महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) की तरफ से आयोजित ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा को पेपर लीक के बाद रद्द कर दिया गया था. अब अभ्यर्थी इसे लेकर MPSC चेयरमैन के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. इसी बीच आयोग के चेयरमैन विवेक भीमनवार ने इस पर जवाब दिया है. उन्होंने कहा है कि ड्रग इंस्पेक्टर (ग्रुप-बी) भर्ती परीक्षा का पेपर लीक उनके आयोग का पदभार संभालने से पहले हुआ था और वो उस दौरान MPSC चेयरमैन की कुर्सी पर मौजूद नहीं थे. भीमनवार ने कहा कि ड्रग इंस्पेक्टर परीक्षा से जुड़ी घटना जनवरी 2026 में हुई थी, जबकि उन्होंने 18 फरवरी को MPSC प्रमुख के रूप में जिम्मेदारी ली और 3 मार्च को आधिकारिक तौर पर पदभार लिया था.
आरोपों पर चेयरमैन ने दिया जवाब
पेपर लीक मामले में अपने ऊपर लग रहे आरोपों का जिक्र करते हुए भीमनवार ने कहा, "घटना के समय से जुड़े तथ्यों पर ध्यान देना बेहद जरूरी है. MPSC ने कथित पेपर लीक मामले को गंभीरता से लिया है और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है." इस मामले के सिलसिले में मुंबई पुलिस अब तक 7 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिसमें परीक्षा में 7वीं रैंक हासिल करने वाली एक महिला उम्मीदवार भी शामिल है.
इंटरनल कमेटी का भी गठन
MPSC चेयरमैन ने बताया कि, आयोग ने ऐसी घटनाओं को दोबारा होने से रोकने और सुरक्षा उपायों की सिफारिश करने के लिए एक उच्च स्तरीय इंटरनल कमेटी भी बनाई है. राज्य सरकार ने भी पूरी परीक्षा प्रक्रिया में जरूरी सुधारों के सुझाव देने के लिए अलग से एक उच्च स्तरीय समिति बनाई है. चेयरमैन भीमनवार ने कहा कि पदभार संभालने के बाद से उनका पूरा ध्यान आयोग की परीक्षा और भर्ती प्रक्रियाओं की साख, पारदर्शिता, दक्षता और सुरक्षा को मजबूत करने पर रहा है.
क्या है ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती की टाइमलाइन?
- 29 जुलाई 2025 को ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती का विज्ञापन निकाला गया
- 22 मार्च को महाराष्ट्र के छह संभागीय मुख्यालयों पर ऑफलाइन परीक्षा आयोजित की गई
- रिजल्ट 12 जून को घोषित किया गया, जिसके बाद 506 उम्मीदवार इंटरव्यू के लिए चुने गए
- 488 उम्मीदवार 1 से 22 जुलाई के बीच आयोजित इंटरव्यू में शामिल हुए
- इंटरव्यू पूरे होने के बाद MPSC ने 488 उम्मीदवारों की मेरिट लिस्ट जारी की, जिसमें 485 उम्मीदवारों को नियुक्ति मिली और 3 को अयोग्य घोषित किया गया था.
- 22 से 26 जुलाई के बीच आयोग को पेपर लीक की शिकायतें मिलीं
ये भी पढ़ें - 9वीं से 12वीं के छात्रों को मिलेगी 12 हजार की स्कॉलरशिप, अब 30 सितंबर तक बढ़ी डेडलाइन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं