- दिल्ली से देहरादून जाने वाले नेशनल हाईवे पर फलौदा और भूराहेड़ी चेक पोस्ट पर दो फ्लाईओवर जल्द शुरू होंगे.
- इन फ्लाईओवरों से 20 से ज्यादा गांवों को भारी ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी और यात्रा का समय कम होगा.
- फलौदा-भूराहेड़ी फ्लाईओवर पुराने NH-58 हाईवे पर बन रहे हैं जो दिल्ली से देहरादून के पुराने रूट का हिस्सा है.
दिल्ली से देहरादून जाने वाले नेशनल हाईवे पर आपकी गाड़ियां अब और रफ्तार पकड़ती हुई नजर आएगी. क्योंकि इस एक्सप्रेसवे के रूट पर मुजफ्फरनगर जिले में फलौदा और भूराहेड़ी चेक पोस्ट पर बन रहे दोनों फ्लाईओवर जल्द ही शुरू होने वाले हैं. जिससे न केवल 20 गांवों को भारी ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी, बल्कि दिल्ली से मुजफ्फरनगर और देहरादून का सफर भी तेज होने वाला है. साथ ही हरिद्वार, ऋषिकेश और उसके आगे चारधाम की यात्रा करने वालों के समय में भी यह दोनों फ्लाईओवर बचत कराएंगे. क्योंकि वाहनों को ट्रैफिक का सामना नहीं करना होगा. जिससे उनकी यात्रा आसान होगी.
दिल्ली-देहरादून हाईवे के लिए फलौदा और भूराहेड़ी अहम
दिल्ली-देहरादून हाईवे पर उत्तराखंड सीमा के बाद भूराहेड़ी पहला गांव है, यानी उत्तराखंड से यूपी में घुसते ही सबसे पहले भूराहेड़ी चेक पोस्ट पड़ता है. यहां से कुछ ही दूरी आपको फलौदा मिलेगा. दोनों ही प्वाइंट संवेदनशील माने जाते हैं. यहां वाहनों की रफ्तार ज्यादा होती है. योजना के तहत, इन दो प्रमुख बिंदुओं को एलिवेटेड स्ट्रक्चर से जोड़ा जा रहा है ताकि मुख्य हाईवे का ट्रैफिक बाधित न हो और स्थानीय ग्रामीण बिना किसी जोखिम के अपनी यात्रा पूरी कर सकें. फलौदा-भूराहेड़ी पर फ्लाईओवर बनने से यहां के लोगों को सबसे ज्यादा फायदा मिलने वाला है. फिलहाल दोनों फ्लाईओवर पर काम अब आखरी चरण में बना हुआ है. एनएचएआई के प्रोजेक्ट इंजीनियरों के मुताबिक हरिद्वार कुंभ से पहले हाईवे के गड्ढों को भरवाकर दुरुस्त कराया जा रहा है. फ्लाईओवर का निर्माण भी तेज गति से किया जा रहा है और इसे जल्द पूरा करा लिया जाएगा.
मुजफ्फरनगर के इन गांवों को मिलेगा फायदा
मुजफ्फरनगर जिले में बनने वाले इन दोनों फ्लाईओवर का सीधा फायदा पुरकाजी ब्लॉक के 20 से ज्यादा गांवों को मिलेगा. यहां की बड़ी आबादी हर दिन हाईवे पार करती है. गन्ना सीजन में तो यहां ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लंबी कतार लग जाती है, फ्लाईओवर बनने से किसानों को गन्ना मिल तक पहुंचाने में भी आसानी होगी और समय की बचत होगी. इसके साथ ही पुरकाजी के व्यापारी, छात्र और नौकरीपेशा लोगों को भी रोज के जाम से मुक्ति मिलेगी. इन गांवों में प्रमुख रूप से यह शामिल हैं.
- फलौदा
- भूराहेड़ी
- पुरकाजी
- शाहपुर
- बिहारीगढ़
- पीनना
- मंसूरपुर
दिल्ली-देहरादून हाईवे का सफर होगा तेज
मुजफ्फरनगर जिले में इन दोनों फ्लाईओवर का निर्माण पूरा होने के बाद दिल्ली से देहरादून का सफर और तेज होगा. हालांकि यहां अक्सर एक कन्फ्यूजन होता है. दिल्ली-देहरादून के लिए दो रूट हैं, एक पुराना NH-58 वाला हाईवे और दूसरा नया दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे. फलौदा-भूराहेड़ी फ्लाईओवर पुराने NH-58 वाले हाईवे पर बन रहे हैं. पुराने रूट पर आप दिल्ली, गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर, पुरकाजी जिसमें फलौदा-भूराहेड़ी आते हैं, इससे आगे रुड़की, हरिद्वार और देहरादून का सफर आसान होता है. इस रूट पर मेरठ से उत्तराखंड सीमा तक करीब 80 किलोमीटर हाईवे को 6 लेन करने की योजना पर भी काम चल रहा है, जिसमें 20 से 22 नए अंडरपास बनेंगे.
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का नया रूट
- दिल्ली
- लोनी (गाजियाबाद)
- खेकड़ा (बागपत)
- बड़ौत (शामली)
- मुजफ्फरनगर
- सहारनपुर
- गणेशपुर
- आशारोड़ी
- देहरादून
नया दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे 213 किलोमीटर लंबा है. यह पूरी तरह से खुल चुका है. 14 अप्रैल 2026 को पीएम मोदी ने इसका उद्घाटन किया है. इसके खुलने से दिल्ली से देहरादून का सफर 6 घंटे से घटकर करीब 2.5 से 3 घंटे का रह गया है. इस एक्सप्रेसवे में 12 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर भी है, जो राजाजी नेशनल पार्क के ऊपर से गुजरता है और एशिया का सबसे लंबा बताया जाता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं