी पर नहीं बैठ सकते, आप इसके हकदार नहीं. इसके बाद अदालत में डिजिटल कार्यवाही थोड़ी देर के लिए रोक दी गई और वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने वकील को कोर्ट रूम से बाहर निकाल दिया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं