दिल्ली-रेवाड़ी से जयपुर के बीच नई रेल लाइन बनाने की तैयारी तेज हो गई है. रेलवे बोर्ड ने नए रेल मार्ग के लिए डीपीआर और फाइनल लोकेशन सर्वे की मंजूरी दे दी है. बीजेपी के जयपुर से सांसद राव राजेंद्र सिंह ने बुधवार को इस मुद्दे को लेकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की. ये नई रेल लाइन सीधे तौर पर हरियाणा और राजस्थान के कई बड़े औद्योगिक क्षेत्रों को जोड़ेगी जो अभी सीधे रेल नेटवर्क से जुड़े नहीं थे. यह रेल लाइन रेवाड़ी जंक्शन से शुरू होती है और राजस्थान के शाहजहांपुर, नीमराणा, बहरोड़, कोटपूतली, पावटा-प्रागपुरा, शाहपुरा होते हुए सीधे जयपुर तक जाएगी. इस रेल लाइन की लंबाई करीब 191 किलोमीटर है. दिल्ली से जयपुर के लिए अलवर-बांदीकुई के पुराने रेल रूट की जगह ये नया वैकल्पिक रेल कॉरिडोर तैयार होगा.
रेवाड़ी-जयपुर रेल लाइन का पूरा रूट
दिल्ली-रेवाड़ी से जयपुर के रेल यात्रियों को अभी के रेल रूट पर भारी ट्रैफिक झेलना पड़ता है, जिससे ट्रेनें लेटलतीफी का शिकार होती हैं. वाया नीमराणा-कोटपूतली के नए रूट से ट्रेनों की लेटलतीफी खत्म होगी. रेलयात्रा के समय में 1 से 1.5 घंटे की बचत होगी. नीमराणा दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर का हिस्सा है. अभी यहां कोई सीधी रेल कनेक्टिविटी नहीं थी. नई रेल लाइन से नीमराणा की कंपनियों और कोटपूतली के बड़े सीमेंट उद्योग को कच्चा माल लाने, ले जाने के लिए सस्ता और तेज रास्ता मिलेगा. इससे ट्रकों से ढुलाई की भारी लागत भी कम होगी.
राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र को बड़ा फायदा
ये नया रेल रूट दिल्ली-जयपुर के यात्रियों के साथ तीन राज्यों को फायदा पहुंचाएगा. दिल्ली से हरियाणा के रेवाड़ी जिले, राजस्थान में जयपुर, गुजरात के अहमदाबाद और महाराष्ट्र में मुंबई की लंबी दूरी की ट्रेनों को एक वैकल्पिक रूट मिलेगा. इससे रेल ट्रैफिक का परिचालन बेहद आसान हो जाएगा. लोगों को रोजगार और पढ़ाई के लिए दिल्ली-जयपुर आना-जाना बहुत आसान हो जाएगा. दिल्ली से रेवाड़ी लाइन के जरिये जयपुर, अहमदाबाद और मुंबई की राजधानी, तेजस जैसी लंबी दूरी की ट्रेनों को एक वैकल्पिक और सुपरफास्ट रूट मिल जाएगा.
केंद्रीय रेल मंत्री श्री @AshwiniVaishnaw जी से मुलाकात कर संसदीय क्षेत्र जयपुर ग्रामीण से जुड़े रेलवे सम्बन्धित विषयों पर चर्चा की। 🛤️दिल्ली-रेवाड़ी से जयपुर तक नई रेल लाइन निर्माण की डीपीआर निर्माण के कार्य पर विस्तृत चर्चा हुई। DPR का कार्य पूरा होते ही नई रेल लाइन परियोजना को स्वीकृति दी जायेगी। 🏬जयपुर-रींगस रेल खंड पर प्रस्तावित रेलवे स्टेशन सुंदरपूरा के साथ रेलवे स्टेशन बधाल के पुनर्विकास एवं कायाकल्प हेतु आग्रह किया, ताकि लाखों श्रद्धालुओं के लिए यात्रा को अधिक सुगम एवं सुविधाजनक बना सके। जिससे कि बधाल से खाटूश्याम जी आने जाने के लिए देशभर के लाखों श्रध्दालुओं को बड़ा लाभ मिलेगा। 🚆रेलवे स्टेशन किशनगढ़-रेनवाल, रेलवे स्टेशन नरैना, रेलवे स्टेशन सांभरलेक सहित जयपुर ग्रामीण के विभिन्न स्टेशनों पर विभिन्न आवश्यक ट्रेनों के ठहराव हेतु विशेष आग्रह किया। 🔸 रेलवे स्टेशन किशनगढ़-रेनवाल को प्रधानमंत्री अमृत भारत स्टेशन योजना में सम्मिलित करते हुए स्टेशन का पुनर्विकास एवं कायाकल्प करने पर सकारात्मक चर्चा हुई। 🛣️रेल मंत्रालय ने आसलपुर-जोबनेर LC-243 पर 4 lane ROB के लिये बजट स्वीकृति दी है, मंत्री महोदय से स्वीकृत ROB के निर्माण कार्य को अतिशीघ्र शुरू करवाए जाने पर चर्चा की। माननीय रेल मंत्री जी ने सभी मांगों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। #JaipurRural #Phulera #Jhotwara #Amer #Kotputli #Jamwaramgarh #Viratnagar #Bansur #Shahpura
— Rao Rajendra Singh (@RaoRajendraBJP) October 28, 2026
जयपुर सांसद ने रेल मंत्री से की मुलाकात
बीजेपी सांसद राव राजेंद्र सिंह ने ट्वीट कर जानकारी दी कि दिल्ली-रेवाड़ी से जयपुर तक नई रेल लाइन निर्माण की डीपीआर पर उनकी रेल मंत्री से चर्चा हुई. DPR बनते ही नई रेल लाइन परियोजना को मंजूरी मिल जाएगी. जयपुर-रींगस रेल सेक्शन पर प्रस्तावित रेलवे स्टेशन सुंदरपूरा के अलावा बधाल रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के लिए भी उन्होंने रेल मंत्री से अनुरोध किया.
बधाल से खाटूश्याम के देशभर के लाखों श्रद्धालुओं को बड़ा लाभ मिलेगा. किशनगढ़-रेनवाल, नरैना और सांभरलेक समेत जयपुर ग्रामीण स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव को लेकर भी चर्चा हुई.
रेल मंत्रालय ने आसलपुर-जोबनेर लाइन पर 4 लेन की ROB के लिए बजट मंजूरी मिल गई है.
ये भी पढ़ें - 31 अक्टूबर को मिलेगी 5 नई ट्रेनों की सौगात! दिवाली छठ पर जाने वाले जल्दी देखें वंदे भारत स्लीपर समेत सभी ट्रेनों का रूट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं