- यूपी चुनाव को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेता दिल्ली में सीट बंटवारे पर दो दिन की औपचारिक बैठक करेंगे
- कांग्रेस यूपी की 403 विधानसभा सीटों में से 100 से अधिक सीटों की मांग कर रही है
- समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को लगभग 55 सीटों का प्रस्ताव दिया है और जीत को प्राथमिकता बता रही है
उत्तर प्रदेश चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेताओं की पहली औपचारिक बैठक आज दिल्ली में दोपहर 12 बजे होगी. राजधानी में कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी के घर पर होने वाली ये बैठक दो दिन चलेगी. बैठक में दोनों दलों के चार-चार नेता शामिल होंगे. कांग्रेस की कमिटी में यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष इमरान मसूद और विधायक दल के नेता वीरेंद्र चौधरी हैं. वहीं समाजवादी पार्टी की कमिटी में पार्टी महासचिव रामगोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद राजीव राय और सांसद इकरा हसन का नाम शामिल है.
अटकलों के उलट प्रियंका गांधी बैठक में शामिल नहीं होंगी. प्रियंका पर्दे के पीछे से कमान संभाल रही हैं. सूत्रों के मुताबिक यूपी की 403 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस 100 से ज़्यादा सीटें चाहती है, लेकिन समाजवादी पार्टी को इसके लिए राजी करना आसान नहीं होगा.
कांग्रेस की मांग 100 पार, A ग्रेड की करीब 60 सीटों पर नज़र
उच्च सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस करीब 55-60 'A ग्रेड' यानी गठबंधन के समीकरण के लिहाज से मजबूत सीटों की मांग करेगी. कांग्रेस को अंदाजा है कि उसे समाजवादी पार्टी करीब 40-45 ऐसी सीटें ज़रूर ऑफर करेगी, जहां बीजेपी की स्थिति मजबूत है. ऐसे में कांग्रेस अपने खाते में करीब 60 ऐसी सीट ज़रूर चाहती है जहां जीतने की पूरी संभावना हो. कांग्रेस की नज़र उन विधानसभा सीटों पर है जहां 2024 के लोकसभा चुनाव में उसे बढ़त मिली थी या मामूली अंतर था. इसके अलावा कांग्रेस दलित-मुस्लिम-ब्राह्मण के अपने पुराने फार्मूले के आधार वाली सीटों पर भी दावा ठोकेगी.

2017 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को करीब 105 सीटें दी थीं. कांग्रेस इसीलिए 100 पर ज़ोर दे रही है. बीते लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में यूपी की 80 सीटों में से 17 सीटों पर चुनाव लड़ा था. इस फार्मूले से भी कांग्रेस को 85 (17 गुना 5) से ज्यादा सीटों की अपेक्षा है.
ज़्यादा सीटों को लेकर कांग्रेस की दलील क्या है?
सीट बंटवारे की बातचीत में शामिल रहने वाले एक कांग्रेस नेता ने NDTV से कहा कि हमारे लिए बात सीट और जीत दोनों की है. कांग्रेस को जीतने वाली सीटें भी चाहिए और सीटों की सम्माजनक संख्या भी होनी चाहिए ताकि कांग्रेस गैर यादव-मुस्लिम वोटरों ख़ास तौर पर दलित, ब्राह्मण और अति पिछड़ी जातियों को आकर्षित कर सके. बहरहाल अति उत्साह में कांग्रेस 181 सीटों की सूची समाजवादी पार्टी को भेज दी थी.
समाजवादी पार्टी ने दिया 55 सीटों का ऑफर?
अखिलेश यादव का साफ़ कहना है कि बात सीट की नहीं जीत की है. समाजवादी पार्टी के लिए यह चुनाव “करो या मरो” का है. समाजवादी पार्टी के एक सांसद ने कहा कि यूपी में कांग्रेस के पास कोई अपना वोट बैंक नहीं है. पिछले विधानसभा चुनाव में उसे केवल दो सीटें और दो प्रतिशत वोट हासिल हुआ था. ऐसे में उसे गठबंधन में ज़्यादा सीटें हासिल करने के चक्कर में पड़ने की बजाय उन सीटों की मांग करनी चाहिए जहां बीते दो विधानसभा चुनावों में उसे अपेक्षाकृत बेहतर प्रदर्शन किया है और जहां उसके पास मज़बूत नेता हों. सूत्रों के मुताबिक समाजवादी पार्टी ने करीब 55 सीटों की एक सूची कांग्रेस को भेजी भी है.

कहां फंसेगा पेंच?
सहारनपुर देहात, बेहट, अमेठी, रायबरेली की सीटों का पेंच दोनों दल कैसे सुलझाते हैं, इस पर नज़रें रहेंगी. इन सीटों पर पिछली बार समाजवादी पार्टी ने चुनाव जीता था. सहारनपुर की दोनों सीटों पर कांग्रेस के स्थानीय सांसद और कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष इमरान मसूद ने दावा ठोक दिया है. अमेठी-रायबरेली की सीटों से गांधी परिवार की प्रतिष्ठा जुड़ी है. कांग्रेस ने 181 सीटों की जो सूची समाजवादी पार्टी को भेजी थी, उनमें इन जिलों की सारी सीटें शामिल थीं.
कैसे बनेगी बात?
दोनों दलों के शीर्ष नेता यानी अखिलेश यादव और राहुल गांधी में पूरा तालमेल है. 16 नवंबर को दोनों नेताओं ने शुरुआती चर्चा कर भी ली है. ऐसे में उम्मीद है कि हर पेंच सुलझा लिया जाएगा. बीच का एक फ़ार्मूला यह हो सकता है कि कुछ सीटों पर कांग्रेस की टिकट पर समाजवादी पार्टी के नेता चुनावी लड़ें.
इसे भी पढ़ें: कांग्रेस के 5 और सपा के 4 नेता करेंगे सीटों का फैसला, कल मीटिंग; किस तरफ से कौन-कौन रहेगा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं