विज्ञापन

राजनीतिक दलों को अपना एजेंडा उठाने से नहीं रोक सकते... न्यायपालिका के खिलाफ नेताओं के बयान पर बोला सुप्रीम कोर्ट

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि इस याचिका में जिन घटनाओं का उल्लेख किया गया है, उनमें से एक को लेकर जस्टिस दीपांकर दत्ता की अध्यक्षता वाली समकक्ष पीठ पहले ही अवमानना की कार्यवाही शुरू कर चुकी है. अदालत ने कहा कि उचित होगा कि मौजूदा याचिका भी उसी पीठ के सामने रखी जाए.

राजनीतिक दलों को अपना एजेंडा उठाने से नहीं रोक सकते... न्यायपालिका के खिलाफ नेताओं के बयान पर बोला सुप्रीम कोर्ट
नई दिल्ली:

सुप्रीम कोर्ट ने न्यायपालिका के खिलाफ राजनेताओं के कथित आपत्तिजनक बयानों से जुड़े मामले में अहम टिप्पणी की है. अदालत ने कहा कि वो राजनीतिक दलों को अपना एजेंडा उठाने से नहीं रोक सकते. वहीं, याचिकाकर्ताओं की ओर से पेश वरिष्ठ वकील गौरव भाटिया ने दलील दी कि मामला राजनीतिक दलों के एजेंडे का नहीं, बल्कि न्यायपालिका की गरिमा और न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले बयानों का है.

दो वकीलों की ओर से दाखिल याचिका पर सुनवाई हुई. इसमें केंद्र, चुनाव आयोग, कांग्रेस, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, महुआ मोइत्रा, टीएमसी आदि को पक्षकार बनाया गया था.

सुनवाई के दौरान गौरव भाटिया ने कहा कि इस मामले में याचिका दाखिल होने के बाद भी दो और घटनाएं सामने आई हैं. यह बेहद गंभीर मुद्दा है और प्रथम दृष्टया अदालत की अवमानना का मामला बनता है. याचिका का उद्देश्य किसी एक घटना तक सीमित नहीं, बल्कि न्यायपालिका के खिलाफ हो रही टिप्पणियों के व्यापक मुद्दे को उठाना है.

गौरव भाटिया ने कहा कि उनकी याचिका राजनीतिक दलों के खिलाफ नहीं है. कुछ घटनाएं राजनीतिक नेताओं की ओर से हुई हैं, लेकिन याचिकाकर्ताओं की चिंता न्यायपालिका की स्वतंत्रता और न्यायिक प्रशासन पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर है.

इस पर अदालत ने सवाल किया कि अगर याचिका राजनीतिक दलों के बारे में नहीं है तो फिर अलग-अलग घटनाओं को एक साथ क्यों जोड़ा गया है? भाटिया ने जवाब दिया कि याचिका में दर्ज बयानों और घटनाओं को इस नजरिए से देखना जरूरी है कि क्या इनके जरिए न्याय प्रशासन में बाधा पहुंचाने की कोशिश हो रही है. उन्होंने कहा कि कोई व्यक्ति राजनीतिक पद पर हो या न हो, उससे जिम्मेदारीपूर्ण आचरण की अपेक्षा की जाती है.

Latest and Breaking News on NDTV

अनुच्छेद 32 के तहत क्यों आए, संसद में उठाइए मुद्दा: कोर्ट

सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने याचिकाकर्ताओं से पूछा कि वे संविधान के अनुच्छेद 32 के तहत सीधे शीर्ष अदालत क्यों आए हैं. अदालत ने कहा कि इन मुद्दों को संसद में उठाया जाना चाहिए. इस पर गौरव भाटिया ने कहा कि उन्होंने याचिका में छह घटनाओं का उल्लेख किया है. संसद और संविधान के तहत अदालत के भीतर होने वाली कार्यवाही पर चर्चा की सीमाएं हैं, लेकिन अदालत के बाहर न्यायपालिका और उसके पदाधिकारियों के खिलाफ दिए जाने वाले बयानों को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. उन्होंने एक वकील की ओर से भारत के मुख्य न्यायाधीश के पद को लेकर की गई टिप्पणी का भी उल्लेख किया.

महुआ मोइत्रा की सोशल मीडिया पोस्ट का भी जिक्र

गौरव भाटिया ने याचिका में शामिल घटनाओं का उल्लेख करते हुए दो सांसदों और एक पत्रकार के बयानों का भी जिक्र किया. उन्होंने तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा की 12 अक्टूबर की सोशल मीडिया पोस्ट का हवाला दिया. भाटिया ने कहा कि यह पोस्ट उस घटना के बाद की गई थी, जब कुछ राजनीतिक लोग सुप्रीम कोर्ट परिसर में दाखिल हुए थे और वहां नारेबाजी हुई थी. उन्होंने बताया कि इस घटना से संबंधित मामले में सुप्रीम कोर्ट पहले ही नोटिस जारी कर चुका है. उन्होंने अदालत से आग्रह किया कि याचिका में उठाए गए व्यापक मुद्दे पर भी नोटिस जारी किया जाए.

मामला जस्टिस दीपांकर दत्ता की पीठ के सामने रखने का निर्देश

सुनवाई के अंत में सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि इस याचिका में जिन घटनाओं का उल्लेख किया गया है, उनमें से एक को लेकर जस्टिस दीपांकर दत्ता की अध्यक्षता वाली समकक्ष पीठ पहले ही अवमानना की कार्यवाही शुरू कर चुकी है. अदालत ने कहा कि उचित होगा कि मौजूदा याचिका भी उसी पीठ के सामने रखी जाए, ताकि दोनों मामलों पर एक ही पीठ विचार कर सके. इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने रजिस्ट्री को निर्देश दिया कि याचिका से संबंधित कागजात उचित आदेश के लिए भारत के मुख्य न्यायाधीश के समक्ष रखे जाएं.

इसे भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट में CJI के खिलाफ टिप्पणी की निंदा, पूर्व जजों और वरिष्ठ वकीलों ने जताई कड़ी आपत्ति

इसे भी पढ़ें: 'पहले AQI नीचे आने दीजिए...', पत्नी से विवाद के बाद बेटे को दिल्ली बुलाने की पिता की मांग पर SC जज ने चुटकी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Political Parties, Supreme Court Remarks, Gaurav Bhatia Bjp
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com