- समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने सरकार आने पर अग्निवीर योजना को खत्म करने का ऐलान किया है
- कांग्रेस नेताओं ने योजना की आलोचना करते हुए पुरानी सेना भर्ती व्यवस्था को फिर से स्थापित करने की बात कही है
- कांग्रेस और सपा अग्निवीर योजना के खिलाफ एकमत हैं और नियमित सेना व्यवस्था बहाल करने की वकालत की है
अग्निवीर योजना को लेकर एक बार फिर राजनीतिक बहस तेज हो गई है. सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि उनकी सरकार बनने पर योजना को हमेशा के लिए खत्म कर दिया जाएगा. अखिलेश के इस ऐलान का कांग्रेस ने भी समर्थन किया है. कांग्रेस नेता इमरान मसूद और अजय राय ने योजना की आलोचना करते हुए पुरानी सैन्य भर्ती व्यवस्था बहाल करने की मांग की है. वहीं बिहार सरकार में मंत्री रामकृपाल यादव और मंत्री दिलीप जायसवाल ने इसे विपक्ष की राजनीति बताया और कहा कि अग्निवीर योजना जनता में स्वीकार्य है. इस मुद्दे पर विपक्ष और बीजेपी के बीच नई सियासी जंग छिड़ गई है.
अग्निवीर योजना को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर कांग्रेस ने पूरी सहमति जताई है. अखिलेश यादव ने कहा था कि अगर सपा को सत्ता में आने का मौका मिला, तो वे अग्निवीर जैसी व्यवस्था को हमेशा के लिए समाप्त कर देंगे.

सेना का पुराना गौरव फिर से स्थापित हो- कांग्रेस
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अजय राय ने अग्निवीर योजना को देश के लिए हितकर नहीं बताया और कहा कि इस योजना को खत्म करके सेना के पुराने गौरव को फिर से स्थापित किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि जो कोई भी व्यक्ति सेना में जाता है, वह सेना के लिए काम करता है, तो वह निश्चित तौर पर समर्पण के भाव से जाता है. वह नौकरी करने नहीं जाता कि उसे तनख्वाह मिल रही है, बल्कि वह समर्पण के भाव से जाता है और देश के लिए, इस मिट्टी के लिए काम करता है. इसलिए यह योजना खत्म होनी चाहिए और सेना का जो गौरव था, उसे पूरी तरह से फिर से स्थापित किया जाना चाहिए, जो कांग्रेस के समय में बनाई गई व्यवस्था के तहत था.

अग्निवीरों के सामने चौकीदारी करने की मजबूरी- इमरान मसूद
अखिलेश यादव के सत्ता में आने पर अग्निवीर योजना समाप्त करने के ऐलान पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि यह योजना खत्म कर दी जाएगी. उन्होंने अग्निवीर योजना की आलोचना करते हुए कहा कि सरकार ने युवाओं को रोजगार देने के बजाय उन्हें दिहाड़ी मजदूर बनाने का काम किया है. उन्होंने कहा कि चार साल की नौकरी के बाद युवाओं के सामने चौकीदारी करने की मजबूरी होगी. मसूद ने कहा कि युवाओं को इस तरह का रोजगार स्वीकार नहीं है.
कांग्रेस के उठाए मुद्दे पर पूरा गठबंधन साथ- सुरेंद्र राजपूत
वहीं कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि वे अखिलेश यादव के बयान से पूरी तरह सहमत हैं. उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर इंडिया गठबंधन एकमत है. राहुल गांधी ने अग्निवीरों की समस्या को सबसे पहले उठाया था और तब से गठबंधन लगातार इस योजना का विरोध कर रहा है. राजपूत ने कहा कि अग्निवीर जैसी संविदा आधारित व्यवस्था से भारतीय सेना नहीं चल सकती. भारतीय सेना का आदर, मान-सम्मान और व्यावसायिक दक्षता दुनिया में अद्वितीय है. ऐसे में सेना को ठेके पर चलाने की सोच ही गलत है.

उन्होंने कहा कि अग्निवीर योजना के तहत युवाओं को केवल छह साल के लिए भर्ती किया जाता है. एक युवा 17 साल की उम्र में सेना में जाता है और 23 साल की उम्र में वापस आ जाता है. इसके बाद उसके भविष्य का कोई भरोसा नहीं रहता. कई युवा किसी बहुराष्ट्रीय कंपनी या निजी सिक्योरिटी एजेंसी में गार्ड बनकर रह जाते हैं. उन्होंने कहा कि इस तरह की योजनाओं को आने वाले समय में पूरी तरह निरस्त किया जाएगा और सेना की मांग के अनुसार ही नियमित सेना व्यवस्था बहाल की जाएगी, जैसी पहले थी. उन्होंने कहा कि जिस सेना ने अपने शौर्य और पराक्रम से पाकिस्तान के दो टुकड़े किए थे और ऑपरेशन सिंदूर में दुश्मन को धूल चटाई थी, उसका मनोबल ऐसी योजनाओं से कमजोर होता है.
अधर में अग्निवीरों का भविष्य- उदित राज
वहीं, कांग्रेस नेता उदित राज ने भी अखिलेश यादव के रुख का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा अग्निवीर उत्तर प्रदेश से हैं. अभी तक केवल 25 प्रतिशत अग्निवीरों को ही सेना में स्थायी रूप से रखा गया है. 75 प्रतिशत अग्निवीरों के भविष्य पर अभी भी तलवार लटकी हुई है. उनका कार्यकाल दो साल के लिए बढ़ाया गया है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकला है. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव का जो स्टैंड है, वही कांग्रेस का स्टैंड है. कांग्रेस और समाजवादी पार्टी दोनों इस मुद्दे पर एक साथ हैं.

अखिलेश के बयान पर भाजपा का पलटवार
इधर अग्निवीर योजना को लेकर अखिलेश यादव के बयान पर भाजपा ने पलटवार किया है. बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने अग्निपथ योजना को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अब लोगों ने इस योजना को स्वीकार कर लिया है और समझ लिया है कि सरकार का फैसला सही था. उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव इस मुद्दे पर केवल राजनीति कर रहे हैं. अखिलेश पर तंज कसते हुए रामकृपाल ने कहा कि क्या वह कभी प्रधानमंत्री बन पाएंगे? उनके मुताबिक, अखिलेश यादव मुख्यमंत्री भी नहीं बन पाएंगे और मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं.
वहीं मंत्री दिलीप जायसवाल ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की अग्निवीर योजना को लेकर की गई टिप्पणी पर कहा कि विपक्ष के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है. समाजवादी पार्टी का काम केवल लोगों को भड़काना और गुमराह करने वाला प्रचार करना रह गया है. केंद्र सरकार अग्निवीरों की चिंताओं से अवगत है और उनके हितों का ध्यान रख रही है. ऐसे में अखिलेश यादव को बयान देकर लोगों को गुमराह करने की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा कि अग्निवीर योजना को लेकर देश में पहले ही काफी चर्चा हो चुकी है. विपक्ष बिना किसी ठोस मुद्दे के केवल राजनीतिक बयानबाजी कर रहा है.
इसे भी पढ़ें: अग्निवीर 4 साल बाद कर सकेंगे शादी! दूसरे कार्यकाल में मिलेगी छूट, जानिए क्या हैं नए नियम
इसे भी पढ़ें: एक साथ भर्ती हुए अग्निवीर हो जाएंगे सीनियर-जूनियर, क्या सैलरी पर भी पड़ेगा असर?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं