- अदालत ने सिंगापुर में बेटे से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बातचीत की और पिता को समय-समय पर मिलने का सुझाव दिया
- जज जेबी पारदीवाला ने कहा कि सिंगापुर की हवा साफ है इसलिए दिल्ली का AQI पहले कम होना चाहिए, जिससे मुस्कान आई
- वरिष्ठ वकील ने भी AQI से बचने सिंगापुर जाने की बात कही, जज ने मजाक में अगले जन्म में जाने का जवाब दिया
सुप्रीम कोर्ट में बुधवार को एक वैवाहिक विवाद और बच्चों की कस्टडी से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान दिल्ली की खराब हवा पर दिलचस्प चर्चा देखने को मिली. सुनवाई के दौरान जस्टिस जेबी पारदीवाला ने राजधानी के एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) पर हल्के-फुल्के अंदाज में टिप्पणी की, जिससे अदालत का माहौल कुछ देर के लिए खुशनुमा हो गया.
बच्चों की कस्टडी विवाद पर हो रही थी सुनवाई
जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस केवी विश्वनाथन की पीठ एक अवमानना याचिका पर सुनवाई कर रही थी. दिल्ली में रहने वाले एक पिता ने आरोप लगाया था कि उनकी अलग रह रही पत्नी अदालत के आदेश के बावजूद बच्चों को सिंगापुर ले गईं, जिससे उनके मुलाकात संबंधी अधिकार प्रभावित हुए.
सुनवाई के दौरान अदालत ने पति-पत्नी और सिंगापुर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े उनके बेटे से सीधे बातचीत की. पीठ ने पिता को सुझाव दिया कि वह समय-समय पर सिंगापुर जाकर बेटे से मिलें. साथ ही लंदन में रह रही बेटी को भी कुछ समय के लिए बुलाने का सुझाव दिया गया ताकि पिता और दोनों बच्चों के रिश्ते बेहतर हो सकें.
AQI पर जज की टिप्पणी से छाई मुस्कान
पिता ने अदालत के सुझाव का स्वागत करते हुए कहा कि स्कूल की छुट्टियों में उनका बेटा दिल्ली भी आ सके तो अच्छा रहेगा. इस पर जस्टिस जेबी पारदीवाला ने कहा, "कुछ रास्ता निकालिए, लेकिन पहले AQI थोड़ा नीचे आने दीजिए क्योंकि सिंगापुर की हवा बहुत साफ है." जज की इस टिप्पणी पर अदालत में मौजूद लोगों के बीच हल्की मुस्कान फैल गई.
वरिष्ठ वकील ने भी ली चुटकी
इस दौरान वरिष्ठ वकील सिद्धार्थ लूथरा ने भी मजाकिया अंदाज में कहा, "AQI से बचने के लिए हमें भी सिंगापुर चले जाना चाहिए." इस पर जस्टिस पारदीवाला ने तुरंत जवाब दिया, "अगले जन्म में… अपने अगले जन्म में." अदालत में हुई इस हल्की-फुल्की बातचीत ने गंभीर कानूनी सुनवाई के बीच कुछ पल के लिए माहौल को हल्का कर दिया.
यह भी पढ़ें | सुप्रीम कोर्ट में CJI के खिलाफ टिप्पणी की निंदा, पूर्व जजों और वरिष्ठ वकीलों ने जताई कड़ी आपत्ति
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं