विज्ञापन

सीटों से सम्मान को जोड़ने वाली कांग्रेस को समाजवादी पार्टी ने दिया जवाब, नंबर एक और दो नहीं छोड़ेगी पार्टी

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच गठबंधन और सीट बंटवारे को लेकर मंथन तेज हो गया है. दोनों दलों ने बातचीत के लिए समितियां बनाने का फैसला किया है और सीट शेयरिंग पर अंतिम निर्णय राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव के स्तर पर होगा.

सीटों से सम्मान को जोड़ने वाली कांग्रेस को समाजवादी पार्टी ने दिया जवाब, नंबर एक और दो नहीं छोड़ेगी पार्टी
NDTV

उत्तरप्रदेश चुनाव को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच गठबंधन को लेकर कई तरह की चर्चाएं और अटकलें चल रही है. ये भी सुर्खियों में है कि कांग्रेस ने 181 सीटों की सूची सपा को सौंपी है, हालांकि इसकी कोई पुष्टि नहीं कर रहा है मगर 181 उम्मीदवारों की सूची लेकर दिल्ली में सब घूम रहे हैं. कांग्रेस के तरफ से कई नेताओं के बयान भी सामने आ रहे हैं कि कोई हमें हल्के में मत लें, सम्मान से समझौता नहीं होगा इत्यादि. अब यह तय हुआ है कि प्रियंका गांधी यूपी में सीटों के बंटवारे का मामला देखेंगी.

सोनिया गांधी के किताब 'Belonging' के विमोचन पर जब अखिलेश, राहुल और प्रियंका गांधी की मुलाकात हुई तो यह हुआ कि दोनों तरफ से एक एक कमिटी बना दी जाए. पहले वो बात करें फिर राहुल,प्रियंका और अखिलेश यादव मिलकर अंतिम फैसला कर लेंगे.

कांग्रेस की तरफ से के सी वेणुगोपाल, प्रभारी राजेंद्र गौतम,अध्यक्ष अराधना मोना मिश्रा, इमरान मसूद और शायद प्रियंका गांधी भी मौजूद रह सकती हैं जबकि सपा से राजीव राय,धर्मेंद्र यादव जैसे नामों की चर्चा है. इस कमिटी की मुलाकात 23 और 24 नवंबर यानी अगले हफ्ते ही होनी है.

समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को यह साफ कर दिया है कि सवाल सीटों की संख्या का नहीं, सवाल जीत का है. सपा नेता निजी बातचीत में यह कह रहे हैं कि जिन सीटों पर उनके विधायक अभी जीते हुए हैं और जिन सीटों पर 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा दूसरे नंबर पर रही थी उन सीटों पर कोई बातचीत नहीं होगी.

2022 के विधानसभा चुनाव में सपा 111 सीटों पर जीती थी और 223 सीटों पर नंबर दो पर रही थी. इसका मतलब ये हुआ कि 334 सीटों पर सपा कांग्रेस पर कोई बातचीत नहीं करना चाहती है. अब बचते हैं 69 सीट जो कांग्रेस के लिए बचती है. 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा ने आरएलडी को 33,राजभर को 17 और 4 सीटें अन्य छोटी दलों को भी दिया था.

मगर इस बार जयंत चौधरी और ओम प्रकाश राजभर दोनों बीजेपी के साथ हैं. ऐसे में कांग्रेस के कोटे में 69 सीटें ही आ रही हैं. कांग्रेस के लोकसभा में 6 सांसद हैं और इसे यदि विधानसभा में परिवर्तित करें तो 30 सीटें ही बनती है. 

सेटिंग-गेटिंग का यही फॉर्मूला हर सीटों के बंटवारे में चलता है उस लिहाज से कांग्रेस को अमेठी लोकसभा की अमेठी और गौरीगंज विधानसभा सीटें नहीं मिलेंगी क्योंकि इन दोनों पर सपा का कब्जा है. जबकि रायबरेली लोकसभा में बछरावां,सरेनी,हरचंदपुर और ऊंचाहार सीट पर भी सपा जीती हुई है.

2022 के विधानसभा चुनाव में सपा को 111 सीटें मिली थीं और उसे 64 सीटों का फायदा हुआ था जबकि बीजेपी ने 255 सीटें जीती थीं मगर उसे 57 सीटों का नुकसान हुआ था. 

वहीं कांग्रेस 399 सीटों पर लड़ी थी और उसे केवल 2 सीटें मिली थी. मगर कांग्रेस के नेताओं का कहना है कि 2022 और अब के समय में काफी फर्क आ गया है और बिना राहुल,प्रियंका गांधी के मदद के अखिलेश यादव उत्तरप्रदेश जीत नहीं सकते. 

कांग्रेस को उम्मीद है कि जब अंतिम दौर की बातचीत होगी तो अमेठी,रायबरेली की कुछ सीटें सपा से छोड़ने के लिए कहेगी क्योंकि इन दोनों सीटों से कांग्रेस के सांसद जीते हुए हैं.

एनडीटीवी ने सपा सांसद राजीव राय से बात की तो उन्होंने कहा कि "भाजपा को कैसे हराया जाए इस पर हमारा फोकस होना चाहिए.गठबंधन के बेहतर हित के लिए वैसे उम्मीदवारों को चुनें जो जीत सके.जहां तक गठबंधन में सम्मान की बात है तो सम्मान तभी बचेगा जब भाजपा हारेगी और उत्तरप्रदेश की जनता को निरंकुश,अहंकारी और भ्रष्ट सरकार से मुक्ति मिलेगी."

हालांकि सपा के सभी नेताओं का मानना है कि विधानसभा चुनाव तो गठबंधन के साथ ही लड़ा जाएगा मगर कांग्रेस को कितनी सीटें मिलेगी इस पर अंतिम फैसला राहुल गांधी और अखिलेश यादव ही लेंगे.मगर सपा नेताओं से बात करके लगता है कि कांग्रेस को दिए जाने वाले सीटों का आंकड़ा शायद ही तीन अंकों या कहे 100 को पार कर जाए.

यह भी पढ़ें: गोरखपुर में अखिलेश का CM योगी पर हमला, बोले- ये नकली संत हैं, कैसे बन गए मठ के उत्तराधिकारी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Uttar Pradesh, SP Congress Alliance
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com