भारत अपने पड़ोसी देश नेपाल को पानी-बिजली, रेल लाइन के साथ उसके बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए काफी मदद कर रहा है. अरबों डॉलर की परियोजनाएं भारत की मदद से नेपाल में चल रही हैं. भारत नेपाल में कई जल विद्युत परियोजनाएं चला रहा है. गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे, रक्सौल-काठमांडू रेल लाइन, मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी-सोनबरसा फोरलेन जैसे प्रोजेक्ट यूपी,उत्तराखंड और बिहार बॉर्डर से जुड़े नेपाल तक हाईस्पीड कनेक्टिविटी दे रहा है.भारत पड़ोसी मुल्क में कई जलविद्युत परियोजनाओं के जरिये अगले 10 वर्षों में नेपाल से 10 हजार मेगावाट बिजली खरीदेगा. नेपाल ने बिजली बेचकर पिछले साल 1800 करोड़ रुपये की आय की है.
गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे का रूट
भारतमाला परियोजना चरण-2 के तहत 519 किलोमीटर लंबा 4 लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे हैं. ये घनी आबादी से अलग नेपाल सीमा के समानांतर उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल को जोड़ेगा. यूपी में गोरखपुर-कुशीनगर में 84 किमी, बिहार में 416 किमी का रूट है. इसमें गोपालगंज, शिवहर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, किशनगंज, अररिया शामिल है. बंगाल में 19 किमी के रूट में दार्जिलिंग, सिलीगुड़ी कनेक्ट होगा.
मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी-सोनबरसा फोरलेन
केंद्र सरकार ने 3590 करोड़ के 82.57 किमी लंबे फोर लेन हाईवे अपग्रेड को मंजूरी दी है.ये सड़क बिहार के मुजफ्फरपुर को सीधे नेपाल सीमा पर सोनबरसा और भिठ्ठामोड़ लैंड पोर्ट से जोड़ेगी. इससे भी नेपाल-भारत के बीच आवाजाही बेहतर होगी. साहेबगंज-अरेराज-बेतिया के 79 किमी लंबे फोरलेन प्रोजेक्ट में पटना से बेतिया और नेपाल बॉर्डर तक हाईस्पीड कनेक्टिविटी मिलेगी.
सोनौली-गोरखपुर फोरलेन का चौड़ीकरण
नेपाल जाने वाले पर्यटकों के लिए उत्तर प्रदेश का सोनौली (Sonauli) बॉर्डर गेट सबसे व्यस्त रूट है. गोरखपुर के जंगल कौड़िया से सोनौली बॉर्डर तक फोरलेन रोड के चौड़ीकरण का काम लगभग पूरा हो चुका है. यूपी से नेपाल के सिद्धार्थनगर और भगवान बुद्ध की जन्मस्थली लुंबिनी तक का सफर आसान होगा. नेपाल के तराई क्षेत्र में भारत-नेपाल बॉर्डर के समानांतर 975 किमी लंबे सबसे पुराने हाईवे को भारत अपग्रेड कर रहा है. भारत-नेपाल सीमा पर स्थित कोइलाबास से नेपाल के लमही को जोड़ने वाले 33.5 किमी के रोड को भारत मजबूत कर रहा है.
भारत-नेपाल बॉर्डर पर कई रोड
भारत-नेपाल सीमा के समानांतर यूपी, बिहार और उत्तराखंड के राज्यों में 1377 किलोमीटर लंबे बॉर्डर पर कई रोड प्रोजेक्ट चल रहे हैं.नेपाल से सटे बिहार के सात सीमावर्ती जिलों पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सुपौल, सीतामढ़ी, मधुबनी, अररिया और किशनगंज को जोड़ने वाली सड़कें 80 फीसदी बन चुकी हैं. उत्तर प्रदेश और नेपाल का बॉर्डर 640 किमी का है. इसमें लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर और महाराजगंज जिलों से रोड कनेक्टिविटी बेहतर की जा रही है.
भारत-नेपाल की जलविद्युत परियोजनाएं
नेपाल की सबसे बड़ी पनबिजली परियोजना 900 MW की अरुण-3 है, जिसे भारत की SJVN बना रही है. लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना 669 और अरुण-4 490 मेगावॉट के प्रोजेक्ट भी भारत चला रहा है.750 MW की वेस्ट सेती और 450 MW की सेती नदी-6 परियोजनाओं को भारत की NHPC लिमिटेड तैयार कर रही है. फुकोट करनाली जलविद्युत परियोजना भी 480 MW की है., जोNHPC और नेपाल कंपनी बना रही है. महाकाली संधि के तहत 6720 MW की पंचेश्वर बांध परियोजना दोनों देशों के बीच पानी के बंटवारे पर तेजी से कवायद हो रही है.
रेल लाइन कनेक्टिविटी बढ़ाने पर जोर
दोनों देशों के बीच कई रेल लाइनों पर काम हो रहा है. इसमें जयनगर-कुर्था-बिजलपुरा-बरदीबास रेल लिंक अहम है. ये बिहार के जयनगर से नेपाल के बिजलपुरा को आगे बरदीबास तक विस्तार दिया जा रहा है.जोगबनी-विराटनगर रेल लिंक रेल सेवा शुरू हो रही है. रक्सौल-काठमांडू ब्रॉड गेज रेलवे लाइन काठमांडू को सीधे भारतीय रेल नेटवर्क से जोड़ेगी और सीधे दिल्ली तक सफर आसान होगा. अयोध्या-जनकपुर धाम ट्रेन रामायण सर्किट के तहत अयोध्या और जनकपुर के बीच नई सीधी यात्री ट्रेन सेवा सरयू कमला एक्सप्रेस आज शुरू हो रही है.
मोतिहारी-अमलेखगंज पेट्रोलियम पाइपलाइन
भारत के मोतिहारी से नेपाल के अमलेखगंज तक दक्षिण एशिया की पहली सीमा पार पेट्रोलियम पाइपलाइन है. इसके दूसरे चरण में चितवन तक विस्तार हो रहा है.सिलीगुड़ी-झापा पेट्रोलियम पाइपलाइन भी अहम है. इसमें पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी को पूर्वी नेपाल के झापा से नई पेट्रोलियम पाइपलाइन से जोड़ा जा रहा है. सीमा पार व्यापार की आसानी के लिए बीरगंज, विराटनगर और नेपालगंज में इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट चालू हैं. भैरहवा और दोधारा चांदनी में ऐसे चेक पोस्ट बन रहे हैं.
भारत और नेपाल में बिजली कनेक्टिविटी
गोरखपुर-बुटवल ट्रांसमिशन लाइन 400 किलोवाट की है. पावरग्रिड इंडिया और नेपाल विद्युत प्राधिकरण इस सीमा पार ट्रांसमिशन लाइन काम कर रहा है. 400 kV की मुजफ्फरपुर-ढालकेबार लाइन में भारत-नेपाल बिजली खरीद में अहम साबित हुई है.नेपाल ने बिजली निर्यातक देश के तौर पर साल 2025-26 में भारत से 1800 करोड़ रुपये कमाए हैं. बालेन शाह नई दिल्ली दौरे में पोखरा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे और भैरहवा के गौतम बुद्ध अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के सफल संचालन और कनेक्टिविटी के लिए भारत से मदद मांग सकते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं