विज्ञापन

गौर चौक अंडरपास तैयार, गौर सिटी, क्रॉसिंग्स रिपब्लिक-सूरजपुर से लेकर ग्रेटर नोएडा और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे तक मिलेगी रफ्तार

गौर चौक अंडरपास तैयार हो गया है. इससे गौर सिटी से नोएडा एक्सटेंशन की ओर जाने वाले लोगों को राहत मिलेगी. गाजियाबाद के विजय नगर, सिद्धार्थ विहार के ताज हाईवे से नोएडा एक्सटेंशन जाने वालों को भी राहत मिलेगी.

गौर चौक अंडरपास तैयार, गौर सिटी, क्रॉसिंग्स रिपब्लिक-सूरजपुर से लेकर ग्रेटर नोएडा और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे तक मिलेगी रफ्तार
Gaur Chowk Underpass: गौर चौक अंडरपास उद्घाटन दिवाली के पहले होगा
Gemini Graphics
नोएडा:

गौर चौक अंडरपास तैयार हो गया है और दिवाली के पहले 5 नवंबर को इसका उद्घाटन हो सकता है. 92 करोड़ के खर्च से यहां 700 मीटर लंबा और 6 लेन का अंडरपास बनाया गया है, जो ताज हाईवे के समानांतर आगे बढ़ेगा. इससे नोएडा, सूरजपुर, क्रॉसिंग रिपब्लिक और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के लाखों यात्रियों का सफर आसान हो जाएगा. ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी में डीजीएम (सिविल) विजय रावल का कहना है कि यह अंडरपास ग्रेटर नोएडा, गौर सिटी और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे को बिना सिग्नल की हाईस्पीड कनेक्टिविटी देगा. अंडरपास की भीतरी दीवारों में गौतम बुद्ध और प्रकृति की शानदार पेंटिंग बनी हैं. 

  • 125 एकड़ में गौर सिटी 1 और गौर सिटी 2 में 30 हजार फ्लैट
  • 1.5 लाख से अधिक आबादी इस गौर सिटी एरिया की

गौर सिटी चौराहे पर ट्रैफिक जाम से मुक्ति

ग्रेटर नोएडा वेस्ट (नोएडा एक्सटेंशन) के अंडरपास का लगभग 98 फीसदी काम हो चुका है. लेन मार्किंग, वॉल पेंटिंग और लाइटिंग का काम भी पूरा होने वाला है. इस अंडरपास में से 350-350 मीटर का हिस्सा जंक्शन के दोनों ओर बना है. गौर सिटी चौराहे को पार करने में 30 मिनट तक लगते हैं. मेट्रो कनेक्टिविटी न होने से कार, कैब और ऑटो ही यहां लोगों का सहारा है, लेकिन अंडरपास वरदान साबित होगा.सितंबर में गौर सिटी चौराहे के ऊपर 130 मीटर चौड़ी सड़क के पुनर्निर्माण का काम भी अब पूरा हो चुका है. अंडरपास में बारिश में पानी न भरे, इसलिए दोनों प्रवेश द्वारों पर शेड लगाए गए हैं. गौर चौक के पास दो नए यू टर्न भी तैयार हैं.विशेषज्ञों का कहना है कि पर्थला फ्लाईओवर के उद्घाटन के बाद वहां जाम कम हुआ था, लेकिन ट्रैफिक का सारा दबाव गौर चौक पर आ गया, लेकिन नया अंडरपास ये संकट दूर करेगा.

नोएडा एक्सटेंशन की 5 लाख की आबादी को राहत

नोएडा-ग्रेटर नोएडा वेस्ट (नोएडा एक्सटेंशन) के सबसे व्यस्त चौराहे पर बना ये अंडरपास करीब 5 लाख की आबादी को ट्रैफिक जाम से राहत देगा. गौर सिटी 1 और गौर सिटी 2 की सबसे बड़ी टाउनशिप के हजारों फ्लैट मालिकों को फायदा मिलेगा. चेरी काउंटी,निराला एस्टेट,ऐस सिटी, पंचशील ग्रीन्स, सुपरटेक इकोविलेज जैसी आवासीय सोसायटी के वाहन आसानी से दूसरे इलाके में जा पाएंगे. गाजियाबाद के विजयनगर, क्रॉसिंग रिपब्लिक और सिद्धार्थ विहार से ग्रेटर नोएडा आने-जाने वाले वाहन चालक बिना रुकावट आवाजाही कर पाएंगे. 

नोएडा का पर्थला सिग्नेचर ब्रिज तक हाईस्पीड कनेक्टिविटी

नोएडा का पर्थला सिग्नेचर ब्रिज फ्लाईओवर पार कर नोएडा के सेक्टर 119-120, 121-122 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट तक सफर आसान होगा. सूरजपुर पुलिस लाइन और कलेक्ट्रेट के वाहनों को बिना किसी रेड लाइट के ताज हाईवे तक सीधा रास्ता मिलेगा.दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और NH-9 से आने वाली गाड़ियां सीधे और तेजी से ग्रेटर नोएडा की तरफ जा सकेंगी. ताज हाईवे के समानांतर यह अंडरपास सूरजपुर और गौर सिटी, गाजियाबाद के बीच का सफर ट्रैफिक सिग्नल मुक्त होगा. 

केस स्टडी: संदीप कुमार मकान बेचने की सोच रहे थे

गौर सिटी के 7 एवेन्यू में संदीप कुमार ने 10 साल पहले फ्लैट खरीदा था और अब वो इसे बेचने की जद्दोजहद में जुटे हैं. नोएडा-ग्रेटर नोएडा के एंट्री प्वाइंट पर प्राइम लोकेशन में बसी गौर सिटी में फ्लैट खरीद कर बसकर दिल्ली एनसीआर में बेस्ट कनेक्टिविटी का सपना ऐसे ही लाखों लोगों ने देखा था. लेकिन यहां गोल चक्कर पर रोजाना सुबह-शाम भारी ट्रैफिक जाम ने उनकी सारी उम्मीदें चकनाचूर कर दीं. लेकिन गौर चौक अंडरपास ने उन्हें नई आस दी है कि शायद यहां के हालात सुधर जाएंगे.  

125 एकड़ की गौर सिटी में 30 हजार फ्लैट

125 एकड़ की दो लाख आबादी वाली गौर सिटी में करीब 30 हजार फ्लैट हैं, यानी करीब इतनी ही कारें. सुबह ऑफिस-स्कूल जाते और शाम को लौटते वक्त लाखों कारों का रेला यहां महाजाम पैदा करता है.ओखला में नौकरी करने वाले संदीप का कहना है कि उन्हें कभी-कभी तो जितना वक्त ऑफिस से गौर चौक पहुंचने में लगता है, उतना ही चौराहे से घर पहुंचने में. लेकिन अब ये शायद नहीं होगा.

6 लेन का एलिवेटेड रोड भी बन रहा

एक मूर्ति चौक पर ट्रैफिक सुधार के  लिए 6 लेन का एलिवेटेड रोड भी बन रहा है. एक मूर्ति चौक के सेक्टर-4 से शाहबेरी और क्रॉसिंग रिपब्लिक से होते हुए वाहन सीधे दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और NH-9 से जुड़ जाएंगे.इस कनेक्टिविटी की डीपीआर भी बन रही है.यहां करीब 1 हजार घरों के रीसेटलमेंट का काम भी हो रहा है. चार मूर्ति से तिगरी गोलचक्कर के बीच करीब 2 किलोमीटर लंबे सर्विस रोड को चौड़ा भी किया गया है ताकि एक मूर्ति और चार मूर्ति के बीच संकरी पुलिया से जाम के हालात न बनें. ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लिए पास ही पार्थला सिग्नेचर ब्रिज के नीचे भी नए 6 लेन अंडरपास का प्रस्ताव है.एक मूर्ति चौक के पास ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी ने 5वें यूटर्न का काम पूरा कर लिया है. यह यू-टर्न 130 मीटर मुख्य रोड पर ट्रैफिक के दबाव को कम करने और बिना जाम में फंसे वाहनों को मोड़ने में मदद कर रहा है.

ये भी पढ़ें - ग्रेटर नोएडा वेस्‍ट में जाम की समस्‍या होगी खत्‍म, गौड़ सिटी चौक पर अंडरपास जल्‍द खुलेगा

ये भी पढ़ें - नोएडा में गौर चौक पर रहेगा भारी ट्रैफिक जाम, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर असर, दिवाली से पहले मिलेगा गिफ्ट

 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gaur Chowk Underpass, Gaur Chowk Underpass Opening Date, Gaur City, Taj Highway Traffic News, Noida Extension
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com