विज्ञापन

दिल्ली से डेढ़ घंटे में हरिद्वार-ऋषिकेश, 51 KM का सहारनपुर-रूड़की-हरिद्वार एक्सप्रेसवे 2 महीने में शुरू होगा, चारधाम यात्रा आसान होगी

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का एक लिंक दिल्ली-सहारनपुर-रूड़की-हरिद्वार के तौर पर विकसित हो रहा है. यह ऋषिकेश, चारधाम यात्रा या हर की पैड़ी जाने वालों के लिए वैकल्पिक रास्ता देगा और डेढ़ घंटे में पूरा सफर तय होगा.

दिल्ली से डेढ़ घंटे में हरिद्वार-ऋषिकेश, 51 KM का सहारनपुर-रूड़की-हरिद्वार एक्सप्रेसवे 2 महीने में शुरू होगा, चारधाम यात्रा आसान होगी
Saharanpur Roorkee Haridwar Expressway: दिल्ली-हरिद्वार एक्सप्रेसवे की तैयारी
Gemini Graphics
नई दिल्ली:

दिल्ली-देहरादून के बीच 6 लेन के एक्सेस कंट्रोल्ड एक्सप्रेसवे (NH-709B) का हरिद्वार तक विस्तार होने जा रहा है. दिल्ली से देहरादून आने वाले यात्रियों को सीधे हरिद्वार भेजने के लिए 51 किलोमीटर लंबा बनाया जा रहा है. ये लिंक एक्सप्रेसवे सहारनपुर के सोहनचिड़ा मस्त से चालू होकर रूड़की बाईपास से होते हुए हरिद्वार के बहादराबाद तक जाएगा. सामान्य सड़क रूट से दिल्ली से हरिद्वार जाने में अभी भारी ट्रैफिक के कारण 3 से 4 घंटे लगते हैं. दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे या एनएच 9 के रास्ते बस या कार से 4-5 घंटे तक लग जाते हैं. लेकिन नए एक्सप्रेसवे और हरिद्वार लिंक के खुलने के बाद दिल्ली से हरिद्वार का सफर डेढ़ घंटा रह जाएगा. 

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का हरिद्वार लिंक रूट  क्या है?

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के हरिद्वार तक जाने वाले लिंक को सहारनपुर-रूड़की-हरिद्वार एक्सप्रेसवे कहा जाता है. इस लिंक एक्सप्रेस को आगे चलकर हरिद्वार में नए प्रस्तावित इंटरनेशनल एयरपोर्ट से भी सीधे जोड़ा जाएगा. इससे दिल्ली एयरपोर्ट या हरिद्वार के भावी एयरपोर्ट पर यात्री को सड़क मार्ग का एक विकल्प मिल जाएगा.इससे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से देहरादून जाने का वक्त भी 6-7 घंटे से घटकर दो से ढाई घंटे रह जाएगा. सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने एक कार्यक्रम में मंगलवार को कहा था कि दिल्ली से हरिद्वार रूट दो महीने में पूरी तरह से खोल दिया जाएगा. दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पहले ही वाहनों के लिए खोला जा चुका है. हरिद्वार लिंक रूट हाईस्पीड कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट में से एक है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली-NCR और उत्तराखंड के बीच सुपरफास्ट ट्रेवल का रास्ता इससे साफ होगा. 

सहारनपुर-रूड़की-हरिद्वार एक्सप्रेसवे का पूरा रूट

सहारनपुर-रूड़की-हरिद्वार एक्सप्रेसवे का प्रांरभिक प्वाइंट सहारनपुर का हलजोया, सोहनचिड़ा मस्त है. यह दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के 108वें किलोमीटर पर सहारनपुर में हलजोया,  सोहनचिड़ा मस्त से लिंक रूट होता है. एक्सप्रेसवे आगे बढ़कर गागलहेड़ी के पास से गुजरता है. फिर भगवानपुर को बाईपास करता है. यह रूड़की शहर के उत्तर से एक नया बाईपास बनाता है. गाड़ियां इस बाईपास का उपयोग कर बिना रूड़की शहर में घुसे सीधे निकल जाएंगी. कोर कॉलेज के निकट से गुजरते हुए यह बाईपास रुड़की-हरिद्वार नेशनल हाईवे को इंटरकनेक्ट करता है.  रुड़की बाईपास से आगे बढ़ते हुए यह मार्ग इमलीखेड़ा और धनौरी के समीप से गुजरता है. फिर हरिद्वार के वेस्ट रिंग रोड पर बहादराबाद में खत्म होता है. बहादराबाद पर उतरने के बाद यात्री सीधे हरिद्वार-ऋषिकेश हाईवे पर आ जाएंगे. यहां से हरिद्वार सिटी, हर की पैड़ी और ऋषिकेश या चारधाम यात्रा पर जा सकेंगे.

देश का पहला एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का एक हिस्सा राजाजी नेशनल पार्क से गुजरता है. यहां जानवरों की आवाजाही में दखल से बचने के लिए 14 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर बनाया गया है, जो एशिया का सबसे बड़ा है. जंगल में नीचे से हाथी और जंगली जानवर आवाजाही करेंगे. ऊपर गाड़ियां बिना रुकावट के फर्राटा भर सकेंगी.

हरिद्वार-ऋषिकेश के जाम से छुटकारा

अभी दिल्ली से हरिद्वार या ऋषिकेश जाते वक्त वाहन शहर की सीमा तक तो आसानी से पहुंच जाते हैं, लेकिन शहर के भीतर ही उन्हें घंटों लग जाता है. हरिद्वार बाईपास शुरू होने से दिल्ली, देहरादून से सीधे ऋषिकेश या चारधाम यात्रा के लिए हरिद्वार शहर के भीतर नहीं जाना पड़ेगा. ज्वालापुर, हर की पैड़ी, बहादराबाद चौक में एंट्री नहीं लेनी पड़ेगी. यात्री 10 से 15 मिनट में हरिद्वार शहर के बाहर-बाहर ही आगे निकल जाएंगे. इससे हरिद्वार के स्थानीय लोगों को भी जाम से राहत मिलेगी.

कांवड़ यात्रा और चारधाम यात्रा का सुरक्षित रास्ता

मॉनसून, कांवड़ यात्रा और चारधाम यात्रा के समय वेस्ट यूपी और दिल्ली की सड़कों पर ट्रैफिक थम जाता है. यह नया 6 लेन का एक्सेस कंट्रोल्ड एक्सप्रेसवे भारी भीड़ को अलग रखने का काम करेगा. इससे सड़क हादसों में भारी कमी आएगी. चारधाम यात्रा, कांवड यात्रा के दौरान ज्यादा ट्रैफिक डायवर्जन की जरूरत नहीं पड़ेगी.

ये भी पढ़ें - गौर चौक अंडरपास उद्घाटन को तैयार, गौर सिटी के 30 हजार परिवारों को राहत, ग्रेटर नोएडा से दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे तक तेज रफ्तार

धार्मिक पर्यटन और व्यापार को भारी बढ़ावा

ऋषिकेश, मूसरी, हरिद्वार और पौड़ी गढ़वाल क्षेत्र के पर्यटन को इससे रफ्तार मिलेगी. वेस्ट यूपी के बागपत, शामली, सहारनपुर और रूड़की जैसे शहरों के कारोबारियों को दिल्ली और उत्तराखंड की मंडियों तक सामान पहुंचाने में आसानी के लिए सस्ता कॉरिडोर मिलेगा. यह गंगा के किनारों को जोड़ने का सुपरफास्ट एक्सप्रेसवे होगा.

ये भी पढ़ें - दिल्ली-रेवाड़ी से जयपुर तक 191 KM की नई रेल लाइन, नीमराणा-कोटपूतली समेत इन शहरों को कनेक्टिविटी, अहमदाबाद-मुंबई तक रूट

ये भी पढ़ें - 31 अक्टूबर को मिलेगी 5 नई ट्रेनों की सौगात! दिवाली छठ पर जाने वाले जल्दी देखें वंदे भारत स्लीपर समेत सभी ट्रेनों का रूट

 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Saharanpur Roorkee Haridwar Expressway, Delhi Dehradun Expressway, Delhi Haridwar Distance, Chardham Yatra, Delhi Meerut Expressway
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com