विज्ञापन

'किस्मत से CM बने, अब जनता का ख्याल रखिए...', अपनी ही सरकार पर बरसे कांग्रेस विधायक, तेलंगाना कांग्रेस में कलह

तेलंगाना कांग्रेस में अंदरूनी कलह खुलकर सामने आ गई है. मुनुगोडे से कांग्रेस विधायक कोमाटिरेड्डी राज गोपाल रेड्डी ने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी पर विकास निधि में भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि वह 'किस्मत से मुख्यमंत्री बने हैं' और उन्हें पूरे तेलंगाना का ख्याल रखना चाहिए.

'किस्मत से CM बने, अब जनता का ख्याल रखिए...', अपनी ही सरकार पर बरसे कांग्रेस विधायक, तेलंगाना कांग्रेस में कलह
NDTV

तेलंगाना में सत्तारूढ़ कांग्रेस के भीतर उठ रही नाराजगी अब खुलकर सामने आने लगी है. विकास कार्यों के लिए फंड आवंटन को लेकर पार्टी के विधायक लगातार सवाल उठा रहे हैं और अब मुनुगोडे से कांग्रेस विधायक कोमाटिरेड्डी राज गोपाल रेड्डी ने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी पर सीधा हमला बोल दिया है. उन्होंने मुख्यमंत्री की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए, बल्कि यह तक कह दिया कि रेवंत रेड्डी 'किस्मत से मुख्यमंत्री बने हैं' और उन्हें जनता का ख्याल रखना चाहिए.

मुनुगोडे में पेंशन वितरण कार्यक्रम के दौरान राज गोपाल रेड्डी ने अपने संबोधन में कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा अपने क्षेत्रों के विकास के लिए फंड मांगना कोई गुनाह नहीं है. उन्होंने मुख्यमंत्री पर नाराज़गी जताते हुए पूछा कि जब कोई विधायक अपने क्षेत्र की जरूरतों के लिए धन मांगता है तो उसे धमकाने की बजाय सकारात्मक जवाब क्यों नहीं दिया जाता.

उन्होंने कथित तौर पर मुख्यमंत्री की उस टिप्पणी पर भी पलटवार किया, जिसमें विरोध करने वालों को "कुचल देने" की बात कही गई थी. राज गोपाल रेड्डी ने कहा कि अगर कोई वरिष्ठ कांग्रेस विधायक विकास कार्यों के लिए फंड मांग रहा है तो उसे दबाने या डराने की भाषा इस्तेमाल करना मुनासिब नहीं है.

विधायक ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के विधानसभा क्षेत्र कोडंगल और उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्का के क्षेत्र माधिरा का ज़िक्र करते हुए सरकार की प्राथमिकताओं पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि तेलंगाना केवल कोडंगल और माधिरा तक सीमित नहीं है.

राज गोपाल रेड्डी ने कहा कि सरकार चाहे कोडंगल में 10 हजार करोड़ रुपये खर्च करे या 20 हजार करोड़ रुपये लगाए, उन्हें कोई एतराज नहीं है. लेकिन मुनुगोडे जैसे पिछड़े इलाकों को भी उनका हक मिलना चाहिए. उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि मुनुगोडे के विकास के लिए फंड रोका गया तो यह मुद्दा "एक और कुरुक्षेत्र" बन जाएगा.

विकास परियोजनाओं के ठप होने का आरोप

कांग्रेस विधायक ने आरोप लगाया कि फंड की कमी की वजह से उनके क्षेत्र में कई सड़क और सिंचाई परियोजनाएं ठप पड़ी हैं. उन्होंने चौटुप्पल में प्रस्तावित 100 बिस्तरों वाले अस्पताल की योजना में हो रही देरी पर भी सवाल उठाए. साथ ही फ्लोराइड प्रभावित इलाकों की समस्याओं पर तत्काल ध्यान देने की मांग की.

उन्होंने सरकार के तीन साल के कामकाज पर भी असंतोष जताते हुए कहा कि राज्य की जनता मौजूदा शासन से खुश नज़र नहीं आ रही है.

'मुझे मंत्री पद नहीं चाहिए'

राज गोपाल रेड्डी ने यह भी साफ किया कि उनकी नाराज़गी मंत्री पद न मिलने की वजह से नहीं है. उन्होंने कहा कि वह किसी पद या कुर्सी के पीछे नहीं भाग रहे हैं और उनका परिवार आर्थिक रूप से सक्षम है. उनके मुताबिक, वह राजनीति में गरीबों के लिए आए हैं और जहां भी अन्याय होगा, वहां खुलकर आवाज़ उठाएंगे.

उन्होंने खुद को ईमानदार बताते हुए कहा कि वह जनता के पैसे की हिफाजत करने वाले व्यक्ति हैं, न कि उसे खाने वाले. साथ ही उन्होंने संकेतों में कांग्रेस सरकार के भीतर कथित "कमीशन राज" पर भी सवाल खड़े किए. उनका कहना था कि वह न किसी को कमीशन देते हैं और न लेते हैं.

भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरी सरकार

राज गोपाल रेड्डी ने पिछली बीआरएस सरकार पर भी भ्रष्टाचार के आरोप लगाए. उन्होंने दावा किया कि जिन ठेकेदारों पर पहले अनियमितताओं के आरोप लगे थे, उनमें से कई अब भी मौजूदा सरकार के दौर में काम कर रहे हैं.

यह विवाद ऐसे समय सामने आया है जब कांग्रेस विधायक जे. अनिरुद्ध रेड्डी भी सरकार पर सवाल उठा चुके हैं. अनिरुद्ध रेड्डी ने आरोप लगाया था कि कुछ अधिकारी ठेकेदारों से 10 से 20 प्रतिशत तक कमीशन मांग रहे हैं. इन आरोपों ने सरकार की कार्यप्रणाली और पारदर्शिता को लेकर नई बहस छेड़ दी है.

सत्ता में हिस्सेदारी की नई मांग

उधर कांग्रेस के भीतर सत्ता में हिस्सेदारी को लेकर भी नई चर्चा शुरू हो गई है. खबर है कि ओबीसी नेताओं का एक समूह मौजूदा उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्का के अलावा एक और डिप्टी सीएम बनाने की मांग कर रहा है. बताया जा रहा है कि नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी से मुलाकात कर इस मांग को मंजूरी दिलाने की कोशिश करेगा. इसके साथ ही कैबिनेट विस्तार का मुद्दा भी उठाए जाने की संभावना है.

इस तरह विकास फंड, भ्रष्टाचार के आरोप और सत्ता में हिस्सेदारी की मांग जैसे मुद्दों ने तेलंगाना कांग्रेस के भीतर बढ़ती बेचैनी और अंदरूनी खींचतान को एक बार फिर उजागर कर दिया है.

यह भी पढ़ें: पठानकोट XUV लूट कांड में पुलिस की दबिश तेज, टोल प्लाजा पर दिखी कार; आईजी बोले- जल्द होगा खुलासा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Telangana, Telaangana Congress, Revanth Reddy
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com