Punjab Paper Leak: पंजाब में कथित पेपर लीक मामलों को लेकर राजनीतिक घमासान अब राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली तक पहुंच गया है. बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने आम आदमी पार्टी (AAP) के दिल्ली स्थित कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर पंजाब सरकार से जवाबदेही और जांच की मांग की. भाजपा का आरोप है कि भगवंत मान सरकार के कार्यकाल में कई भर्ती और शैक्षणिक परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हुए हैं, जिससे लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है. प्रदर्शन को देखते हुए AAP कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया. इस मुद्दे पर भाजपा, शिरोमणि अकाली दल और कांग्रेस लगातार पंजाब सरकार को घेर रहे हैं, जबकि आम आदमी पार्टी सभी आरोपों को निराधार बता रही है.
AAP मुख्यालय के बाहर भाजपा का प्रदर्शन
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के नेतृत्व में भाजपा सांसदों और वरिष्ठ नेताओं ने AAP के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और कथित पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग की. सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने AAP कार्यालय के बाहर अतिरिक्त बल तैनात किया. प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पंजाब में लगातार सामने आ रहे कथित पेपर लीक मामलों ने युवाओं के भविष्य को नुकसान पहुंचाया है.
#WATCH | Delhi: BJP workers hold a protest outside the AAP office over the alleged paper leak in Punjab.
— ANI (@ANI) July 30, 2026
BJP workers demand the resignation of Punjab Education Minister Harjot Singh Bains. pic.twitter.com/FbzNiGG4fb
#WATCH | Delhi: A clash broke out between Police and BJP workers holding a protest outside the AAP office over the alleged paper leak in Punjab.
— ANI (@ANI) July 30, 2026
BJP workers demand the resignation of Punjab Education Minister Harjot Singh Bains. pic.twitter.com/WO14OMVeDk
हर्ष मल्होत्रा ने केजरीवाल को याद दिलाया पुराना बयान
प्रदर्शन के दौरान हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि जब केंद्र में NEET पेपर लीक का मुद्दा उठा था, तब AAP नेताओं ने जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन किया था और कड़ी कार्रवाई की मांग की थी. उन्होंने दावा किया कि मनीष सिसोदिया ने पहले कहा था कि यदि पंजाब में पेपर लीक होगा तो शिक्षा मंत्री की जिम्मेदारी तय होगी. भाजपा का सवाल है कि अब पंजाब में कथित पेपर लीक के आरोपों पर AAP नेतृत्व कार्रवाई क्यों नहीं कर रहा.
#WATCH | दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा, "आज दिल्ली भाजपा के कार्यकर्ता अरविंद केजरीवाल को ये चेताने आए हैं, ये याद दिलाने आए हैं कि जंतर-मंतर पर मनीष सिसोदिया ने कहा था कि यदि पंजाब में पेपर लीक होगा तो हम पंजाब के शिक्षा मंत्री का इस्तीफा लेंगे... पंजाब में 12वीं… https://t.co/Sa4Ktvv79Y pic.twitter.com/kFnVcG342i
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 30, 2026
भाजपा ने मांगा शिक्षा मंत्री का इस्तीफा
पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार कथित पेपर लीक मामलों को गंभीरता से नहीं ले रही है. उन्होंने कहा कि पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री और शिक्षा मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए. भाजपा नेताओं का दावा है कि राज्य में हुए कथित घटनाक्रम ने छात्रों का भरोसा कमजोर किया है. मंगलवार को भी भाजपा सांसदों ने संसद परिसर में प्रदर्शन कर पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के इस्तीफे की मांग की थी.

अकाली दल ने CBI जांच की उठाई मांग
शिरोमणि अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने भी पंजाब सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने AAP सरकार के कार्यकाल में कथित तौर पर हुए 11 परीक्षा घोटालों की CBI जांच कराने की मांग की. अकाली दल का आरोप है कि पंजाब शिक्षक पात्रता परीक्षा (PTET), 12वीं अंग्रेजी परीक्षा और फार्मेसी अधिकारी भर्ती परीक्षा समेत कई परीक्षाएं कथित तौर पर प्रभावित हुई हैं, जिससे लाखों अभ्यर्थियों पर असर पड़ा है.
कांग्रेस ने भी लगाए आरोप
भाजपा और अकाली दल के अलावा कांग्रेस ने भी पंजाब सरकार को घेरा है. कांग्रेस का दावा है कि AAP सरकार के कार्यकाल में कम से कम चार पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं. विपक्षी दलों का आरोप है कि सरकार परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता बनाए रखने में विफल रही है और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है.

AAP ने आरोपों को बताया निराधार
दूसरी ओर, भगवंत मान सरकार और आम आदमी पार्टी ने सभी आरोपों को खारिज किया है. पार्टी का कहना है कि विपक्ष राजनीतिक लाभ के लिए मुद्दे को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहा है. AAP का दावा है कि उसकी सरकार शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी बनाने और भर्ती प्रक्रियाओं को निष्पक्ष रखने के लिए प्रतिबद्ध है.
यह भी पढ़ें : पंजाब में कोई पेपर लीक नहीं हुआ, नकल की कोशिश करने वालों को भी पकड़ा गया: सीएम मान
यह भी पढ़ें : पेपर लीक के मामलों में न्याय कर पाएंगी फास्ट ट्रैक अदालतें, क्या कहता है रिकॉर्ड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं